कलियुगी पति ने बेलन से भेद डाले पत्नी के नाजुक अंग, दिल्ली में PM Modi से मिले CM सुखविंदर सिंह, पढ़ें HP की 10 बड़ी खबरें
punjabkesari.in Saturday, Aug 05, 2023 - 06:08 AM (IST)

शिमला (ब्यूरो): हिमाचल में फिर से भारी बारिश को लेकर मौसम विभाग ने यैलो अलर्ट जारी कर दिया है। शहर में एक व्यक्ति ने अपनी पत्नी के साथ हैवानियत की सारी हदें पार कर डालीं। मुख्यमंत्री सुखविंदर सिंह ने अपने नई दिल्ली दौरे के दौरान शुक्रवार को प्रधानमंत्री नरेंद्र मोदी से मुलाकात की। कुल्लू जिला के तहत रघुपुर गढ़ की पहाड़ियों के आसपास दोपहर बाद बादल फटने की घटना सामने आई है। वरिष्ठ कांग्रेस नेता राहुल गांधी हिमाचल प्रदेश के बाढ़ प्रभावित क्षेत्रों का दौरा करने आ सकते हैं। पीडब्ल्यूडी धर्मपुर के एक्सियन ने ठेकेदार के खिलाफ धोखाधड़ी और जालसाजी का मामला दर्ज करवाया है जोकि पूर्व मंत्री महेंद्र ठाकुर का दामाद बताया जा रहा है। जुब्बल-नावर-कोटखाई विधानसभा क्षेत्र के टिक्कर बाजार में इंसानियत को शर्मसार करने का मामला सामने आया है। चक्की मोड़ में लगातार हो रहे भूस्खलन के चलते चंडीगढ़-शिमला राष्ट्रीय उच्च मार्ग पर शनिवार को भी वाहनों की आवाजाही बंद रहेगी। वहीं मंडी जिला में 6 मील के पास भी भूस्खलन होने के चलते चंडीगढ़-मनाली नैशनल हाईवे एक बार फिर से बंद हो गया है। पुलिस जिला बद्दी के तहत शुक्रवार को चौथे दिन लगातार दुष्कर्म का मामला आया है।
पढ़ें हिमाचल की बड़ी खबरें सिर्फ यहां
हिमाचल में 2 दिन भारी बारिश का यैलो अलर्ट जारी
हिमाचल में फिर से भारी बारिश को लेकर मौसम विभाग ने यैलो अलर्ट जारी कर दिया है। मौसम विभाग केंद्र शिमला के अनुसार 5 व 6 अगस्त तक मानसून फिर सक्रिय रहेगा। इस दौरान किन्नौर और लाहौल-स्पीति को छोड़कर अन्य सभी 10 जिलों में बारिश की चेतावनी दी गई है। प्रदेश वासियों को उफनते हुए नदी-नालों व लैंडस्लाइड संभावित क्षेत्रों और गैर-जरूरी यात्राएं टालने की एडवाइजरी दी गई है।
कलियुगी पति की हैवानियत, बेलन से भेद डाले पत्नी के नाजुक अंग
शहर में एक व्यक्ति ने हैवानियत की सारी हदें पार कर दीं। उक्त व्यक्ति ने अपनी पत्नी के साथ जबरदस्ती शारीरिक संबंध बनाए व फिर उसके नाजुक अंगों को लकड़ी के बेलन से भेद दिया। इस हैवानियत को अंजाम देने के बाद वह मौके पर से फरार हो गया। महिला के बेटे ने पुलिस चौकी पहुंच कर बताया कि उसके पिता ने उसकी मां के साथ मारपीट की है, जिस पर पुलिस मौके पर पहुंची।
दिल्ली में PM Modi से मिले CM सुखविंदर सिंह
मुख्यमंत्री सुखविंदर सिंह ने अपने नई दिल्ली दौरे के दौरान शुक्रवार को प्रधानमंत्री नरेंद्र मोदी से मुलाकात की। इस मुलाकात के दौरान मुख्यमंत्री ने हाल ही में राज्य में भारी बारिश एवं बाढ़ से हुई जानमाल की क्षति के बारे में प्रधानमंत्री को अवगत करवाया। उन्होंने कहा कि राज्य में भारी बारिश से सड़कों और पुलों के बह जाने, जलापूर्ति योजनाओं, सिंचाई योजनाओं, विद्युत आपूर्ति लाइनों सहित सार्वजनिक एवं निजी संपत्ति का बड़े स्तर पर नुक्सान हुआ है।
कुल्लू में रघुपुर गढ़ की पहाड़ियों के पास बादल फटा
कुल्लू जिला के तहत रघुपुर गढ़ की पहाड़ियों के आसपास दोपहर बाद बादल फटने की घटना सामने आई है। प्रत्यक्षदर्शी विक्रम, संजय व रूप सिंह ने जानकारी देते हुए बताया कि रघुपुर गढ़ की पहाड़ियों के पास बहुत बड़ा धमाका हुआ और देखते ही देखते जिभी खड्ड में पानी का स्तर बहुत बढ़ गया। जिभी खड्ड में जैसे ही बाढ़ आई तो जोर-जोर की आवाजें आने लगीं।
हिमाचल में बाढ़ प्रभावित क्षेत्रों का दौरा करने आ सकते हैं राहुल गांधी
मुख्यमंत्री ठाकुर सुखविंदर सिंह ने शुक्रवार को दिल्ली में वरिष्ठ कांग्रेस नेता राहुल गांधी और पार्टी महासचिव प्रिंयका वाड्रा से मुलाकात की। इस दौरान उन्होंने प्रदेश में बाढ़ से हुए नुक्सान और सरकार द्वारा चलाए जा रहे राहत एवं पुर्नवास कार्यों की विस्तृत जानकारी दी। उन्होंने दोनों नेताओं से अलग-अलग मुलाकात की। राहुल गांधी ने मुख्यमंत्री से कहा कि वह स्वंय हिमाचल प्रदेश के बाढ़ प्रभावित क्षेत्रों का दौरा करना चाहते हैं।
पूर्व मंत्री महेंद्र ठाकुर के दामाद के खिलाफ धोखाधड़ी का मामला दर्ज
पीडब्ल्यूडी धर्मपुर के एक्सियन ने ठेकेदार के खिलाफ धोखाधड़ी और जालसाजी का मामला दर्ज करवाया है। पुलिस में दर्ज करवाई गई शिकायत में एक्सियन विवेक शर्मा ने आरोप लगाया कि एक्सियन पीडब्ल्यूडी धर्मपुर के जाली हस्ताक्षर करवा कर 6.88 लाख रुपए की एफडीआर अपने खाते में जमा करवा ली। ठेकेदार पूर्व मंत्री महेंद्र सिंह का दामाद बताया जा रहा है।
हिमाचल में आई आपदा के कारण लटकी भर्ती प्रक्रिया
शिक्षा मंत्री रोहित ठाकुर का कहना है कि पूर्व सरकार के कार्यकाल में लंबित कई मामलों पर कांग्रेस सरकार ने निर्णय लिए हैं। सरकार ने शिक्षा विभाग में 12 हजार खाली पदों में से 6 हजार पदों को भरने की स्वीकृति दी। उन्होंने कहा है कि 2500 पदों को प्रमोशन व बैचवाइज से भरा गया है और 6 हजार पदों को भरने की प्रक्रिया भी अब जल्द शुरू कर दी जाएगी।
पहले पिटाई कर बच्चे को किया निर्वस्त्र, फिर आंखों में मिर्ची पाऊडर डाला
जुब्बल-नावर-कोटखाई विधानसभा क्षेत्र के टिक्कर बाजार में इंसानियत को शर्मसार करने का मामला सामने आया है। सूचना के अनुसार यहां एक स्थानीय दुकानदार ने 15 वर्षीय बच्चे की पिटाई करते हुए बीच बाजार में उसे निर्वस्त्र कर दिया। इतना ही नहीं, दुकानदार ने इसके बाद बच्चे की आंखों में मिर्ची पाऊडर डाल दिया, ऐसे में काफी समय तक बच्चा दर्द से कहराता रहा है और मौके पर मौजूद लोग मूकदर्शक बने रहे।
चक्की मोड़ में भूस्खलन जारी, चंडीगढ़-शिमला NH पर वाहनों की आवाजाही बंद
चंडीगढ़-शिमला राष्ट्रीय उच्च मार्ग पर शनिवार को भी वाहनों की आवाजाही बंद रहेगी। चक्की मोड़ में पहाड़ से लगातार हो रहे भूस्खलन से एनएच को बहाल करने में बाधा उत्पन्न हो रही है। इसके कारण कई बार कार्य को बंद करना पड़ रहा है। शुक्रवार को हुई बारिश ने खूब खलल डाला। स्थिति यह है कि आगे-आगे जेसीबी मशीन सड़क बना रही है और पीछे-पीछे पहाड़ से मलबा गिर रहा है।
बद्दी में एक और दुष्कर्म, उद्योग मालिक ने नाबालिग कर्मचारी को बनाया गर्भवती
पुलिस जिला बद्दी के तहत शुक्रवार को चौथे दिन लगातार दुष्कर्म का मामला आया है। जानकारी के मुताबिक औद्योगिक क्षेत्र बद्दी की एक फार्मा कंपनी में कार्यरत नाबालिग लड़की के साथ उद्योग मालिक ने दुष्कर्म किया है। महिला पुलिस थाना बद्दी में पीड़िता के पिता की शिकायत पर व्यक्ति के खिलाफ मामला दर्ज कर लिया गया है।
6 मील के पास फिर हुआ लैंडस्लाइड, चंडीगढ़-मनाली NH यातायात के लिए बंद
6 मील के पास चंडीगढ़-मनाली नैशनल हाईवे एक बार फिर से बंद हो गया है। आज शाम करीब 5 बजे भारी बारिश के दौरान पहाड़ी से भारी मात्रा में मलबा हाईवे पर आ गिरा, जिस कारण हाईवे यातायात के लिए पूरी तरह से बंद हो गया है। अब यह हाईवे रात भर बंद रहेगा और सुबह मौसम साफ रहने पर ही खुल पाएगा। बता दें कि आज सुबह भी यह हाईवे 5 घंटों तक बंद रहा था और 9 बजे यातायात के लिए बहाल हो सका था।