हिमाचल में फिर बढ़ेंगे सीमैंट के दाम, आऊटसोर्स पर भर्तियां बंद करने की तैयारी में सरकार, पढ़ें HP की 10 बड़ी खबरें

punjabkesari.in Wednesday, Jul 05, 2023 - 12:53 AM (IST)

शिमला (ब्यूरो): धीमा पड़ा मानसून बुधवार से फिर से करवट बदलेगा और आगामी 4 दिनों तक भारी बारिश व अंधड़ चलने का यैलो अलर्ट जारी किया गया है। प्रदेश में सीमैंट कंपनियों ने दाम बढ़ाने की तैयारी कर ली है। राज्य सरकार निकट भविष्य में आऊटसोर्स पर भर्तियां बंद करने की तैयारी कर रही है। मुख्यमंत्री सुखविंदर सिंह स्वास्थ्य लाभ लेने के बाद बुधवार को कांगड़ा जिला के दौरे के लिए रवाना होंगे। परवाणू शहर में पत्रकार वार्ता में भाजपा प्रदेश महामंत्री त्रिलोक कपूर ने कहा कि जिन गारंटियों का सहारा लेकर कांग्रेस सत्ता में आई है, उनका क्या हुआ। चम्बा जिले के चुराह क्षेत्र के राजकीय वरिष्ठ माध्यमिक विद्यालय हिमगिरि में अंडर-14 खेलकूद प्रतियोगिता के उद्घाटन समारोह में कांग्रेस नेता यशवंत खन्ना को मुख्यातिथि बुलाने पर भाजपा ने बवाल खड़ा कर दिया। राजस्व मंत्री जगत सिंह नेगी ने राज्य आपदा प्रतिक्रिया बल को सुदृढ़ करने पर जोर देते हुए कहा कि प्रदेश में नए जवान भर्ती किए जा रहे हैं। डल्हौजी के सदर बाजार के 2 युवक जम्मू-कश्मीर के बसोली में रणजीत सागर डैम में नहाते हुए डूब गए हैं। नेता प्रतिपक्ष जयराम ठाकुर ने प्रदेश सरकार पर हमला बोलते हुए सवाल किया कि आखिर कांग्रेस की 680 करोड़ रुपए के स्टार्टअप फंड बनाने की गारंटी कब पूरी होगी। चम्बा व सोलन जिले में हुए 2 सड़क हादसों में 2 लोगों की मौत हो गई।

पढ़ें हिमाचल की बड़ी खबरें सिर्फ यहां

हिमाचल में 4 दिन भारी बारिश व अंधड़ का यैलो अलर्ट
धीमा पड़ा मानसून बुधवार से फिर से करवट बदलेगा और आगामी 4 दिनों तक भारी बारिश व अंधड़ चलने का यैलो अलर्ट जारी किया गया है, जबकि मौसम 10 जुलाई तक खराब रहेगा। मानसून की हो रही बारिश के कारण जुलाई माह में भी राज्य के लोग और पर्यटक सुहावने मौसम का लुत्फ उठा रहे हैं। अधिकतम तापमान में -4 डिग्री की गिरावट दर्ज की गई है जबकि मैदानी इलाकों में उमस भरी गर्मी का लोग सामना कर रहे हैं। 

आम आदमी को फिर लगेगा झटका, हिमाचल में 10 रुपए महंगा होगा सीमैंट
प्रदेश में सीमैंट कंपनियों ने दाम बढ़ाने की तैयारी कर ली है। प्रदेश में सीमैंट के दाम 10 रुपए प्रति बैग तक बढ़ाए जा सकते हैं। कंपनियों ने अपने डीलरों को सीमैंट के 10 रुपए तक दाम बढ़ाने का मैसेज भेज दिया है। इससे पूर्व 3 दिसम्बर को भी इसी तरह का मैसेज भेजा गया था और 12 दिसम्बर को सीमैंट के दाम 5 रुपए बढ़ गए थे। 

आऊटसोर्स पर भर्तियां बंद करने की तैयारी में सरकार
राज्य सरकार निकट भविष्य में आऊटसोर्स पर भर्तियां बंद करने की तैयारी कर रही है। ऐसा निर्णय इसलिए लिया जा रहा है ताकि आऊटसोर्स पर लगे युवाओं के शोषण को रोका जा सके, ऐसे में अब निकट भविष्य में ठेकेदारी प्रथा के माध्यम से होने वाली भर्तियों पर सरकार पूरी तरह से रोक लगाने पर विचार कर रही है। इसके अलावा सरकारी क्षेत्र में नई नीति के तहत भर्तियां की जाएंगी।

कांगड़ा में आज ड्रोन कॉन्क्लेव में हिस्सा लेंगे सीएम सुखविंदर सिंह
मुख्यमंत्री सुखविंदर सिंह स्वास्थ्य लाभ लेने के बाद बुधवार को कांगड़ा जिला के दौरे के लिए रवाना होंगे। कांगड़ा जिला के बाद मुख्यमंत्री 6 से 10 जुलाई तक हमीरपुर जिला का दौरा करेंगे, जहां पर वह करोड़ों रुपए की विकासात्मक परियोजनाओं के उद्घाटन व शिलान्यास करेंगे। सरकारी स्तर पर जारी कार्यक्रम के अनुसार मुख्यमंत्री 5 जुलाई को चंडीगढ़ से शाहपुर जाएंगे, जहां पर उनका आधुनिक पुलिस थाने की आधारशिला रखने का कार्यक्रम है। 

डिप्टी सीएम केंद्र से उठाएंगे प्रदेश की महत्वाकांक्षी सिंचाई योजनाओं की स्वीकृति का मामला
उपमुख्यमंत्री मुकेश अग्निहोत्री ने कहा कि प्रदेश की महत्वाकांक्षी सिंचाई योजनाओं की स्वीकृति का मामला केंद्र से उठाया जाएगा। उन्हाेंने कहा कि फिना सिंह परियाेजना, सुखाहार परियाेजना एंव वीत एरिया सिंचाई योजनाओं पर प्रदेश के खेताें की सिंचाई निर्भर कर रही है। प्रदेश इस समय सिंचाई में राष्ट्रीय औसत से नीचे चल रहा है। इसलिए केंद्र से सिंचाई योजनाओं काे प्राथमिकता के आधार पर मंजूरी का आग्रह किया जाएगा। 

लोकसभा चुनाव के बाद हिमाचल में होगा भाजपा का मुख्यमंत्री
परवाणू शहर के निजी होटल में मंगलवार को भाजपा द्वारा पत्रकार वार्ता का आयोजन किया गया। इसमें भाजपा प्रदेश महामंत्री त्रिलोक कपूर ने कहा कि जिन गारंटियों का सहारा लेकर कांग्रेस सत्ता में आई है, उनका क्या हुआ। उन्होंने कांग्रेस सरकार पर लोगों से झूठ बोलने व बरगलाने के आरोप लगाए। उन्होंने कहा कि सुक्खू सरकार पूर्व मुख्यमंत्री स्वर्गीय वीरभद्र सिंह के लोगों को धीरे-धीरे दरकिनार कर रही है। 

चुराह में कांग्रेस नेता को मुख्यातिथि बुलाने पर भाजपा का बवाल
चम्बा जिले के चुराह क्षेत्र के राजकीय वरिष्ठ माध्यमिक विद्यालय हिमगिरि में अंडर-14 खेलकूद प्रतियोगिता के उद्घाटन समारोह में कांग्रेस नेता यशवंत खन्ना को मुख्यातिथि बुलाने पर भाजपा ने बवाल खड़ा कर दिया। विधायक हंसराज समर्थकों सहित स्कूल परिसर में पहुंच गए और यशवंत खन्ना को मुख्यातिथि बुलाने पर आपत्ति जताई।

राज्य आपदा प्रतिक्रिया बल को सुदृढ़ करने के लिए होगी जवानों की भर्ती
राजस्व मंत्री जगत सिंह नेगी ने राज्य आपदा प्रतिक्रिया बल को सुदृढ़ करने पर जोर देते हुए कहा कि प्रदेश में नए जवान भर्ती किए जा रहे हैं। कुल 126 जवानों को राष्ट्रीय आपदा प्रतिक्रिया बल की सातवीं बटालियन द्वारा बठिंडा में प्रशिक्षण प्रदान किया गया है। इसके उपरांत इन जवानों को विभिन्न स्थानों पर आधुनिक प्रशिक्षण के लिए भी भेजा गया है। इन्हें विभिन्न आपदाओं के लिए त्वरित राहत प्रदान करने के लिए अद्यतन कौशल और उपकरणों के उपयोग के बारे में जानकारी भी प्रदान की गई है।

जम्मू-कश्मीर के रणजीत सागर डैम में डूबे डल्हौजी के 2 युवक
डल्हौजी के सदर बाजार के 2 युवक जम्मू-कश्मीर के बसोली में रणजीत सागर डैम में नहाते हुए डूब गए हैं। युवकों की तलाश के लिए सर्च ऑप्रेशन शुरू हो गया है लेकिन अभी तक उनका कोई सुराग नहीं लगा है। जानकारी के अनुसार डल्हौजी से 4 युवक घूमने के लिए बसोली के रणजीत सागर डैम गए हुए थे।

जयराम ने कांग्रेस से पूछा सवाल, बोले-680 करोड़ के स्टार्टअप फंड की गारंटी कब होगी पूरी
नेता प्रतिपक्ष जयराम ठाकुर ने प्रदेश सरकार पर हमला बोलते हुए सवाल किया कि आखिर कांग्रेस की 680 करोड़ रुपए के स्टार्टअप फंड बनाने की गारंटी कब पूरी होगी। उन्होंने कहा कि झूठ बोलकर सत्ता में आई सरकार को अब प्रदेश की जनता माफ नहीं करेगी। शिमला से जारी बयान में जयराम ने कहा कि कांग्रेस सरकार को बने 7 महीने हो गए हैं और वह 680 करोड़ रुपए की स्टार्टअप योजना के बारे में बात भी नहीं कर रही है। 

श्रीखंड महादेव यात्रा को 6 सैक्टरों में बांटा, 70 पुलिस कर्मी संभालेंगे सुरक्षा का जिम्मा
उत्तर भारत की सबसे कठिन धार्मिक यात्राओं में शुमार श्रीखंड महादेव यात्रा 7 से 20 जुलाई तक आयोजित की जाएगी, जिसको लेकर पुलिस प्रशासन ने सुरक्षा की दृष्टि से पुख्ता प्रबंध किए हैं। एसपी साक्षी वर्मा ने बताया कि इस बार श्रीखंड महादेव यात्रा को 6 सैक्टरों में बांटा गया है, जिसमें 70 पुलिस कर्मी सुरक्षा व्यवस्था में तैनात रहेंगे। हर सैक्टर में पुलिस के जवान तैनात रहेंगे। 

चुराह में कल्हेल-चरोड़ी मार्ग पर खेतों में गिरी कार, युवक की मौत
जिला चम्बा के उपमंडल चुराह में कार हादसे में एक युवक की मौत हो गई। मृतक की पहचान शबीर पुत्र रहमतुला निवासी गांव बोहली डाकघर कल्हेल के रूप में हुई है। जानकारी के अनुसार मंगलवार सुबह कल्हेल-बंजली-चरोड़ी मार्ग पर एक कार अनियंत्रित होकर खेतों में गिर गई। हादसे में कार सवार युवक को काफी गंभीर चोटें आईं। स्थानीय लोगों ने घायल को निजी वाहन की मदद से मेडिकल कॉलेज चम्बा पहुंचाया लेकिन चिकित्सकों ने उसे मृत घोषित कर दिया। 

कार के खाई में गिरने से पत्नी की मौत, पति गंभीर घायल
बरोटीवाला थाना के तहत सड़क दुर्घटना का एक मामला सामने आया है जिसमें कार सवार पति-पत्नी में से पत्नी की मौत हो गई है, वहीं पति गंभीर रूप से घायल हो गया है। पुलिस से मिली जानकारी के अनुसार रंजीत कुमार (36) निवासी दशोरा माजरा ने बरोटीवाला थाना में सूचना दी कि उसके गांव के युवक संजीव कुमार ने उसे मोबाइल पर सूचना दी कि उसके चाचा तारा चंद की आल्टो गाड़ी अम्बका नाला के नजदीक खाई में गिर गई है।


सबसे ज्यादा पढ़े गए

Content Writer

Vijay

Related News