हिमाचल BJP की नई टीम घोषित, 22 दिन बाद जिंदा निकला मृत घोषित BSF जवान, पढ़ें HP की 10 बड़ी खबरें

punjabkesari.in Friday, Jul 21, 2023 - 06:23 AM (IST)

शिमला (ब्यूरो): राज्य में मानसून के प्रकोप के चलते जानमाल के नुक्सान का आंकड़ा बढ़ता ही जा रहा है। जनजातीय जिला किन्नौर में कुदरत लगातार अपना कहर बरपा रही है। पार्टी आलाकमान की मंजूरी के बाद हिमाचल प्रदेश भाजपा अध्यक्ष डाॅ. राजीव बिंदल ने प्रदेश पदाधिकारियों को नियुक्ति प्रदान कर दी है। चम्बा-जोत मार्ग पर कार में जलकर जिस बीएसएफ जवान की मौत हो गई थी वह जिंदा है। हिमाचल प्रदेश में बनीं 14 दवाओं के सैंपल फेल हो गए हैं। मुख्यमंत्री सुखविंदर सिंह के हस्तक्षेप के बाद आढ़तियों ने अपनी हड़ताल वापस ले ली है। बिलासपुर जिला के झंडूता उपमंडल में राशन की मामूली सी बात को लेकर हुए झगड़े में एक व्यक्ति की उसके साथी ने हत्या कर दी। शिमला जिले में चिड़गांव के खाबल में हुए सड़क हादसे में 3 लोगों की मौत हो गई। केंद्र हिमाचल प्रदेश को राष्ट्रीय राजमार्गों को जोड़ने वाले राज्य लोक निर्माण विभाग के क्षतिग्रस्त पुलों के पुनर्निर्माण के लिए सेतु भारतम योजना के तहत 300 करोड़ रुपए प्रदान करेगा। उपमुख्यमंत्री मुकेश अग्निहोत्री ने कहा कि वैष्णो देवी मंदिर की तर्ज पर चिंतपूर्णी मंदिर के भवन का निर्माण किया जाएगा।

पढ़ें हिमाचल की बड़ी खबरें सिर्फ यहां

हिमाचल में मानसून से अब तक 131 लोगों की मौत, 50 अरब पहुंचा नुक्सान का आंकड़ा
राज्य में मानसून के प्रकोप के चलते जानमाल के नुक्सान का आंकड़ा बढ़ता ही जा रहा है। 27 दिनों की मानसून अवधि में 131 लोगों की जान चली गई है जबकि 12 लोग लापता हैं और 165 लोग घायल हुए हैं। राज्य को 49.84 अरब का नुक्सान हो चुका है, जिसमें जलशक्ति विभाग को 1440.28, लोक निर्माण विभाग को 1588.60, विद्युत बोर्ड को 1482.72, बागवानी विभाग को 144.88 व अर्बन डिवैल्पमैंट को 6.47 करोड़ का नुकसान हो चुका है। 

किन्नौर में बादल फटने से आई बाढ़, मलबे की चपेट में आए 27 वाहन...बगीचों को नुक्सान
हिमाचल प्रदेश के जनजातीय जिला किन्नौर में कुदरत लगातार अपना कहर बरपा रही है। वीरवार सुबह लगभग 5 बजे जिला किन्नौर की तहसील सांगला के अंतर्गत बादल फटने से कामरू गांव के गोटखालांग व सांगला के टोंग टोंग चे में बाढ़ आने से गोटखालांग में लगभग 2 दर्जन से अधिक वाहन भी मलबे की चपेट में आ गए। एक ओर जहां वाहनों को भारी क्षति पहुंची है तो वहीं दूसरी तरफ बाढ़ से बागवानों के बगीचों को भी भारी नुक्सान पहुंचा है। 

हिमाचल BJP की नई टीम घोषित, जानिए किसे बनाया महामंत्री तो किसे सौंपा मीडिया प्रभारी का जिम्मा
पार्टी आलाकमान की मंजूरी के बाद हिमाचल प्रदेश भाजपा अध्यक्ष डाॅ. राजीव बिंदल ने प्रदेश पदाधिकारियों को नियुक्ति प्रदान कर दी है। इसके तहत सांसद डाॅ. सिकंदर कुमार, त्रिलोक कपूर और बिहारी लाल शर्मा को प्रदेश महामंत्री का दायित्व सौंपा गया है। कर्ण नंदा प्रदेश भाजपा के नए मीडिया प्रभारी होंगे जबकि प्यार सिंह, संजय शर्मा, अमित सूद, रजत ठाकुर, विश्व चक्षु, सुदीप महाजन और रमा ठाकुर को प्रदेश सह-मीडिया प्रभारी नियुक्त किया गया है। 

22 दिन बाद जिंदा निकला मृत घोषित BSF जवान
चम्बा-जोत मार्ग पर कार में जलकर जिस बीएसएफ जवान की मौत हो गई थी वह जिंदा है। पुलिस उसे बाहरी राज्य से पकड़कर चम्बा ले आई है। उससे पूछताछ की जा रही है। पूछताछ के बाद ही पूरे मामले से पर्दा उठेगा। 29 जून को जोत के निकट एक कार जली हुई मिली थी। यह कार बीएसएफ के जवान अमित राणा की थी। 

हिमाचल के उद्याेगों में बनीं 14 दवाओं के सैंपल फेल
हिमाचल प्रदेश में बनीं 14 दवाओं के सैंपल फेल हो गए हैं। केन्द्रीय दवा मानक नियंत्रण संगठन (सीडीएससीओ) ने ड्रग अलर्ट जारी किया है। प्रदेश में इस वर्ष जनवरी से लेकर जुलाई तक 107 दवाओं के सैंपल फेल हो चुके हैं। बता दें कि देशभर में बनी कुल 48 दवाएं गुणवत्ता के मानकों पर खरी नहीं उतरी हैं जिसमें 14 दवाएं प्रदेश में बनी हैं।

मुख्यमंत्री के हस्तक्षेप के बाद आढ़तियों ने वापस ली हड़ताल
मुख्यमंत्री सुखविंदर सिंह के हस्तक्षेप के बाद आढ़तियों ने अपनी हड़ताल वापस ले ली, ऐसे में अब शुक्रवार से फल मंडियों में सेब बिकना शुरू हो जाएगा। वीरवार को आढ़तियों की हड़ताल के कारण शिमला व सोलन जिले की मंडियों में सेब नहीं बिका। उधर, वीरवार को दिनभर आढ़तियों व बागवानी संगठनों के प्रतिनिधियों के बीच आरोप-प्रत्यारोप का दौर चलता रहा। 

राशन की मामूली बात पर हुआ झगड़ा, सिर पर तवे से वार कर ले ली साथी की जान
बिलासपुर जिला के झंडूता उपमंडल के बाजार में यूको बैंक के पास एक ही किराए के कमरे में रह रहे 2 प्रवासी मजदूर धीरज कुमार व मनोज कुमार निवासी बक्सेना जिला बदायूं उत्तर प्रदेश राशन की मामूली-सी बात को लेकर आपस में भिड़ गए व इस लड़ाई में आईं चोटों से धीरज कुमार की मौत हो गई। पुलिस ने आरोपी मनोज कुमार को हिरासत में ले लिया है। 

चिड़गांव में 800 मीटर खाई में गिरी कार, 3 लोगों की मौत
शिमला जिले में चिड़गांव के खाबल में बड़ा सड़क हादसा हुआ है। प्रारंभिक जानकारी के अनुसार एक कार लगभग 800 मीटर गहरी खाई में लुढ़क गई। इस हादसे में 3 लोगों की मौत हो गई है जबकि एक व्यक्ति घायल हो गया है। हादसे के समय गाड़ी में ग्राम पंचायत उपप्रधान सहित 4 लोग सवार थे। 

हिमाचल को सेतु भारतम योजना के तहत केंद्र से मिलेंगे 300 करोड़
केंद्र हिमाचल प्रदेश को राष्ट्रीय राजमार्गों को जोड़ने वाले राज्य लोक निर्माण विभाग के क्षतिग्रस्त पुलों के पुनर्निर्माण के लिए सेतु भारतम योजना के तहत 300 करोड़ रुपए प्रदान करेगा। इससे संबंधित आश्वासन केंद्रीय सड़क परिवहन एवं राजमार्ग मत्री नितिन गडकरी ने लोक निर्माण मंत्री विक्रमादित्य सिंह को दिया है।

वैष्णो देवी मंदिर की तर्ज पर होगा चिंतपूर्णी मंदिर भवन का निर्माण
उपमुख्यमंत्री मुकेश अग्निहोत्री ने बीटन में दौरे के दौरान कहा कि हिमाचल प्रदेश में भारी बरसात से आई आपदा से उभरने में कुछ समय लगेगा। उसके लिए प्रदेश सरकार हर क्षेत्र में युद्धस्तर पर राहत कार्यों में डटी हुई है। हिमाचल प्रदेश के महादेव मंदिर का बाल भी बांका न होना भगवान के विद्यमान होने का अहसास दिलाता है। सिरमौर में बाबा वडालिया जी के मंदिर में भोलेनाथ के मंदिर का भी बरसात से कोई नुक्सान नहीं हुआ है। 


सबसे ज्यादा पढ़े गए

Content Writer

Vijay

Related News