हिमाचल प्रदेश प्राकृतिक आपदा प्रभावित क्षेत्र घोषित, केंद्र से मदद मांगने सीएम दिल्ली रवाना, पढ़ें HP की 10 बड़ी खबरें

punjabkesari.in Saturday, Aug 19, 2023 - 05:56 AM (IST)

शिमला (ब्यूरो): राज्य के निचले और मध्य पहाड़ी भागों में कुछ स्थानों पर आगामी 48 घंटों के दौरान हल्की से मध्यम बारिश जारी रहने की संभावना है। हिमाचल प्रदेश को प्राकृतिक आपदा प्रभावित घोषित कर दिया गया है। मुख्यमंत्री ठाकुर सुखविंदर सिंह अपने सिरमौर दौरे के बाद दिल्ली के लिए रवाना हो गए हैं। वर्ष 1988 बैच के आईएफएस अधिकारी राजीव कुमार राज्य के प्रधान वन मुख्य अरण्यपाल (हॉफ) होंगे। मुख्यमंत्री सुखविंदर सिंह ने कहा कि प्रदेश में बनने वाली सभी सड़कों में ड्रेनेज और क्रॉस ड्रेनेज बनाना अनिवार्य किया जाएगा। हिमाचल में सामने आए बहुचर्चित पुलिस कांस्टेबल भर्ती पेपर लीक केस में सीबीआई ने तीसरी एफआईआर दर्ज की है। शिमला के समरहिल स्थित शिव मंदिर हादसे के बाद पांचवे दिन के रैस्कयू ऑप्रेशन में 2 और शव बरामद किए गए हैं। सोशल मीडिया पर पैसा कमाने के चक्कर में कांगड़ा के एक व्यक्ति को 20.35 लाख रुपए गंवाने पड़े हैं। ऑनलाइन सट्टेबाजी के चक्कर में करीब 10 लाख रुपए लुटाने के बाद एक एमबीए पास युवक अपराध की तरफ मुड़ गया। मंडी जिला के उपमंडल बल्ह में तिरपाल आबंटन को लेकर हुए हंगामे मामले में विधायक नाचन के खिलाफ सरकारी कार्य में बाधा डालने और सरकारी कर्मचारी को धमकाने के खिलाफ एफआईआर दर्ज हो गई है। नालागढ़ में फोर्ट रोड पर कंपनी के पास पुरानी रंजिश के चलते युवक पर हमला करने के मामले में पुलिस ने 4 आरोपियों को गिरफ्तार किया है।

पढ़ें हिमाचल की बड़ी खबरें सिर्फ यहां

हिमाचल में 21 अगस्त से फिर भारी बारिश की चेतावनी
राज्य के निचले और मध्य पहाड़ी भागों में कुछ स्थानों पर आगामी 48 घंटों के दौरान हल्की से मध्यम बारिश जारी रहने की संभावना है। मौसम विज्ञान केंद्र शिमला के अनुसार प्रदेश में 21 अगस्त से बारिश की गतिविधि वितरण और तीव्रता में बढ़ने की संभावना है और 24 अगस्त तक राज्य के कई हिस्सों में बारिश जारी रहेगी।

हिमाचल प्रदेश प्राकृतिक आपदा प्रभावित क्षेत्र घोषित, अधिसूचना जारी
हिमाचल प्रदेश को प्राकृतिक आपदा प्रभावित घोषित कर दिया गया है। प्रधान सचिव राजस्व ओंकार चंद शर्मा की तरफ से इसको लेकर राजस्व विभाग (आपदा प्रबंधन) की तरफ अधिसूचना जारी कर दी गई है। मुख्यमंत्री सुखविंदर सिंह ने पत्रकारों से अनौपचारिक बातचीत के दौरान कहा कि अब तक राज्य को प्राकृतिक आपदा से करीब 10000 करोड़ रुपए नुक्सान हो चुका है, ऐसे में केंद्र सरकार से अंतरिम राहत की पहली किस्त मिलने का इंतजार किया जा रहा है। 

केंद्र से मदद मांगने के लिए सीएम सुखविंदर सिंह दिल्ली रवाना
मुख्यमंत्री ठाकुर सुखविंदर सिंह अपने सिरमौर दौरे के बाद दिल्ली के लिए रवाना हो गए हैं। मुख्यमंत्री शनिवार को निजी कार्यक्रम में हिस्सा लेंगे तथा 21 अगस्त को उनकी प्रदेश वापसी हो सकती है। अपने दिल्ली दौरे के दौरान वह केंद्रीय गृह मंत्री अमित शाह और केंद्रीय वित्त मंत्री निर्मला सीतारमण से मुलाकात कर सकते हैं। 

वन विभाग को मिला नया मुखिया, सरकार ने आईएफएस राजीव कुमार को सौंपा दायित्व
वर्ष 1988 बैच के आईएफएस अधिकारी राजीव कुमार राज्य के प्रधान वन मुख्य अरण्यपाल (हॉफ) होंगे। विशेष चयन समिति की सिफारिश पर सरकार ने उन्हें इस पद का दायित्व सौंपा है। राजीव कुमार बीते 5 माह से इस पद का अतिरिक्त कार्यभार देख रहे थे। उन्हें वीके तिवारी के सेवानिवृत्त होने के बाद प्रधान मुख्य अरण्यपाल का दायित्व सौंपा गया है। 

हिमाचल में बनने वाली सभी सड़कों में ड्रेनेज व क्रॉस ड्रेनेज बनाना अनिवार्य 
मुख्यमंत्री सुखविंदर सिंह ने कहा कि प्रदेश में बनने वाली सभी सड़कों में ड्रेनेज और क्रॉस ड्रेनेज बनाना अनिवार्य किया जाएगा। इसकी निगरानी के लिए एक उच्च स्तरीय कमेटी और निगरानी टीमें भी गठित की जाएंगी। मुख्यमंत्री यहां उच्च स्तरीय बैठक की अध्यक्षता कर रहे थे। सीएम ने कहा कि ड्रेनेज और क्रॉस ड्रेनेज न होने के कारण सड़कें क्षतिग्रस्त हो जाती हैं। 

पुलिस कांस्टेबल पेपर लीक केस में CBI ने दर्ज की तीसरी FIR
हिमाचल में सामने आए बहुचर्चित पुलिस कांस्टेबल भर्ती पेपर लीक केस में केंद्रीय जांच ब्यूरो (सीबीआई) ने तीसरी एफआईआर दर्ज की है। केंद्र सरकार की मंजूरी के बाद तीसरी एफआईआर भी सीबीआई की स्टेट क्राइम ब्रांच चंडीगढ़ में पंजीकृत की गई है। सूचना के अनुसार जिला सोलन के अर्की पुलिस स्टेशन में दर्ज मामले को आधार बनाकर सीबीआई ने विभिन्न धाराओं के तहत केस दर्ज किया है। 

समरहिल शिव मंदिर हादसे में मलबे से 2 और शव बरामद, मृतकों की संख्या पहुंची 16
शिमला के समरहिल स्थित शिव मंदिर हादसे के बाद पांचवे दिन के रैस्कयू ऑप्रेशन में 2 और शव बरामद किए गए हैं, जिससे मरने वालों की संख्या का आंकड़ा 16 हो गया है। एक बाजू भी मिला है, जिसके धड़ की तलाश की जा रही है। शुक्रवार को पांचवे दिन बचाव कार्य के बीच सुबह के वक्त किन्नौर निवासी शंकर सिंह नेगी का तो शाम के वक्त अविनाश नेगी का शव शव बरामद हुआ। 

कांगड़ा के व्यक्ति से ऑनलाइन ठगी, शातिरों ने लगाया 20.53 लाख रुपए का चूना
सोशल मीडिया पर पैसा कमाने के चक्कर में कांगड़ा के एक व्यक्ति को 20.35 लाख रुपए गंवाने पड़े हैं। जानकारी के अनुसार जिला कांगड़ा से संबंध रखने वाले एक व्यक्ति को सोशल मीडिया पर घर बैठे ऑनलाइन माध्यम से कमाई करने का ऑफर आया। इस दौरान पीड़ित व्यक्ति ने पहले कुछ रुपए लगा दिए और ऑनलाइन माध्यम से इसे ज्वाइन कर लिया।

युवक पर चाकू से हमला करने वाला पुलिस ने मोहाली से किया गिरफ्तार
ऑनलाइन सट्टेबाजी के चक्कर में करीब 10 लाख रुपए लुटाने के बाद एक एमबीए पास युवक अपराध की तरफ मुड़ गया। पैसे के चक्कर में उसने कुछ दिनों पहले ऑफिसर कालोनी में एक युवक पर चाकू से वार करके उसे घायल भी कर दिया। एसपी गौरव सिंह ने इस पूरे मामले का खुलासा करते हुए जानकारी दी।

सरकारी कार्य में बाधा डालने व कर्मचारी को धमकाने पर विधायक के खिलाफ FIR दर्ज
मंडी जिला के उपमंडल बल्ह में तिरपाल आबंटन को लेकर हुए हंगामे मामले में विधायक नाचन विनोद कुमार के खिलाफ सरकारी कार्य में बाधा डालने और सरकारी कर्मचारी को धमकाने के खिलाफ एफआईआर दर्ज हो गई है। पुलिस ने यह एफआईआर संयुक्त पटवारी एवं कानूनगो को महासंघ के जिला प्रधान दीनानाथ शर्मा की शिकायत पर दर्ज की है।

नालागढ़ गोलीकांड मामले में 4 आरोपी हरियाणा से गिरफ्तार
नालागढ़ में फोर्ट रोड पर कंपनी के पास पुरानी रंजिश के चलते मोटरसाइकिल सवार युवक पर हमला करने के मामले को पुलिस ने 24 घंटे के भीतर सुलझाते हुए 4 आरोपियों को गिरफ्तार कर लिया। इस मामले में घायल युवक का पीजीआई चंडीगढ़ में इलाज चल रहा है। यह हमला गत महीने हुए झगड़े का बदला लेने के लिए किया गया।


सबसे ज्यादा पढ़े गए

Content Writer

Vijay

Related News