हाटी बिल को राष्ट्रपति की स्वीकृति, दिल्ली में कांग्रेस राष्ट्रीय अध्यक्ष से मिले CM सुखविंदर सिंह, पढ़ें HP की 10 बड़ी खबरें

punjabkesari.in Sunday, Aug 06, 2023 - 05:54 AM (IST)

शिमला (ब्यूरो): राष्ट्रपति द्रौपदी मुर्मू ने संसद के दोनों सदनों की तरफ से पारित किए गए हाटी बिल (तीसरा संवैधानिक संशोधन, हिमाचल प्रदेश) को स्वीकृति प्रदान कर दी है। मुख्यमंत्री सुखविंदर सिंह अपने नई दिल्ली दौरे के दौरान वरिष्ठ कांग्रेस नेता राहुल गांधी एवं राष्ट्रीय महासचिव प्रियंका वाड्रा से मुलाकात के बाद पार्टी के राष्ट्रीय अध्यक्ष मल्लिकार्जुन खरगे से मिले। गिरिपार क्षेत्र के सतौन-श्री रेणुका जी सड़क पर टिक्कर खड्ड में पहाड़ी से अचानक हुए भूस्खलन की चपेट में आने से एक स्कूली बच्चा गंभीर रूप से घायल हो गया। चम्बा-तीसा मार्ग पर इंडनाला के पास खैरी से चम्बा आ रही एक निजी बस हादसे का शिकार हो गई। केंद्र सरकार की अग्निवीर योजना के तहत भर्ती हुए 108 जवान कठिन प्रशिक्षण पूर्ण कर भारतीय सेना में शामिल हुए। पुलिस ने मणिकर्ण और बंजार में 3 तस्करों को करीब डेढ़ किलोग्राम चरस की खेप के साथ गिरफ्तार किया है। सनौरा-नेरीपुल-छैला सड़क पर नेईनटी के पास जीप दुर्घटना में एक व्यक्ति की मौत हो गई। लाहौल-स्पीति जिला में पुलिस ने नाकाबंदी के दौरान एक ट्रक में अवैध तरीके से जाई जा रही शराब की 100 पेटियां बरामद की हैं। हिमाचल पुलिस ने अंतर्राज्यीय नशा तस्करी के एक सरगना को गिरफ्तार किया है। कुल्लू-मनाली हाईवे पर 15 मील के पास ब्यास नदी में गिरने से एक युवक तेज बहाव में बह गया।

पढ़ें हिमाचल की बड़ी खबरें सिर्फ यहां

हाटी बिल को राष्ट्रपति द्रौपदी मुर्मू की स्वीकृति, गिरीपार क्षेत्र में उत्सव जैसा माहौल
राष्ट्रपति द्रौपदी मुर्मू ने संसद के दोनों सदनों की तरफ से पारित किए गए हाटी बिल (तीसरा संवैधानिक संशोधन, हिमाचल प्रदेश) को स्वीकृति प्रदान कर दी है। इससे सिरमौर जिला के गिरिपार क्षेत्र की 154 पंचायतों में रहने वाले अढ़ाई लाख से अधिक हाटियों को अनुसूचित जनजाति का वैधानिक दर्जा मिल गया है। अनुसूचित जनजाति के दर्जे की मांग पिछले करीब 55 वर्षों से की जा रही थी, जिस पर मुहर लगने से गिरिपार क्षेत्र में उत्सव जैसा माहौल है। 

दिल्ली में पार्टी के राष्ट्रीय अध्यक्ष मल्लिकार्जुन खरगे से मिले सीएम
मुख्यमंत्री सुखविंदर सिंह अपने नई दिल्ली दौरे के दौरान वरिष्ठ कांग्रेस नेता राहुल गांधी एवं राष्ट्रीय महासचिव प्रियंका वाड्रा से मुलाकात के बाद पार्टी के राष्ट्रीय अध्यक्ष मल्लिकार्जुन खरगे से मिले। सूत्रों के अनुसार उन्होंने जहां कांग्रेस के राष्ट्रीय अध्यक्ष को हिमाचल प्रदेश में बरसात के कारण आई प्राकृतिक आपदा से अवगत करवाया, वहीं सत्ता-संगठन से जुड़े विषयों पर भी चर्चा की। 

सतौन-श्री रेणुका जी सड़क पर भूस्खल की चपेट में आने से मलबे में दबा स्कूली छात्र
गिरिपार क्षेत्र के सतौन-श्री रेणुका जी सड़क पर टिक्कर खड्ड में पहाड़ी से अचानक भूस्खलन हो गया। इसकी चपेट में आने से एक स्कूली बच्चा गंभीर रूप से घायल हो गया। घायल बच्चे को 108 एंबुलेंस की सहायता से सिविल अस्पताल पांवटा साहिब लाया गया। जहां पर बच्चे का उपचार चल रहा है।

चम्बा-तीसा मार्ग पर पटे टूटने से पहाड़ी से टकराई बस
चम्बा-तीसा मार्ग पर इंडनाला के पास शनिवार सुबह खैरी से चम्बा आ रही एक निजी बस के पटे टूट गए। इससे बस अनिंयत्रित होकर सड़क किनारे पहाड़ी से टकरा गई। गनीमत रही कि बस में सवार किसी भी यात्री को किसी प्रकार की चोट नहीं आई। चालक की सूजबूझ से बड़ा हादसा टल गया। बस में करीब 45 यात्री सवार थे। घटना के दौरान बस में सवार यात्रियों में चीखोपुकार मच गई। 

अग्निवीर के प्रथम बैच में भारतीय सेना को मिले 108 जवान
सुबाथू छावनी में शनिवार को 14 गोरखा प्रशिक्षण केंद्र के सलारिया स्टेडियम में अग्निवीर जवानों के प्रथम बैच की पासिंग आऊट परेड का आयोजन किया गया। केंद्र सरकार की अग्निवीर योजना के तहत भर्ती हुए 108 जवान कठिन प्रशिक्षण पूर्ण कर भारतीय सेना में शामिल हुए। इससे पहले सेना के धर्मगुरु ने जवानों को देश की रक्षा की शपथ दिलाई। 

मणिकर्ण और बंजार में डेढ़ किलो चरस के साथ मंडी व बिलासपुर के 3 तस्कर गिरफ्तार
पुलिस ने मणिकर्ण और बंजार में 3 तस्करों को करीब डेढ़ किलोग्राम चरस की खेप के साथ गिरफ्तार किया है। आरोपियों के खिलाफ पुलिस ने मादक द्रव्य अधिनियम के तहत मामले दर्ज किए हैं। आरोपियों से पुलिस पूछताछ कर रही है। पुलिस के अनुसार पहले मामले में मणिकर्ण में हाईडल प्रोजैक्ट के पास एसआईयू की टीम ने 2 तस्करों को 1.22 किलोग्राम चरस के साथ पकड़ा। 

सनौरा-नेरीपुल-छैला रोड पर 150 फुट गहरी खाई में गिरी जीप, एक की मौत
सनौरा-नेरीपुल-छैला सड़क पर नेईनटी के पास एक पिकअप जीप के दुर्घटनाग्रस्त होने से उसमें सवार एक व्यक्ति की मौके पर ही मौत हो गई जबकि एक व्यक्ति गंभीर रूप से घायल हो गया। हादसे की पुष्टि उप पुलिस अधीक्षक अरुण मोदी ने की है। उन्होंने बताया कि पिकअप जीप नेरीपुल से सनोरा की ओर जा रही थी कि अचानक नेईनटी के पास अनियंत्रित होकर सड़क से 150 फुट नीचे खाई में जा गिरी। 

लाहौल-स्पीति में शराब की 100 पेटियाें से भरा ट्रक पकड़ा
लाहौल-स्पीति जिला में पुलिस द्वारा नशे के विरुद्ध चलाई जा रही मुहिम के तहत एक बड़ी सफलता हाथ लगी है। पुलिस ने पागलनाला-सिस्सु में नाकाबंदी के दौरान एक ट्रक में अवैध तरीके से जाई जा रही शराब की 100 पेटियां बरामद की हैं। जानकारी के अनुसार एएसआई ओम प्रकाश प्रभारी पुलिस चौकी कोकसर की अगुवाई में टीम ने पागलनाला-सिस्सु में नाकाबंदी की हुई थी।

अंतर्राज्यीय नशा तस्करी का सरगना अमृतसर से गिरफ्तार
हिमाचल पुलिस ने अंतर्राज्यीय नशा तस्करी के एक सरगना को गिरफ्तार किया है। पुलिस ने 4 दिन पहले 261 ग्राम चिट्टा व 52 हजार रुपए की ड्रग्स मनी सहित गिरफ्तार किए गए आरोपी से पुलिस रिमांड के दौरान की गई पूछताछ के दौरान हुए खुलासे के आधार पर ये गिरफ्तारी की है। 

कबाड़ इकट्ठा करते समय ब्यास नदी में बहा युवक
कुल्लू-मनाली हाईवे पर 15 मील के पास ब्यास नदी में गिरने से एक युवक तेज बहाव में बह गया। प्रत्यक्षदर्शियों के अनुसार युवक ब्यास नदी में कबाड़ इकट्ठा कर रहा था तो इसी दौरान नदी में गिर गया। लोगों ने बताया कि उन्होंने एक युवक को नदी के तेज बहाव में बहते हुए देखा जो शायद तैरना भी जानता था मगर तेज बहाव के कारण बहता चला गया। 


सबसे ज्यादा पढ़े गए

Content Writer

Vijay

Related News