आपदा से नुक्सान का जायजा लेने हिमाचल पहुंची केंद्रीय टीम, शिमला में ब्लास्ट व सड़क हादसे में 4 लोगों की मौत, पढ़ें HP की 10 बड़ी खबरें
punjabkesari.in Wednesday, Jul 19, 2023 - 06:28 AM (IST)

शिमला (ब्यूरो): मानसून सीजन के दौरान राज्य में बारिश के चलते हालात खराब हो रहे हैं। हिमाचल प्रदेश में भारी बारिश, बाढ़, भूस्खलन व बादले फटने से हुए नुक्सान का जायजा लेने के लिए 8 सदस्यीय केंद्रीय टीम हिमाचल पहुंच गई है। राजधानी शिमला के मालरोड पर बने पुलिस कंट्रोल रूम व दमकल विभाग ऑफिस के पास मंगलवार शाम को हिमाचल रसोई रैस्टोरैंट में हुए ब्लास्ट में एक व्यक्ति की मौत हो गई। वहीं रामपुर के ननखड़ी क्षेत्र के अंतर्गत पंडाधार के शरण ढांक सड़क मार्ग में भूस्खलन से वाहन के मच्छाड खड्ड में गिरने से 3 लोगों की मौत हो गई। उपमुख्यमंत्री मुकेश अग्निहोत्री ने केंद्र सरकार से आपदा के इस दौर में हिमाचल की उदार सहायता करने का आग्रह किया है। हिमाचल प्रदेश में बरसात के कारण आई आपदा के समय अपनों यानि प्रदेश के नेताओं (माननीय), अधिकारी, कर्मचारी व पैंशनरों का करीब 110 करोड़ रुपए का योगदान रहेगा। कांग्रेस प्रदेशाध्यक्ष एवं सांसद प्रतिभा सिंह ने मंगलवार को दिल्ली में पार्टी के प्रदेश प्रभारी राजीव शुक्ला से मुलाकात की। मंडी जिले के सुंदरनगर में 50 बीघा से अधिक भूमि पर अत्याधुनिक आदर्श ग्राम सुख आश्रय परिसर बनेगा। भारी बारिश से हुए भू-स्खलन से 120 वर्ष पुराने विश्व धरोहर कालका-शिमला रेलमार्ग का अस्तित्व खतरे में पड़ गया है। प्रदेश हाईकोर्ट ने नैशनल हाईवे के लिए 3 वर्ष पूर्व अधिगृहीत की गई भूमि का मुआवजा प्रार्थियों को तुरंत जारी करने के आदेश जारी किए हैं।
पढ़ें हिमाचल की बड़ी खबरें सिर्फ यहां
हिमाचल में बारिश से हालात खराब, 22 जुलाई तक यैलो अलर्ट जारी
मानसून सीजन के दौरान राज्य में बारिश के चलते हालात खराब हो रहे हैं। मौसम विभाग की मानें तो 24 जुलाई तक मौसम खराब रहेगा और 22 जुलाई तक बारिश का यैलो अलर्ट रहेगा। मौसम विभाग के अनुसार पिछले 24 घंटों में सिरमौर व चंबा जिलों में एक-दो स्थानों पर भारी वर्षा हुई है। जुब्बल में भूस्खलन, चायल-कुफरी मार्ग क्षतिग्रस्त व पेड़ उखड़ने की घटनाएं घटित हुई हैं।
नुक्सान का जायजा लेने हिमाचल पहुंची केंद्र की 8 सदस्यीय टीम
हिमाचल प्रदेश में भारी बारिश, बाढ़, भूस्खलन व बादले फटने से हुए नुक्सान का जायजा लेने के लिए 8 सदस्यीय केंद्रीय टीम मंगलवार को हिमाचल पहुंची। यह टीम बुधवार से प्रदेश के बाढ़ प्रभावित क्षेत्रों का दौरा करेगी तथा नुक्सान का आकलन कर रिपोर्ट तैयार करेगी। इस दौरान वहां के लोगों से मिलने के साथ-साथ स्थानीय प्रशासन से भी नुक्सान का पूरा ब्यौरा लेगी।
रैस्टोरैंट में ब्लास्ट से 1 व्यक्ति की मौत...10 घायल, 7 दुकानें ध्वस्त
राजधानी शिमला के मालरोड पर बने पुलिस कंट्रोल रूम व दमकल विभाग ऑफिस के पास मंगलवार शाम को हिमाचल रसोई रैस्टोरैंट में ब्लास्ट हुआ। हादसे में 1 व्यक्ति की मौत हो गई है जबकि 10 लोग घायल हुए हैं, वहीं आसपास की करीब 7 दुकानें भी ध्वस्त हुई हैं। यह हादसा सायं 7.20 बजे सामने आया है। इस हादसे से स्थानीय लोगों सहित पर्यटकों के बीच अफरा-तफरी मच गई।
शरण ढांक में भूस्खलन से खाई में गिरा वाहन, 3 की मौक पर मौत
शिमला जिला के उपमंडल रामपुर के ननखड़ी क्षेत्र के अंतर्गत पंडाधार के शरण ढांक सड़क मार्ग में भूस्खलन से वाहन दुर्घटनाग्रस्त होकर मच्छाड खड्ड में जा गिरा। इस हादसे में 3 लोगों की मौके पर ही मौत हो गई। सूचना मिलते ही पुलिस, होमगार्ड, एनडीआरएफ के जवान घटनास्थल की ओर रवाना हुए। मृतकों की शिनाख्त वीर सिंह (40), हिम्मत सिंह (28), व रतन (50) के रूप में की गई है।
आपदा के इस दौर में हिमाचल की उदार सहायता करे केंद्र
केंद्र सरकार आपदा के इस दौर में हिमाचल की उदार सहायता करे। हिमाचल सहित अन्य राज्यों के लिए आपदा राहत के तहत जो वित्तीय मदद मिलती है अभी उसकी 188 करोड़ रुपए की पहली किस्त आई है। दूसरी किस्त केंद्र ने सितम्बर में देनी है और इसे हिमाचल में आपदा को देखते हुए जल्दी देने की बात कही है। केंद्र इसके अलावा अलग से इस संकट काल में प्रदेश की मदद करे। यह बात उपमुख्यमंत्री मुकेश अग्निहोत्री ने कुल्लू में पत्रकार वार्ता में कही।
हिमाचल को आपदा में अपनों से मिली 110 करोड़ रुपए की मदद
हिमाचल प्रदेश में बरसात के कारण आई आपदा के समय अपनों यानि प्रदेश के नेताओं (माननीय), अधिकारी, कर्मचारी व पैंशनरों का करीब 110 करोड़ रुपए का योगदान रहेगा। इसमें मुख्यमंत्री सुखविंदर सिंह की पहल पर सत्ता पक्ष व नेता प्रतिपक्ष जयराम ठाकुर के आह्वान पर विपक्ष के सभी विधायक 1 माह का वेतन देंगे। माननीय के मासिक मूल वेतन से करीब 55000 रुपए की कटौती होने की संभावना है।
प्रतिभा सिंह की दिल्ली में राजीव शुक्ला से मुलाकात
कांग्रेस प्रदेशाध्यक्ष एवं सांसद प्रतिभा सिंह ने मंगलवार को दिल्ली में पार्टी के प्रदेश प्रभारी राजीव शुक्ला से मुलाकात की। इस दौरान लोक निर्माण, युवा सेवाएं एवं खेल मंत्री विक्रमादित्य सिंह भी मौजूद रहे। इस मौके पर प्रतिभा सिंह ने राजीव शुक्ला को प्रदेश की ताजा राजनीतिक गतिविधियों के बारे में विस्तृत जानकारी दी।
मंडी में 50 बीघा से अधिक भूमि पर बनेगा सुख आश्रय परिसर
मंडी जिले के सुंदरनगर में 50 बीघा से अधिक भूमि पर अत्याधुनिक आदर्श ग्राम सुख आश्रय परिसर बनेगा। मुख्यमंत्री सुखविंदर सिंह ने यहां मुख्यमंत्री सुख आश्रय योजना की समीक्षा करते हुए यह जानकारी दी। उन्होंने लोक निर्माण विभाग को परियोजना के कार्य में तेजी लाने तथा 15 दिनों के भीतर टैंडर प्रक्रिया आरंभ करने के निर्देश दिए। यह परिसर शीघ्र निर्मित होगा, जिसमें वृद्धजनों, दिव्यांग बच्चों व निराश्रित महिलाओं को आवासीय सुविधा उपलब्ध होगी।
भूस्खलन से 120 वर्ष पुराने कालका-शिमला रेलमार्ग का आस्तित्व खतरे में
भारी बारिश से हुए भू-स्खलन से 120 वर्ष पुराने विश्व धरोहर कालका-शिमला रेलमार्ग का अस्तित्व खतरे में पड़ गया है। आंजी के पास भूस्खलन से जमीन खिसक कर टै्रक के पास पहुंच गई है। 43/08 प्वाइंट पर तो रेलवे ट्रैक राष्ट्रीय उच्च मार्ग पर गिरने की कगार पर खड़ा है। 367 नम्बर बुर्जी के पास 2 स्थानों पर हुए भूस्खलन से रेलवे ट्रैक खतरे की जद्द में है। वार्ड नम्बर-1 में आदर्श विहार में रेलवे ट्रैक पर फिर से पत्थर गिरे हैं।
हाईकोर्ट ने दिए आदेश, अधिगृहीत की गई भूमि का मुआवजा तुरंत जारी करे नैशनल हाईवे
प्रदेश हाईकोर्ट ने नैशनल हाईवे के लिए 3 वर्ष पूर्व अधिगृहीत की गई भूमि का मुआवजा प्रार्थियों को तुरंत जारी करने के आदेश जारी किए हैं। मुख्य न्यायाधीश एमएस रामचंद्र राव व न्यायाधीश अजय मोहन गोयल की खंडपीठ ने भाग सिंह व अन्यों द्वारा दायर याचिका की सुनवाई के दौरान ये आदेश पारित किए।