विक्रमादित्य ने यात्रा के लिए हिमाचल काे बताया सेफ, सेना पर टिप्पणी को लेकर जयराम ने घेरे कांग्रेस नेता, पढ़ें HP की 10 बड़ी खबरें
punjabkesari.in Sunday, Jul 30, 2023 - 06:10 AM (IST)

शिमला (ब्यूरो): हिमाचल के कई क्षेत्रों में ऑरैंज अलर्ट के बीच झमाझम बारिश जारी है। मलाणा-2 पावर प्रोजैक्ट के डैम के गेट अभी तक नहीं खुले हैं और बाढ़ का पानी ओवरफ्लो होकर ऊपर से बह रहा है। लोक निर्माण विभाग मंत्री विक्रमादित्य सिंह ने यात्र के लिए हिमाचल को सुरक्षित बताया है। वहीं नेता प्रतिपक्ष एवं पूर्व मुख्यमंत्री जयराम ठाकुर ने सेना पर टिप्पणी को लेकर कांग्रेस नेताओं को घेरा है। राज्यपाल शिव प्रताप शुक्ल 31 जुलाई को राजभवन में वरिष्ठ अधिवक्ता रंजन शर्मा, बिपिन चंद्र नेगी और न्यायिक अधिकारी राकेश कैंथला को पद व गोपनीयता की शपथ दिलाएंगे। हिमाचल प्रदेश से पंजाब को बड़े पैमाने पर बिरोजा तस्करी का खेल बदस्तूर जारी है। यूपी एसटीएफ और बिसरख पुलिस ने हाथी दांत की तस्करी में इंटरस्टेट स्मगलर गैंग के 2 सदस्यों को गिरफ्तार किया है। बंगाणा उपमंडल के गांव बही तलमेहड़ा की सिमरन धीमान ने कम्प्यूटर साइंस इंजीनियरिंग डिप्लोमा कोर्स के घोषित परीक्षा परिणाम में पूरे प्रदेश में प्रथम स्थान प्राप्त किया है। बिगड़ती कानून व्यवस्था और माफिया के खिलाफ भाजपा मंडल ऊना ने विधायक सतपाल सत्ती की अगुवाई में सांकेतिक धरना-प्रदर्शन किया और रोष मार्च निकाला। खड़ामुख-होली मार्ग पर एक दर्दनाक हादसा पेश आया है।
पढ़ें हिमाचल की बड़ी खबरें सिर्फ यहां
हिमाचल में 2 दिन यैलो अलर्ट, जानिए कब तक खराब रहेगा माैसम
हिमाचल के कई क्षेत्रों में ऑरैंज अलर्ट के बीच झमाझम बारिश जारी है। स्थिति यह है कि जगह-जगह भूस्खलन के चलते सैंकड़ों सड़कों पर वाहनों की आवाजाही ठप्प है। वहीं कई जलापूर्ति योजनाएं व बिजली ट्रांसफार्मर भी बाधित हैं। सोमवार रात को भारी बारिश से हुए भूस्खलन से नैशनल हाईवे-5 वाहनों की आवाजाही के लिए बाधित हो गया।
मलाणा-2 डैम के नहीं खुले गेट, बाढ़ का पानी अभी भी ओवरफ्लो
मलाणा-2 पावर प्रोजैक्ट के डैम के गेट अभी तक नहीं खुले हैं और बाढ़ का पानी ओवरफ्लो होकर ऊपर से बह रहा है, इससे निचले इलाके के लोग दहशत में हैं। लोगों का कहना है कि प्रोजैक्ट प्रबंधन की लापरवाही से ऐसा हुआ है। प्रबंधन को पहले ही अलर्ट रहना चाहिए था, ऐसी समस्या नहीं आने देनी चाहिए थी। पूरे प्रकरण में लोग प्रोजैक्ट प्रबंधन के खिलाफ लामबंद हैं।
त्रासदी से उभरने को मजबूती से काम कर रही सरकार, यात्रा के लिए हिमाचल सुरक्षित
हिमाचल में जो भारी बरसात से त्रासदी हुई है, उससे उभरने में सरकार पूरी मजबूती से काम कर रही है। लोक निर्माण मंत्री विक्रमादित्य सिंह ने पर्यटकों को विश्वास दिलाते हुए कहा कि हिमाचल यात्रा के लिए सुरक्षित है और वे यहां आकर प्रदेश की प्राकृतिक खूबसूरती का आनंद उठा सकते हैं।
सेना पर टिप्पणी दुर्भाग्यपूर्ण, आपदा में फंसे लोगों को कंधों पर नहीं लाए कांग्रेसी
नेता प्रतिपक्ष एवं पूर्व मुख्यमंत्री जयराम ठाकुर ने कहा है कि आपदा के समय सेना के जवानों ने चंद्रताल सहित अन्य स्थानों में फंसे लोगों को निकाला। इसका श्रेय कांग्रेस नेता खुद लेना चाहते हैं, जैसे वे आपदा में फंसे लोगों को अपने कंधे पर उठाकर लाए हों। उन्होंने कहा कि सेना के काम पर इस तरह की टिप्पणी करना दुर्भाग्यपूर्ण है।
हाईकोर्ट के 3 नए जज सोमवार को लेंगे पद व गोपनीयता की शपथ
राज्यपाल शिव प्रताप शुक्ल 31 जुलाई को राजभवन में वरिष्ठ अधिवक्ता रंजन शर्मा, बिपिन चंद्र नेगी और न्यायिक अधिकारी राकेश कैंथला को पद व गोपनीयता की शपथ दिलाएंगे। शपथ समारोह सुबह सवा 9 बजे होगा। शुक्रवार को केंद्र सरकार द्वारा जारी अधिसूचना के तहत वरिष्ठ अधिवक्ता रंजन शर्मा, बिपिन चंद्र नेगी और न्यायिक अधिकारी राकेश कैंथला को उच्च न्यायालय का न्यायाधीश नियुक्त किया गया है।
शिवबाड़ी चौक पर पिकअप जीप से पकड़ा 114 टीन बिरोजा, 2 गिरफ्तार
हिमाचल प्रदेश से पंजाब को बड़े पैमाने पर बिरोजा तस्करी का खेल बदस्तूर जारी है। गगरेट में 316 टीन बिरोजे के साथ पकड़े गए ट्रक के बाद अब गगरेट पुलिस ने शुक्रवार रात को पिकअप जीप में लादकर पंजाब ले जाए जा रहे बिरोजे के 114 टीन बरामद किए हैं। जानकारी के अनुसार शुक्रवार रात्रि गगरेट पुलिस द्वारा शिवबाड़ी चौक पर लगाए गए नाके पर पुलिस ने शक के आधार पर एक पिकअप जीप को रोका।
कम्प्यूटर साइंस इंजीनियरिंग डिप्लोमा में बही तलमेहड़ा की सिमरन ने किया प्रदेश में टॉप
बंगाणा उपमंडल के गांव बही तलमेहड़ा की सिमरन धीमान ने हिमाचल प्रदेश तकनीकी शिक्षा बोर्ड धर्मशाला द्वारा कम्प्यूटर साइंस इंजीनियरिंग डिप्लोमा कोर्स के घोषित परीक्षा परिणाम में 1025 में से 935 अंक लेकर पूरे प्रदेश में प्रथम स्थान प्राप्त किया है। सिमरन ने डाॅ. भीमराव अम्बेदकर सरकारी बहुतकनीकी संस्थान अम्बोटा जिला ऊना से कम्प्यूटर साइंस इंजीनियरिंग में डिप्लोमा कोर्स पूरा किया है और अब वह कम्प्यूटर साइंस इंजीनियरिंग में डिग्री कर रही है।
हाथी दांत की तस्करी में सोलन का युवक नोएडा में गिरफ्तार
यूपी एसटीएफ और बिसरख पुलिस ने हाथी दांत की तस्करी में इंटरस्टेट स्मगलर गैंग के 2 सदस्यों को गिरफ्तार किया है। इस मामले में गिरफ्तार आरोपियों में से एक सोलन का युवक है, जो यहां पर टैक्सी चलाता था। पुलिस ने इन दोनों के कब्जे से 1800 ग्राम हाथी दांत बरामद किया है तथा तस्करी में इस्तेमाल की जा रही होंडा सिटी कार को भी जब्त किया है।
बिगड़ती कानून व्यवस्था और माफिया राज के खिलाफ ऊना में गरजी भाजपा
बिगड़ती कानून व्यवस्था और माफिया के खिलाफ शनिवार को भाजपा मंडल ऊना ने विधायक सतपाल सत्ती की अगुवाई में जिला मुख्यालय में सांकेतिक धरना-प्रदर्शन किया और रोष मार्च निकाला। इस मौके पर एमसी पार्क के सामने भाजपा नेताओं ने अपने संबोधन में पुलिस, प्रशासन और सरकार सहित स्थानीय कांग्रेसी नेताओं को माफिया राज फैलाने का जिम्मेदार बताया और आगे भी विरोध प्रदर्शन व घेराव करने की चेतावनी दी।
रावी नदी में गिरा वाहन, चालक का शव बरामद...दूसरे व्यक्ति की तलाश जारी
खड़ामुख-होली मार्ग पर एक दर्दनाक हादसा पेश आया है। यहां डल्ली नामक स्थान पर एक बोलेरो कैंपर वाहन अनियंत्रित होकर रावी नदी में गिर गया। उक्त वाहन में चालक सहित 2 लोग सवार थे। हादसे के बाद रावी नदी से वाहन व चालक चैन लाल उर्फ चुन्नू (33) पुत्र जयराम निवासी गांव हिवरा दुनाली डाकघर गैहरा उपतहसील धरवाला जिला चम्बा का शव बरामद कर लिया गया है।