कैबिनेट विस्तार की अटकलों के बीच CM दिल्ली रवाना, जयराम ने कांग्रेस पर लगाया मनोहर हत्याकांड पर राजनीति करने का आरोप, पढ़ें HP की 10 बड़ी खबरें

punjabkesari.in Wednesday, Jun 21, 2023 - 06:54 AM (IST)

शिमला (ब्यूरो): चक्रवाती तूफान बिपरजॉय के असर के कारण हिमाचल में भी जमकर बारिश हो रही है। हिमाचल प्रदेश में मंत्रिमंडल विस्तार की अटकलों के बीच मुख्यमंत्री सुखविंदर सिंह मंगलवार को दिल्ली के लिए रवाना हुए। राजधानी शिमला के ऑकलैंड टनल में टैक्सी चालकों के बीच हुई लड़ाई के मामले ने तूल पकड़ लिया है। हिमाचल प्रदेश में एनटीटी भर्ती में एनटीटी प्रशिक्षुओं की नियुक्ति होती नहीं दिख रही है। पूर्व सीएम एवं नेता प्रतिपक्ष जयराम ठाकुर ने कहा कि चम्बा हत्याकांड पर भाजपा पर राजनीति का आरोप लगाने वाली कांग्रेस खुद इस पर राजनीति कर रही है। कृषि एवं पशुपालन मंत्री प्रो. चंद्र कुमार ने कहा है कि कांगड़ा एयरपोर्ट विस्तार के कारण विस्थापित होने वाले लोगों का पुनर्वास किया जाएगा। दुनिया की कठिनत यात्राओं में शुमार श्रीखंड यात्रा 7 से 20 जुलाई तक आयोजित होगी। विश्व धरोहर शिमला-कालका रेल मार्ग पर पैनोरमिक विस्टाडोम कोच वाली ट्रेन का ट्रायल शुरू हो गया है। वर्ष 2024 में होने वाले लोकसभा चुनाव से पहले केंद्र की मोदी सरकार को घेरने की रणनीति बनाने के लिए युवा कांग्रेस एक राष्ट्रीय अधिवेशन आयोजित करने जा रही है। अवैध सट्टेबाजी करने और इसके लिए दूसरे व्यक्ति के नाम पर बैंक खाते खुलवाकर उन खातों से लाखों रुपए का लेनदेन करने के मामले में कांगड़ा पुलिस ने 9 लोगों को गिरफ्तार किया है।

पढ़ें हिमाचल की बड़ी खबरें सिर्फ यहां

हिमाचल के 6 जिलों में बरसे मेघ, 6 जिलों में तापमान 35 डिग्री के पार
चक्रवाती तूफान बिपरजॉय के असर के कारण हिमाचल में भी जमकर बारिश हो रही है। राज्य के 6 जिलों में जमकर मेघ बरसे हैं। मौसम विभाग के अनुसार राज्य में 26 जून तक मौसम खराब रहेगा जबकि 24 जून तक यैलो अलर्ट रहेगा। मंगलवार को शिमला, सोलन, मंडी, बिलासपुर और किन्नौर आदि जिलों में मेघ खूब बरसे। धर्मशाला में भी शाम को हल्की बूंदाबांदी हुई। 

सीएम सुखविंदर सिंह दिल्ली रवाना, मंत्रिमंडल विस्तार की अटकलें फिर तेज
हिमाचल प्रदेश में मंत्रिमंडल विस्तार की अटकलों के बीच मुख्यमंत्री सुखविंदर सिंह मंगलवार को दिल्ली के लिए रवाना हुए। इस दौरान मुख्यमंत्री पार्टी के वरिष्ठ नेताओं से सत्ता एवं संगठन से जुड़े विषयों पर चर्चा कर सकते हैं, साथ ही समय मिलने पर केंद्रीय मंत्रियों से भी मुलाकात करके हिमाचल प्रदेश से जुड़े विषयों पर चर्चा कर सकते हैं। 

चूड़ेश्वर टैक्सी ऑप्रेटर्ज यूनियन ने SP ऑफिस के बाहर किया धरना-प्रदर्शन
राजधानी शिमला के ऑकलैंड टनल में टैक्सी चालकों के बीच हुई लड़ाई के मामले ने तूल पकड़ लिया है। जिला शिमला व सिरमौर क्षेत्र की टैक्सी यूनियनों के बीच विवाद बढ़ता जा रहा है। बीते दिन जिला शिमला के टैक्सी चालकों की हुई बैठक में पंचायती राज एवं ग्रामीण विकास विभाग मंत्री अनिरुद्ध सिंह के बयान के विरोध में चूड़ेश्वर टैक्सी ऑप्रेटर्ज यूनियन ने एसपी कार्यालय के बाहर धरना-प्रदर्शन किया।

भाजपा पर आरोप लगाने वाली कांग्रेस खुद कर रही मनोहर हत्याकांड पर राजनीति
चम्बा हत्याकांड पर भाजपा पर राजनीति का आरोप लगाने वाली कांग्रेस खुद इस पर राजनीति कर रही है। यह बात पूर्व सीएम एवं नेता प्रतिपक्ष जयराम ठाकुर ने मंगलवार को पंडोह में पत्रकार वार्ता में कही। उन्होंने कहा कि मनोहर की हत्या के इतने दिन बीत जाने के बाद भी आज दिन तक सरकार का कोई नुमाइंदा उसके परिवार से मिलने क्यों नहीं गया और जब हम गए तो हमें रोका गया। 

एनटीटी के लिए अब जेबीटी को ही किया जाएगा ट्रेंड
हिमाचल प्रदेश में एनटीटी भर्ती में एनटीटी प्रशिक्षुओं की नियुक्ति होती नहीं दिख रही है। केंद्र सरकार के निर्देशों के बाद प्रदेश सरकार को यह भर्ती करना और भी मुश्किल हो गया है। ऐसे में अब हर दिन सरकार इसमें नया तरीका ढूंढ रही है। इस बार एनटीटी के लिए जेबीटी को ही ट्रेंड करने का फैसला लिया गया है और प्रारंभिक शिक्षा विभाग ने इसकी प्रक्रिया शुरू कर दी है। 

कांगड़ा एयरपोर्ट विस्तार के कारण विस्थापित होने वालों का होगा पुनर्वास
कृषि एवं पशुपालन मंत्री प्रो. चंद्र कुमार ने कहा है कि कांगड़ा एयरपोर्ट विस्तार के कारण विस्थापित होने वाले लोगों का पुनर्वास किया जाएगा। उन्होंने कहा कि रिकार्ड समय में एयरपोर्ट का विस्तार किया जाएगा। इससे भूमिहीन होने वाले लोगों को जमीन और उजड़े दुकानदारों को भी बसाया जाएगा। प्रो. चंद्र कुमार यहां पत्रकार वार्ता को संबोधित कर रहे थे। उन्होंने कहा कि मुख्यमंत्री सुखविंदर सिंह कांगड़ा को टूरिज्म कैपिटल बनाना चाहते हैं, इस उद्देश्य से एयरपोर्ट विस्तार करना जरूरी है। 

7 जुलाई से शुरू होगी श्रीखंड महादेव यात्रा
दुनिया की कठिनत यात्राओं में शुमार श्रीखंड यात्रा 7 से 20 जुलाई तक आयोजित होगी। श्रद्धालुओं की स्वास्थ्य जांच के बाद ही उन्हें यात्रा पर जाने दिया जाएगा। श्रीखंड यात्रा ट्रस्ट की ओर से यह यात्रा जिला कुल्लू प्रशासन की देखरेख में करवाई जाएगी। यात्रा शुरू करने से पूर्व श्रद्धालुओं की स्वास्थ्य जांच होगी और इसके बाद ही उन्हें यात्रा पर जाने की अनुमति दी जाएगी। इस यात्रा के लिए पंजीकरण करवाना अनिवार्य है।

मोदी सरकार को घेरने की रणनीति बनाएगी युवा कांग्रेस
वर्ष 2024 में होने वाले लोकसभा चुनाव से पहले केंद्र की मोदी सरकार को घेरने की रणनीति बनाने के लिए युवा कांग्रेस एक राष्ट्रीय अधिवेशन आयोजित करने जा रही है। यह अधिवेशन 10, 11 व 12 जुलाई का बेंगलुरु में होगा। युवा कांग्रेस के प्रदेशाध्यक्ष निगम भंडारी ने मंगलवार को राजीव भवन में आयोजित पत्रकार वार्ता में यह बात कही।

कालका से शिमला तक दौड़ी पैनोरमिक कोच वाली ट्रेन
विश्व धरोहर शिमला-कालका रेल मार्ग पर पैनोरमिक विस्टाडोम कोच वाली ट्रेन का ट्रायल शुरू हो गया है। मंगलवार को 4 नए कोच का ट्रायल कालका से शिमला के बीच किया गया। इस दौरान अलग-अलग स्पीड पर कोच का ट्रायल किया गया। ट्रायल प्रक्रिया के दौरान रिसर्च डिजाइन एंड स्टैंडर्ड ऑर्गेनाइजेशन (आरडीएसओ) की टीम ने सभी पहलुओं पर गौर किया और इस दौरान रेल मार्ग पर बीच-बीच रुककर और ट्रैक व तीखे मोड़ों का अध्ययन करते हुए टीम ने ट्रायल किया। 

कांगड़ा पुलिस ने मोहाली से दबोचे यूपी व छत्तीसगढ़ के 9 आरोपी
अवैध सट्टेबाजी करने और इसके लिए दूसरे व्यक्ति के नाम पर बैंक खाते खुलवाकर उन खातों से लाखों रुपए का लेनदेन करने के मामले में कांगड़ा पुलिस ने 9 लोगों को गिरफ्तार किया है। इससे पहले बैजनाथ-पपरोला के 2 युवाओं को पिछले सप्ताह ही पुलिस ने गिरफ्तार किया था जबकि सोमवार शाम को मोहाली स्थित 2 फ्लैटों में दबिश देकर उत्तर प्रदेश व छत्तीसगढ़ के 9 अन्य आरोपियों को गिरफ्तार किया गया है।


सबसे ज्यादा पढ़े गए

Content Writer

Vijay

Related News