हिमाचल में 2 दिन भारी बारिश की चेतावनी, नगर निगम चुनाव को लेकर कांग्रेस-भाजपा आमने-सामने, पढ़ें HP की 10 बड़ी खबरें
punjabkesari.in Saturday, Apr 29, 2023 - 06:59 AM (IST)

शिमला (ब्यूरो): राज्य में लगातार 4 दिन जहां यैलो अलर्ट रहेगा, वहीं इनके बीच में 2 दिन भारी बारिश, ओलावृष्टि व अंधड़ की चेतावनी जारी की गई है। मुख्यमंत्री ठाकुर सुखविंदर सिंह सुक्खू ने कहा कि प्रदेश सरकार द्वारा सरकारी संस्थानों में शीघ्र ही रोबोटिक्स, ब्लॉकचेन टैक्नोलॉजी, साइबर सुरक्षा, क्लाऊड कम्प्यूटिंग, डाटा एनालिटिक्स, आर्टिफिशियल इंटैलीजैंस और मशीन लर्निंग जैसे पाठ्यक्रम शुरू किए जाएंगे। कांग्रेस के प्रदेश प्रभारी एवं सांसद राजीव शुक्ला ने कहा कि प्रदेश भाजपा शिमला नगर निगम चुनाव में प्रधानमंत्री नरेंद्र मोदी के पोस्टर लेकर नहीं अपने 5 साल के काम पर जनता से वोट मांगे। उपमुख्यमंत्री मुकेश अग्रिहोत्री ने कहा कि प्रदेश में भाजपा के नेता मुंगेरी लाल के हसीन सपने देख रहे हैं। शिमला में पत्रकार वार्ता के दौरान विधायक एवं पूर्व विधानसभा अध्यक्ष विपिन परमार ने कहा कि नगर निगम में काबिज होने के बाद हिमाचल में भी भाजपा फिर से सत्तासीन होगी। नगर निगम शिमला चुनाव को लेकर भाजपा नेता प्रतिपक्ष जयराम ठाकुर ने शुक्रवार को बालूगंज वार्ड में चुनाव प्रचार के दौरान जहां मतदाताओं से भाजपा के पक्ष में वोट मांगे वहीं कांग्रेस पार्टी पर भी निशाना साधा। हमीरपुर के गांधी चौक पर शुक्रवार शाम को 2 गुटों के बीच जमकर दराट व डंडे चले। ऊना जिले में दौलतपुर चौक के गांव गणु मंदवाड़ा में हुए सड़क हादसे में महिला की मौत हो गई जबकि उसकी 8 माह की बेटी सहित 4 युवक घायल हुए हैं। हिमाचल प्रदेश में बीते 24 घंटों के अंदर कोरोना के 202 नए पॉजिटिव मामले आए हैं।
पढ़ें हिमाचल की बड़ी खबरें सिर्फ यहां
हिमाचल में 4 दिन मौसम खराब, 2 दिन भारी बारिश की चेतावनी
राज्य में लगातार 4 दिन जहां यैलो अलर्ट रहेगा, वहीं इनके बीच में 2 दिन भारी बारिश, ओलावृष्टि व अंधड़ की चेतावनी जारी की गई है। यैलो अलर्ट के बीच में राज्य में पिछले 24 घंटों में अनेक स्थानों पर हल्की से मध्यम दर्जे की वर्षा व एक-दो स्थानों पर हिमपात हुआ है, जिसमें गोंदला में 11 व केलांग में 6 सैंटीमीटर ताजा बर्फबारी हुई है।
सरकारी संस्थानों में जल्द शुरू होंगे रोबोटिक्स, ब्लॉकचेन टैक्नोलॉजी आदि के कोर्स
मुख्यमंत्री ठाकुर सुखविंदर सिंह सुक्खू ने कहा कि प्रदेश सरकार द्वारा सरकारी संस्थानों में शीघ्र ही रोबोटिक्स, ब्लॉकचेन टैक्नोलॉजी, साइबर सुरक्षा, क्लाऊड कम्प्यूटिंग, डाटा एनालिटिक्स, आर्टिफिशियल इंटैलीजैंस और मशीन लर्निंग जैसे पाठ्यक्रम शुरू किए जाएंगे ताकि युवाओं को रोजगार के बेहतर अवसर हासिल हो सकें। उन्होंने कहा कि राज्य सरकार प्रदेश के छात्रों को रोजगारोन्मुखी तकनीकी शिक्षा प्रदान करने के लिए प्रतिबद्ध है, जिससे वे औद्योगिक क्षेत्र की मांग के अनुसार अपने कौशल का विकास कर सकें।
राजीव शुक्ला बोले-भाजपा मोदी के पोस्टर लेकर नहीं अपने काम पर मांगे वोट
प्रदेश भाजपा शिमला नगर निगम चुनाव में प्रधानमंत्री नरेंद्र मोदी के पोस्टर लेकर नहीं अपने 5 साल के काम पर जनता से वोट मांगे। कांग्रेस के प्रदेश प्रभारी एवं सांसद राजीव शुक्ला ने शुक्रवार को राजीव भवन में आयोजित पत्रकार वार्ता में यह बात कही। उन्होंने कहा कि प्रदेश में 5 साल तक भाजपा की सरकार रही, एमसी में भाजपा काबिज थी और केंद्र में भाजपा सरकार थी लेकिन ट्रिपल इंजन की सरकार शिमला शहर का विकास तक सुनिश्चित नहीं कर पाई।
भाजपा का सपना ही रह जाएगा, पूरे 5 साल चलेगी सरकार
उपमुख्यमंत्री मुकेश अग्रिहोत्री ने कहा कि प्रदेश में भाजपा के नेता मुंगेरी लाल के हसीन सपने देख रहे हैं। उन्होंने कहा कि विधायक एवं पूर्व विधानसभा अध्यक्ष विपिन सिंह परमार शिमला एमसी चुनाव में जीत का जो दावा कर रहे हैं, वह सपना ही बनकर रह जाएगा। उन्होंने कहा कि पूर्व विधानसभा अध्यक्ष को मालूम होना चाहिए कि प्रदेश में कांग्रेस की पूर्ण बहुमत वाली एक मजबूत सरकार है, जो ठोक बचाकर अपने 5 साल के कार्यकाल को पूरा करेगी।
नगर निगम के बाद प्रदेश में फिर सत्तासीन होगी भाजपा
नगर निगम शिमला के चुनावों के दौरान नेताओं के आरोप व प्रत्यारोप का दौर जारी है। शिमला में पत्रकार वार्ता करते हुए विधायक एवं पूर्व विधानसभा अध्यक्ष विपिन परमार ने कहा कि कांग्रेस के बड़े दिग्गज बोल रहे हैं कि इन्होंने हमारा गला दबा रखा है। हम अपनी बात कहीं नहीं रख सकते हैं। उन्होंने दावा किया कि नगर निगम में काबिज होने के बाद हिमाचल में भी भाजपा फिर से सत्तासीन होगी।
कांग्रेस ने शिमला शहर के लिए कुछ किया है तो उसका ब्यौरा जनता के सामने रखे
नगर निगम शिमला चुनाव को लेकर प्रचार में उतरे भाजपा नेता प्रतिपक्ष जयराम ठाकुर ने शुक्रवार को बालूगंज वार्ड में चुनाव प्रचार किया। इस दौरान उन्होंने जहां मतदाताओं से भाजपा के पक्ष में वोट मांगे वहीं कांग्रेस पार्टी पर भी निशाना साधा। उन्होंने कहा कांग्रेस पार्टी जब सत्ता में थी तो उसने शिमला के विकास के लिए कोई काम नहीं किया और पिछले 5 साल में भाजपा शासित नगर निगम ने करोड़ों के काम कर शिमला को अभूतपूर्व विकास दिया।
हमीरपुर के गांधी चौक पर गुंडागर्दी का नंगा नाच
हमीरपुर के गांधी चौक पर शुक्रवार शाम करीब 5 बजे 2 गुटों में युवकों का टोला आता है और सरेआम दराट व डंडे लेकर एक-दूसरे पर हमला कर देते हैं। इस दौरान एक गुट का लड़का दराट के वार से हैल्मैट होने के चलते बच जाता है अन्यथा उसका सिर भी धड़ से अलग हो जाता। गांधी चौक शहर का मुख्य चौक है तथा यहां पर दिनभर लोगों की भीड़ रहती है तथा बच्चे व महिलाएं यहां पर घूमने आते हैं लेकिन शुक्रवार को जो यहां पर दिनदहाड़े गुंडागर्दी का नंगा नाच देखने को मिला, उससे कानून व्यवस्था पर सवालिया निशान खड़े हो रहे हैं।
गणु मंदवाड़ा में कार की टक्कर से महिला की मौत, 8 माह की बच्ची सहित 5 घायल
दौलतपुर चौक के गांव गणु मंदवाड़ा में एक सड़क हादसा पेश आया है, जिसमें एक महिला की जान चली गई जबकि उसकी 8 माह की बेटी सहित 4 युवक घायल हुए हैं। स्थानीय लोगों ने घायल लोगों को सीएचसी दौलतपुर चौक पहुंचाया लेकिन वहां पर डाॅक्टर ने महिला को मृत घोषित कर दिया जबकि अन्य घायलों के प्राथमिक उपचार में जुट गए।
एटीएम कार्ड बदलकर महिला के खाते से निकाले 1.43 लाख रुपए
पुलिस थाना कांगड़ा के अंतर्गत एक व्यक्ति ने महिला का एटीएम कार्ड बदलकर उसके खाते से 1 लाख 43 हजार रुपए उड़ा लिए। डीएसपी कांगड़ा मदन धीमान ने बताया कि एक महिला शुक्रवार को एटीएम गई और वहां एक व्यक्ति को पैसे निकालने के लिए मदद करने को कहा। उस व्यक्ति नेे एक हजार रुपए निकालने के बाद कहा कि अब एटीएम मशीन काम नहीं कर रही है।
ज्लैवरी शॉप से 14 लाख के गहने लेकर भागा कारीगर कानपुर से गिरफ्तार
जिला मुख्यालय नाहन की एक ज्लैवरी शॉप से करीब 14 लाख रुपए की कीमत के 22 तोले सोने के आभूषण लेकर भागे कारीगर को पुलिस ने उत्तर प्रदेश के कानपुर से दबोच लिया है। कानपुर रेलवे पुलिस की सहायता से सिरमौर पुलिस ने आरोपी को गिरफ्तार किया है। शुक्रवार को पत्रकार वार्ता में डीएसपी हैडक्वार्टर मीनाक्षी शाह ने बताया कि इस संदर्भ में नाहन शहर के गुन्नूघाट निवासी विशारद वर्मा ने 25 अप्रैल को थाना सदर नाहन में शिकायत दर्ज करवाई थी।
हिमाचल में कोरोना 202 नए पॉजिटिव केस, एक दिन में 177 मरीज हुए स्वस्थ
हिमाचल प्रदेश में बीते 24 घंटों के अंदर कोरोना के 202 नए पॉजिटिव मामले आए हैं। संक्रमितों में बिलासपुर के 9, चम्बा के 10, हमीरपुर के 23, कांगड़ा के 43, किन्नौर के 5, कुल्लू के 28, मंडी के 40, शिमला के 10, सिरमौर के 12, सोलन के 9 व ऊना के 13 मरीज शामिल हैं। वहीं एक दिन के अंदर 177 मरीज स्वस्थ हुए हैं।