हिमाचल में बारिश से तबाही का दौर जारी, मणिमहेश व श्रीखंड यात्रा पर लगी रोक, पढ़ें HP की 10 बड़ी खबरें

punjabkesari.in Wednesday, Jul 12, 2023 - 07:00 AM (IST)

शिमला (ब्यूरो): राज्य के शिमला, बिलासपुर व चम्बा में बारिश के कारण हुए हादसों में 6 लोगों की मौत हो गई है, जबकि 5 लोग बह गए हैं। शिमला जिले की ठियोग तहसील के पलवी गांव में सोमवार सुबह 11 बजे एक मकान भूस्खलन की चपेट में आने से 3 लोगों की मौत हो गई। बिलासपुर जिले में नयना देवी के मलेटा गांव में शादी समारोह से लौट रहा बुजुर्ग नाले में बह गया। मणिमहेश जा रहे 45 श्रद्धालुओं का दल भारी बारिश के कारण धनछो में फंस गया। बारिश के बाद से अचानक धनछो के पास नाले का जलस्तर बढ़ गया व श्रद्धालुओं को संभलने का मौका भी नहीं मिल पाया। गनीमत यह रही कि इस दौरान कोई पानी की चपेट में नहीं आया। इस बारे में भरमौर प्रशासन ने पर्वतारोहण एवं बचाव दल को धनछो रवाना कर दिया गया है। उत्तर भारत की प्रसिद्ध श्रीखंड महादेव कैलाश यात्रा 7 जुलाई से 20 जुलाई तक आयोजित की जा रही थी। गलेशियर पिघलने से श्रीखंड यात्रा करना कठिन हो गया है। इस बार 5 यात्री जान गंवा चुके हैं और दर्जनों चोटिल हुए हैं। 4 दिनों में 2000 से अधिक भक्त यात्रा कर चुके हैं, जिनमें से 750 अभी रास्ते में फंसे हुए हैं, सभी को सुरक्षित यात्रा से वापी बुलाया गया है।

 

पढ़ें हिमाचल की बड़ी खबरें सिर्फ यहां

आफत की बारिश: 6 लोगों की मौत, 5 बहे, 705 लोगों को सुरक्षित निकाला, 16 तक खराब रहेगा मौसम
राज्य के शिमला, बिलासपुर व चम्बा में बारिश के कारण हुए हादसों में 6 लोगों की मौत हो गई है, जबकि 5 लोग बह गए हैं। शिमला जिले की ठियोग तहसील के पलवी गांव में सोमवार सुबह 11 बजे एक मकान भूस्खलन की चपेट में आने से 3 लोगों की मौत हो गई। बिलासपुर जिले में नयना देवी के मलेटा गांव में शादी समारोह से लौट रहा बुजुर्ग नाले में बह गया। चम्बा जिले के डल्हौजी से चील बंगला सड़क पर सिया नामक स्थान पर दोपहर को मार्ग दुरुस्त करने में जुटी जे.सी.बी. के चालक की मौत हो गई है।

धनछो में फंसे मणिमहेश जा रहे 45 श्रद्धालु, यात्रा पर लगाई रोक
मणिमहेश जा रहे 45 श्रद्धालुओं का दल भारी बारिश के कारण धनछो में फंस गया। बारिश के बाद से अचानक धनछो के पास नाले का जलस्तर बढ़ गया व श्रद्धालुओं को संभलने का मौका भी नहीं मिल पाया। गनीमत यह रही कि इस दौरान कोई पानी की चपेट में नहीं आया। इस बारे में भरमौर प्रशासन ने पर्वतारोहण एवं बचाव दल को धनछो रवाना कर दिया गया है। भरमौर क्षेत्र में वर्तमान में प्रशासनिक तौर पर मणिमहेश यात्रा शुरू होने से पहले ही यात्रियों की हलचल शुरू हो गई है।

ब्यास के आसपास खाली करवाए 113 घर
मंडी जिले में हो रही बारिश की वजह से जनजीवन अस्त-व्यस्त रहा। लारजी और पंडोह डैम के गेट खोल देने से दूसरे दिन भी ब्यास नदी का जलस्तर बढऩे से बाढ़ की स्थिति वही बनी रही। जिसके चलते दूसरे दिन सोमवार को भी नदी का पानी अपने तटबंधों को लांघ कर पंडोह कस्बे और मंडी के ऐतिहासिक पंचवक्त्र मंदिर तक आ गया। बाढ़ की आशंका को देखते हुए जिला प्रशासन ने एहतियातन मंडी शहर में ब्यास नदी के करीब बसे घरों से लोगों को हटाकर उन्हें सुरक्षित जगहों पर अपने पड़ोसियों और रिश्तेदारों के पास भेज दिया है।

हिमाचल में बरसात से 4,000 करोड़ का नुक्सान, केंद्र सरकार राष्ट्रीय आपदा घोषित करे: सुक्खू
मुख्यमंत्री सुखविंदर सिंह सुक्खू ने कहा है कि हिमाचल प्रदेश में मानसून की भारी वर्षा से अब तक 3,000 करोड़ रुपए से 4,000 करोड़ रुपए नुक्सान होने की संभावना है। उन्होंने केंद्र सरकार से आग्रह किया है कि वर्षा से हुए नुक्सान को देखते हुए राष्ट्रीय आपदा घोषित की जानी चाहिए। उन्होंने कहा कि 50 वर्ष में इतनी भयंकर वर्षा देखने को नहीं मिली, जिससे प्रदेश की अधिकांश नदियां उफान पर हैं और कई स्थानों पर भयंकर बाढ़ जैसे हालात पैदा हुए हैं।

मुख्यमंत्री ने राहत एवं बचाव कार्य का लिया जायजा
सोमवार सुबह स्थानीय विश्राम में मुख्यमंत्री ठाकुर सुखविंदर सिंह सुक्खू ने वीडियो कांफ्रैंसिंग के जरिए प्रदेश के सभी उपायुक्तों से बात कर पिछले 3-4 दिनों से हो रही वर्षा के कारण हुए नुक्सान का जायजा लिया और प्रभावित लोगों को हर संभव मदद के दिशा-निर्देश जारी किए। मुख्यमंत्री ने सोमवार सुबह 4 बजे तक विभिन्न स्थानों में फंसे हुए लोगों को सुरक्षित निकालने के लिए बचाव कार्यों पर नजर बनाए रखी और अधिकारियों को आवश्यक दिशा-निर्देश देते रहे।

3 घंटे चले रैस्क्यू ऑप्रेशन के बाद आधी रात को बचाईं ब्यास में फंसी 6 जिंदगियां
मंडी जिले में भयंकर बारिश से ब्यास नदी में आए उफान के बीच नगवाईं के समीप नदी में फंसे 6 लोगों को मंडी जिला प्रशासन ने रैस्क्यू ऑप्रेशन के जरिए सुरक्षित निकाल लिया है। रविवार देर रात करीब 1 बजे तक चले इस रैस्क्यू ऑप्रेशन के पूरा होने तक सी.पी.एस. सुंदर ठाकुर और डी.सी. मंडी अरिंदम चौधरी खुद मौके पर डटे रहे और ऑप्रेशन का नेतृत्व करते रहे। इस रैस्क्यू ऑप्रेशन में एन.डी.आर.एफ . की टीम ने आपदा प्रबंधन कौशल और बचाव स्किल का बहादुरी भरा उदाहरण प्रस्तुत किया। ऑप्रेशन में एन.डी.आर.एफ . के 14 जवान शामिल रहे, जिन्होंने हाईड्रा क्रेन, रोप और सुरक्षा हार्नेस जैसी सामग्री व उपकरणों के इस्तेमाल से रैस्क्यू ऑप्रेशन को सफलतापूर्वक अंजाम दिया।

जयराम ठाकुर ने मंडी में लिया बाढ़ से हुए नुक्सान का जायजा
पूर्व मुख्यमंत्री व नेता प्रतिपक्ष जयराम ठाकुर भारी बारिश के बीच मंडी पहुंचे और बाढ़ प्रभावित क्षेत्र का निरीक्षण किया। इस दौरान वह बाढ़ पीड़ितों से भी मिले और हरसंभव मदद करने का भरोसा दिलाया। उन्होंने भाजपा के सभी नेताओं और कार्यकत्र्ताओं को बाढ़ प्रभावितों की मदद करने का निर्देश भी दिया। नेता प्रतिपक्ष मंडी शहर वार्ड, पड्डल वार्ड के पंचवक्त्र मंदिर, भगवाहन वार्ड के शिवा बावड़ी और विक्टोरिया पुल के आसपास हुए नुक्सान का जायजा लिया। उन्होंने कहा कि यह बहुत बड़ी प्राकृतिक त्रासदी है, जिससे प्रदेश में जन-धन की बहुत हानि हुई है।

कृषि विश्वविद्यालय ने प्रवेश परीक्षा की तिथि आगे बढ़ाई, काऊंसलिंग स्थगित
कृषि विश्वविद्यालय के अंतर्गत संचालित किए जा रहे कृषि महाविद्यालय और पशु चिकित्सा एवं पशु विज्ञान महाविद्यालय में मैरिट आधारित प्रवेश परीक्षा के लिए आवेदन की तिथि को बढ़ा दिया गया है। कृषि विश्वविद्यालय प्रशासन ने प्रदेश के विभिन्न स्थानों में भारी बारिश के कारण उभरी परिस्थितियों के दृष्टिगत तिथियों में बदलाव किया है। प्रदेश के विभिन्न स्थानों में मौसम में आए भारी बदलाव के चलते विश्वविद्यालय प्रशासन ने अभ्यॢथयों के लिए कृषि महाविद्यालय के अंतर्गत बी.एससी. ऑनर्स, पशु चिकित्सा एवं पशु विज्ञान महाविद्यालय बी.वी.एससी., बी.टैक. फूड साइंस और स्नातकोतर व पीएच.डी. प्रवेश परीक्षा आधारित पाठ्यक्रमों में आवेदन करने के लिए 17 जुलाई तक समय रखा है।

रात को गाड़ी में लाए युवक को स्वां में फैंका और सुबह पुलिस ने किया रैस्क्यू
सोमवार सुबह स्वां नदी संतोषगढ़ से एक युवक को रैस्क्यू किया गया। पुलिस विभाग से प्राप्त जानकारी के अनुसार युवक की पहचान हरिओम निवासी उत्तर प्रदेश के रूप में हुई है जोकि गढ़शंकर में कार्य करता है। जानकारी के अनुसार सुबह ख्वाजा पीर मंदिर के संचालक कृष्ण ने स्वां नदी के बीच एक युवक को देखा तो उसे बचाने हेतु कृष्ण ने पुलिस कंट्रोल रूम को फोन किया, जिस पर संतोषगढ़ पुलिस चौकी से पुलिस अधिकारी जमालदीन और कमल दोनों मौके पर पहुंचे।

विभिन्न स्थानों में फंसे 70 लोगों को किया रैस्क्यू
डी.सी. आशुतोष गर्ग ने जानकारी देते हुए कहा कि भारी बारिश के चलते आलू ग्राऊंड मनाली में 30 लोग किसान भवन में फंसे गए थे, लेकिन पूरी तरह से सुरक्षित हैं। जिला प्रशासन द्वारा इन लोगों को सोमवार सुबह होमगार्ड के जवानों ने रैस्क्यू कर सुरक्षित निकाला। उन्होंने कहा कि जिला में विभिन्न स्थानों से भारी बारिश के कारण 4 लोगों के ब्यास नदी में बहने की सूचना है। कसोल में भारी बारिश के कारण फंसे हुए 25 लोगों को सुरक्षित रैस्क्यू किया गया है। जिला प्रशासन राहत एवं बचाव कार्य में जुटा है।

श्रीखंड महादेव यात्रा स्थगित, डी.सी. ने दिए लिखित आदेश
उत्तर भारत की प्रसिद्ध श्रीखंड महादेव कैलाश यात्रा 7 जुलाई से 20 जुलाई तक आयोजित की जा रही थी। गलेशियर पिघलने से श्रीखंड यात्रा करना कठिन हो गया है। इस बार 5 यात्री जान गंवा चुके हैं और दर्जनों चोटिल हुए हैं। 4 दिनों में 2000 से अधिक भक्त यात्रा कर चुके हैं, जिनमें से 750 अभी रास्ते में फंसे हुए हैं, सभी को सुरक्षित यात्रा से वापी बुलाया गया है। डी.सी. कुल्लू ने श्रीखंड महादेव कैलाश यात्रा को स्थगित करने के लिखित आदेश जारी कर दिए हैं। इसलिए यात्रा रोक दी गई है, लेकिन जो यात्री रास्ते में फंसे हुए हैं उन्हें जल्द वापस आने के आदेश दिए गए हैं।


सबसे ज्यादा पढ़े गए

Content Writer

Kuldeep

Related News