हिमाचल में 4 जगह बादल फटने से तबाही, मंत्रिमंडल विस्तार को लेकर मुख्यमंत्री ने दिया बड़ा बयान, पढ़ें HP की 10 बड़ी खबरें
punjabkesari.in Monday, Jun 26, 2023 - 05:40 AM (IST)

शिमला (ब्यूरो): मानसून की बारिश ने प्रदेशभर में जमकर कहर बरपाया है। मुख्यमंत्री ठाकुर सुखविंदर सिंह ने कहा कि प्रदेश में मंत्रिमंडल विस्तार जल्द होगा। रोहतांग, शिंकुला व बारालाचा दर्रे की चोटियों में बर्फ के फाहे गिरे जबकि मनाली में बारिश हुई। भरमौर-पठानकोट एनएच पर भरमौर से 14 किलोमीटर दूर रावी नदी पर बने चमेरा चरण-3 बांध के जलाशय में एक आल्टो कार गिर गई, जिसमें 3 से 5 लोगों के सवार होने की बात कही जा रही है। मुख्यमंत्री सुखविंदर सिंह ने रविवार को गेयटी थिएटर शिमला में नशे के विरुद्ध पुलिस विभाग के अभियान के अंतर्गत आयोजित विभिन्न स्पर्धाओं के विजेताओं के पुरस्कार वितरण समारोह की अध्यक्षता की। नेता प्रतिपक्ष जयराम ठाकुर ने कहा कि आपातकाल स्वतंत्र भारत के इतिहास में लोकतंत्र व राजनीति का कालाअध्याय था। कमांद से आगे पराशर जाने वाली सड़क में बागी पुल के आसपास बादल फटने के कारण आई बाढ़ के चलते सड़क बंद हो गई है। हिमाचल कांग्रेस आगामी लोकसभा चुनाव की तैयारियों में जुट गई है।
पढ़ें हिमाचल की बड़ी खबरें सिर्फ यहां
हिमाचल में 4 जगह बादल फटे, 2 नैशनल हाईवे समेत 126 सड़कें बंद
मानसून की बारिश ने प्रदेशभर में जमकर कहर बरपाया है। सोलन जिला के अर्की, शिमला जिला के रामपुर उपमंडल के पंद्रहबीश क्षेत्र के सरपारा, हमीरपुर जिला के सुजानपुर उपमंडल के गांव खैरी व मंडी जिला में बादल फटने की घटनाएं हुई हैं, जिसके चलते काफी नुक्सान हुआ है। पिछले 24 घंटों में राज्य में हुई भारी बारिश के चलते 13 वाहन क्षतिग्रस्त हुए हैं जबकि 9 मकान पूरी तरह से जमीदोंज हुए हैं।
हिमाचल में जल्द होगा मंत्रिमंडल विस्तार
मुख्यमंत्री ठाकुर सुखविंदर सिंह ने कहा कि प्रदेश में मंत्रिमंडल विस्तार जल्द होगा। उन्होंने कहा कि निश्चित तौर पर मंत्रियों के 3 पद खाली चल रहे हैं, ऐसे में मंत्रिमंडल विस्तार होना ही है। रविवार को शिमला में एक कार्यक्रम के बाद मीडिया अनौपचारिक बातचीत के दौरान पूछे गए सवाल के जवाब में मुख्यमंत्री ने ये बात कही।
रोहतांग सहित शिंकुला व बारालाचा दर्रे में गिरे बर्फ के फाहे, मनाली में बारिश
एक सप्ताह बाद मौसम ने फिर से करवट बदल ली है। रोहतांग, शिंकुला व बारालाचा दर्रे की चोटियों में बर्फ के फाहे गिरे जबकि मनाली में बारिश हुई। धुंध के बीच पर्यटकों ने रोहतांग दर्रे में बर्फ का आनंद उठाया। हालांकि पर्यटक बर्फ के फाहों से रू-ब-रू नहीं हुए लेकिन उन्होंने दर्रे में बिछी बर्फ की सफेदी का आनंद लिया। दोपहर बाद हल्की बारिश हुई लेकिन बर्फ के फाहे ऊंची चोटियों तक ही सीमित रहे।
रावी नदी पर बने चमेरा डैम में सवारों समेत समाई कार
भरमौर-पठानकोट एनएच पर भरमौर से 14 किलोमीटर दूर रावी नदी पर बने चमेरा चरण-3 बांध के जलाशय में एक आल्टो कार रविवार सुबह गिर गई, जिसमें 3 से 5 लोगों के सवार होने की बात कही जा रही है। हालांकि कार में कितने लोग थे, इसकी जानकारी जुटाई जा रही है। कार डैम के गहरे पानी में डूब गई है। फिलहाल गाड़ी मनमोहन सिंह पुत्र राज कुमार के नाम पर पंजीकृत है।
हिमाचल में नशे के खिलाफ लड़ाई के लिए समर्पित विशेष कार्य बल का होगा गठन
मुख्यमंत्री सुखविंदर सिंह ने रविवार को गेयटी थिएटर शिमला में नशे के विरुद्ध पुलिस विभाग के अभियान के अंतर्गत आयोजित विभिन्न स्पर्धाओं के विजेताओं के पुरस्कार वितरण समारोह की अध्यक्षता की। इस अवसर पर मुख्यमंत्री ने प्रतिभागियों को नशे के विरुद्ध एकजुट प्रयासों की शपथ भी दिलाई। मुख्यमंत्री ने राज्य के सीमावर्ती क्षेत्रों में नशीले पदार्थों से संबंधित मामलों पर चिंता व्यक्त करते हुए कहा कि राज्य सरकार इस समस्या से प्रभावी तरीके से निपटने के लिए एक समर्पित विशेष कार्य बल बनाने पर विचार कर रही है।
स्वतंत्र भारत के इतिहास में लोकतंत्र व राजनीति का कालाअध्याय था आपातकाल
नेता प्रतिपक्ष जयराम ठाकुर ने रविवार को शिमला के उपनगर कसुम्पटी में भाजपा द्वारा आपातकाल के विरोध में आयोजित कार्यक्रम को संबोधित करते हुए कहा कि आपातकाल स्वतंत्र भारत के इतिहास में लोकतंत्र व राजनीति का कालाअध्याय था। पूर्व प्रधानमंत्री स्वर्गीय इंदिरा गांधी ने अपनी कुर्सी को बचाने के लिए देश में आपातकाल लगाकर लोकतांत्रिक मूल्यों की हत्या की थी। उस समय नेताओं को बोलने व अखबारों को लिखने की आजादी नहीं थी। यानि कांग्रेस शासन के खिलाफ आवाज उठाने पर पूर्ण पाबंदी थी और आज उसी पार्टी के नेता लोकतंत्र की दुहाई दे रहे हैं।
मौहल नाले में बाढ़ ने मचाई तबाही, एक दर्जन वाहन बहे
कुल्लू जिला में गत रात भारी बारिश के चलते कई जगह पर भारी नुक्सान हुआ है, ऐसे में जिला मुख्यालय से 5 किलोमीटर दूर मौहल खड्ड में शनिवार रात करीब 1 बजे अचानक बाढ़ आने से खड्ड के किनारे खड़े एक दर्जन वाहन बाढ़ में बहने से क्षतिग्रस्त हुए हैं। यह सभी वाहन राजस्थान से आए प्रवासियों के थे, जो खड्ड के किनारे पार्क किए हुए थे जिसमें कारें व ट्रैक्टर शामिल हैं।
बागी पुल के पास बादल फटा, पराशर घूमने गए चम्बा के 30 विद्यार्थी फंसे
कमांद से आगे पराशर जाने वाली सड़क में बागी पुल के आसपास बादल फटने के कारण आई बाढ़ के चलते सड़क बंद हो गई है। इसके चलते चम्बा के विद्यार्थियों से भरी एक बस सहित करीब 47 वाहन जो पराशर से वापस आ रहे थे, रास्ते में फंस गए हैं। बताया जा रहा है कि बस में 30 विद्यार्थी सवार हैं। स्थानीय लोगों व प्रशासन ने उनके रहने का इंतजाम किया है।
कालका-शिमला ट्रैक पर भूस्खलन, रेल सेवा दूसरे दिन भी प्रभावित
विश्व धरोहर कालका-शिमला रेल मार्ग पर भूस्खलन के चलते रविवार को भी कालका से शिमला और शिमला से कालका जाने वाली सभी ट्रेनों को रद्द कर दिया गया। रेलवे ट्रैक को बहाल करने का कार्य चला हुआ है। बता दें कि शनिवार को कालका-शिमला रेल मार्ग पर भूस्खलन के चलते सभी ट्रेनों को स्थगित कर दिया गया था।
हिमाचल कांग्रेस ने 3 पदाधिकारियों को सौंपी नई जिम्मेदारी
हिमाचल कांग्रेस आगामी लोकसभा चुनाव की तैयारियों में जुट गई है। इसी कड़ी में कांग्रेस प्रदेशाध्यक्ष एवं सांसद प्रतिभा सिंह ने 3 पदाधिकारियों को नई जिम्मेदारियां सौंपी हैं। जारी नियुक्ति आदेशों के तहत प्रतिभा सिंह ने पार्टी महासचिव यशपाल तनाईक को जिला सिरमौर का प्रभारी नियुक्त किया है। इसके साथ ही प्रदेश सचिव मुनीष शर्मा को बल्ह विधानसभा के साथ ही अब बंजार विधानसभा क्षेत्र का भी प्रभारी बनाया गया है।