हिमाचल में डीजल हुआ महंगा, सरकार ने प्राकृतिक आपदा से निपटने के लिए केंद्र से मांगे 2000 करोड़, पढ़ें HP की 10 बड़ी खबरें
punjabkesari.in Saturday, Jul 15, 2023 - 06:15 AM (IST)

शिमला (ब्यूरो): 21 दिनों की बरसात के दौरान मृतकों का आंकड़ा अब 100 पार हो गया है। राज्य सरकार ने प्राकृतिक आपदा से निपटने के लिए केंद्र सरकार से 2000 करोड़ रुपए की अंतरिम सहायता मांगी है। भारी बारिश की तबाही से उबर रही हिमाचल प्रदेश की जनता को मुख्यमंत्री सुखविंदर सिंह सुक्खू के नेतृत्व वाली सरकार ने करारा झटका दे दिया है। भाजपा के राष्ट्रीय अध्यक्ष जेपी नड्डा ने शुक्रवार को केंद्रीय मंत्री अनुराग ठाकुर के साथ मंडी व कुल्लू जिलों के बाढ़ प्रभावित क्षेत्रों का दौरा किया। वहीं उन्होंने कहा कि त्वारित सहायता राशि के रूप में केंद्र से हिमाचल को 181 करोड़ की दूसरी किस्त जारी कर दी गई है। हिमाचल में भारी बारिश के कारण हुई तबाही पर प्रदेश के 2 मंत्री आमने-सामने आ गए हैं। हिमाचल में आई प्राकृतिक आपदा के बाद पर्यटन उद्योग पर असर पड़ा है। पंजाब के मुख्यमंत्री भगवंत मान के अब ले लो पानी के बयान को उद्योग मंत्री हर्षवर्धन चौहान ने बचकाना और गैर-जिम्मेदाराना करार दिया है। मंडी जिला में हुए एक सड़क हादसे में 5 लोगों की मौत गई जबकि 4 लोग घायल हो गए। पुलिस थाना ज्वालामुखी के अंतर्गत ग्राम पंचायत उम्मर के वार्ड नंबर-4 गांव शांतला में शुक्रवार शाम के समय एक 8 वर्षीय बच्चे की खड्ड में डूबने से मौत हो गई।
पढ़ें हिमाचल की बड़ी खबरें सिर्फ यहां
हिमाचल में 18 जुलाई तक यैलो अलर्ट, जानिए कब तक खराब रहेगा मौसम
21 दिनों की बरसात के दौरान मृतकों का आंकड़ा अब 100 पार हो गया है। राज्य आपदा प्रबंधन प्राधिकरण के अनुसार शुक्रवार शाम 6 बजे तक राज्य में 108 लोगों ने अपनी जान गंवा दी है। पिछले 24 घंटों में ही 17 लोगों को अपनी जान से हाथ धोने पड़े हैं और इस दौरान 16.30 अरब की संपत्ति का नुक्सान हुआ है।
हिमाचल में डीजल हुआ महंगा, सुक्खू सरकार ने दूसरी बार बढ़ाए दाम
हिमाचल प्रदेश में हुई भारी बारिश की तबाही से उबर रही हिमाचल प्रदेश की जनता को मुख्यमंत्री सुखविंदर सिंह सुक्खू के नेतृत्व वाली सरकार ने करारा झटका दे दिया है। सुक्खू सरकार ने डीजल पर मूल्य वर्धित कर (वैट) 3 रुपए प्रति लीटर बढ़ा दिया है। डीजल पर वैट में संशोधन को लेकर शुक्रवार को अधिसूचना जारी कर दी गई है, जो आधी रात से लागू हो जाएगी। अधिसूचना के मुताबिक, राज्य सरकार ने डीजल पर वैट 9.96 फीसदी से बढ़ाकर 13.9 प्रति लीटर कर दिया है।
हिमाचल में प्राकृतिक आपदा से निपटने के लिए केंद्र से मांगे 2000 करोड़
राज्य सरकार ने प्राकृतिक आपदा से निपटने के लिए केंद्र सरकार से 2000 करोड़ रुपए की अंतरिम सहायता मांगी है। बारे केंद्रीय गृह मंत्री अमित शाह से भी दूरभाष पर बातचीत की है। यह बात मुख्यमंत्री सुखविंदर सिंह ने पत्रकार वार्ता में कही। उन्होंने कहा कि भारी वर्षा के कारण आई बाढ़ से हुए नुक्सान का जायजा लेने के लिए सोमवार को केंद्रीय टीम हिमाचल प्रदेश के दौरे पर आएगी।
केंद्र से हिमाचल को 181 करोड़ की दूसरी किस्त जारी
कुल्लू-मंडी में नुक्सान का जायजा लेकर बिलासपुर पहुंचे भाजपा राष्ट्रीय अध्यक्ष जेपी नड्डा ने केंद्रीय मंत्री अनुराग ठाकुर के साथ परिधि गृह बिलासपुर में पत्रकार वार्ता में कहा कि वर्षा से तबाही के बाद अब नुक्सान की भरपाई व बसाव का कार्य दो बड़ी चुनौतियां हैं। इस कठिन समय में भारत सरकार हिमाचल की जनता व प्रदेश सरकार के साथ है।
आपदा की घड़ी में प्रदेश को हरसंभव सहयोग देने के लिए केंद्र सरकार कटिबद्ध
भाजपा के राष्ट्रीय अध्यक्ष जेपी नड्डा ने मंडी जिले के बाढ़ प्रभावित क्षेत्रों का दौरा किया। उनके साथ इस दौरे में नेता प्रतिपक्ष जयराम ठाकुर, केंद्रीय मंत्री अनुराग ठाकुर और भाजपा प्रदेश अध्यक्ष डाॅ. राजीव बिंदल उपस्थित रहे। जेपी नड्डा ने इस दौरान पंचवक्त्र मंदिर का दौरा कर नुक्सान का जायजा लिया। इसके बाद उन्होंने बाढ़ प्रभावित पंडोह का भी दौरा किया और लोगों का कुशलक्षेम जाना।
हिमाचल त्रासदी पर सुखविंदर सरकार के 2 मंत्री आमने-सामने
हिमाचल में भारी बारिश के कारण हुई तबाही पर प्रदेश के 2 मंत्री आमने-सामने आ गए हैं। लोक निर्माण विभाग मंत्री ने इस त्रासदी को अवैध खनन से जोड़ते हुए कहा है कि अवैध खनन के कारण कुल्लू जिला में यह त्रासदी आई है, जबकि उद्योग मंत्री का कहना है कि लोक निर्माण विभाग मंत्री का यह बयान बचकाना है, क्योंकि यह त्रासदी भारी बारिश के कारण आई है, जिसमें कुल्लू ही नहीं अपितु मंडी व अन्य जगहों पर भी बारिश के कारण भारी नुक्सान हुआ है।
हिमाचल में प्राकृतिक आपदा के बाद होटलों में जुलाई की 99 प्रतिशत बुकिंग रद्द
हिमाचल में आई प्राकृतिक आपदा के बाद पर्यटन उद्योग पर असर पड़ा है। ट्रैवल एसोसिएशन के अध्यक्ष नवीन पॉल ने कहा कि भारी बारिश के कारण प्रदेश के कई हिस्सों में आई बाढ़ व भूस्खलन की घटनाओं से उत्पन्न हुई परिस्थितियों के बीच अब पर्यटकों की आवाजाही हिमाचल में खासी प्रभावित हुई है। शुक्रवार को पत्रकारों से शिमला में बात करते हुए नवीन पॉल ने कहा कि वर्तमान स्थिति को देखते हुए अब कम से कम 2 से 3 माह पर्यटन उद्योग को पटरी में आने पर लग सकते हैं।
पंजाब CM भगवंत मान के "अब ले लो पानी" वाले बयान पर बिफरे उद्योग मंत्री
पंजाब के मुख्यमंत्री भगवंत मान के अब ले लो पानी के बयान पर हिमाचल के उद्योग मंत्री हर्षवर्धन चौहान भड़क गए हैं और पंजाब के सीएम.के बयान को बचकाना और गैर-जिम्मेदाराना करार दिया है। मान के बयान पर उद्योग मंत्री हर्षवर्धन चौहान ने पलटवार करते हुए कहा कि इस तरह के बयान देना एक जिम्मेदार व्यक्ति को शोभा नहीं देता है। खासकर ऐसे वक्त में जब हिमाचल, पंजाब सहित दूसरे राज्य त्रासदी से जूझ रहे हैं।
कमरूनाग से दर्शन कर लौट रहे श्रद्धालुओं के साथ हादसा, 5 की मौत...4 घायल
मंडी जिला में हुए एक सड़क हादसे में 5 लोगों की मौत गई जबकि 4 लोग घायल हो गए। जानकारी के अनुसार सुंदरनगर-रोहांडा सड़क पर घीड़ी के पास कुशला गांव में वीरवार रात करीब साढ़े 8 बजे एक बोलेरो जीप अनियंत्रित होकर लगभग 700 मीटर खाई में लुढ़क गई। इस हादसे में 5 लोगों नाम लाला राम, रूप लाल, तुला राम, गोबिंद राम निवासी गांव डोलधार व मोहन निवासी गांव कुशला की मौत हो गई।
खड्ड में डूबने से 8 वर्षीय बच्चे की मौत, मौसी के घर आया था मासूम
पुलिस थाना ज्वालामुखी के अंतर्गत ग्राम पंचायत उम्मर के वार्ड नंबर-4 गांव शांतला तहसील ज्वालामुखी में शुक्रवार शाम के समय एक 8 वर्षीय बच्चे आर्यन उर्फ मिट्ठू पुत्र प्रदीप कुमार की खड्ड में नहाते समय डूबने से मौत हो गई। उक्त बच्चा अपने मौसी के लड़के जोकि उम्र में उससे भी छोटा था, उसके साथ पशु चराने खड्ड के किनारे गया था।