MC Election को लेकर BJP आज जारी करेगी घोषणा पत्र, हिमाचल में वाटर सैस लगाने से हरियाणा को नहीं होगा नुक्सान, पढ़ें HP की 10 बड़ी खबरें
punjabkesari.in Sunday, Apr 23, 2023 - 06:18 AM (IST)

शिमला (ब्यूरो): राज्य में शनिवार को मौसम बेशक साफ रहा लेकिन बादलनुमा मौसम के चलते ठंडक बरकरार है। राजधानी शिमला सहित मध्य व उच्च पर्वतीय इलाकों में ठंड बनी हुई है। नगर निगम शिमला के 2 मई को होने वाले चुनाव के लिए भाजपा रविवार को घोषणा पत्र जारी करेगी। इस घोषणा पत्र में भाजपा शासित नगर निगम की उपलब्धियों के अलावा भविष्य के रोडमैप को जनता के सामने रखा जाएगा। मुख्यमंत्री सुखविंदर सिंह ने कहा कि हिमाचल प्रदेश की 172 जल विद्युत परियोजनाओं पर लगाए जाने वाले वाटर सैस (जल उपकर) से हरियाणा को किसी तरह का कोई नुक्सान नहीं होगा। कांग्रेस नेता व कांगड़ा सहकारी बैंक के पूर्व अध्यक्ष एवं सुलह विधानसभा से कांग्रेस प्रत्याशी रहे जगदीश सिपहिया निधन हो गया। मुख्यमंत्री सुखविंदर सिंह ने इस बार विधानसभा चुनाव में सबसे कम खर्च किया और न केवल चुनाव जीता अपितु मुख्यमंत्री के पद पर आसीन हुए। भाजपा के वरिष्ठ नेता शांता कुमार ने कहा कि चीन को पछाड़कर विश्व में सर्वाधिक जनसंख्या वाला देश बनना भारत के लिए प्रसन्नता की नहीं अपितु भयंकर चिंता और अंधकारमय भविष्य की बात है। राज्यसभा सांसद और पूर्व में रही प्रदेश भाजपा महिला मोर्चा की अध्यक्ष इंदु गोस्वामी ने हमीरपुर के नेरी में पत्रकारों के सवालों का जवाब देते हुए कहा कि किसने कहा भाजपा प्रदेश अध्यक्ष सुरेश कश्यप ने इस्तीफा दिया है। केंद्र सरकार ने प्रधानमंत्री मातृ वंदना योजना में बदलाव किया है, ऐसे में अब इस योजना के तहत दूसरी बेटी होने पर 6 हजार रुपए मिलेंगे।
पढ़ें हिमाचल की बड़ी खबरें सिर्फ यहां
मनाली, कोठी व ठियोग में बारिश, प्रदेश में 4 दिन तक खराब रहेगा मौसम
राज्य में शनिवार को मौसम बेशक साफ रहा लेकिन बादलनुमा मौसम के चलते ठंडक बरकरार है। राजधानी शिमला सहित मध्य व उच्च पर्वतीय इलाकों में ठंड बनी हुई है। मौसम विभाग के अनुसार आगामी तीन दिनों तक मध्य व उच्च पर्वतीय क्षेत्रों में मौसम खराब रहने के आसार हैं, जबकि 24 अप्रैल की रात्रि से ताजा पश्चिमी विक्षोभ सक्रिय होगा, जिससे 26 अप्रैल को अंधड़ का यैलो अलर्ट जारी किया गया है।
भाजपा रविवार को जारी करेगी घोषणा पत्र, सोमवार से सभी वार्डों में होंगी नुक्कड़ सभाएं
नगर निगम शिमला के 2 मई को होने वाले चुनाव के लिए भाजपा रविवार को घोषणा पत्र जारी करेगी। इस घोषणा पत्र में भाजपा शासित नगर निगम की उपलब्धियों के अलावा भविष्य के रोडमैप को जनता के सामने रखा जाएगा। नेता प्रतिपक्ष एवं पूर्व मुख्यमंत्री जयराम ठाकुर, प्रदेश भाजपा अध्यक्ष सुरेश कश्यप एवं चुनाव घोषणा पत्र समिति के अध्यक्ष गणेश दत्त सहित अन्य नेता इस अवसर पर मौजूद रहेंगे।
हिमाचल में वाटर सैस लगाने से हरियाणा को नहीं होगा नुक्सान
मुख्यमंत्री सुखविंदर सिंह ने कहा कि हिमाचल प्रदेश की 172 जल विद्युत परियोजनाओं पर लगाए जाने वाले वाटर सैस (जल उपकर) से हरियाणा को किसी तरह का कोई नुक्सान नहीं होगा। उन्होंने यह बात हरियाणा के मुख्यमंत्री मनोहर लाल खट्टर के साथ चंडीगढ़ में हुई मुलाकात के दौरान कही। उन्होंने स्पष्ट किया कि वाटर सैस के विषय में भ्रांतियों को फैलाया जा रहा है।
केसीसी बैंक के पूर्व अध्यक्ष व कांग्रेस नेता जगदीश सिपहिया का निधन
कांग्रेस नेता व कांगड़ा सहकारी बैंक के पूर्व अध्यक्ष एवं सुलह विधानसभा से कांग्रेस प्रत्याशी रहे जगदीश सिपहिया निधन हो गया। जगदीश सिपहिया विगत कुछ दिन से अस्वस्थ थे तथा ब्रेन हैमरेज हाेने के पश्चात चड़ीगढ़ के निजी चिकित्सा संस्थान में भर्ती थे। उन्होंने चंडीगढ़ में ही अंतिम सांस ली। शनिवार को उनके पैतृक गांव आलमपुर में अंतिम संस्कार कर दिया गया।
विधानसभा चुनावों में इन प्रत्याशियों ने किया सबसे ज्यादा खर्च
मुख्यमंत्री सुखविंदर सिंह ने इस बार विधानसभा चुनाव में सबसे कम खर्च किया और न केवल चुनाव जीता अपितु मुख्यमंत्री के पद पर आसीन हुए। एसोसिएशन फार डैमोक्रेटिक रिफॉर्मज (एडीआर) और हिमाचल प्रदेश इलैक्शन वॉच ने राज्य के विधानसभा चुनाव के बाद 66 विधायकों के चुनाव खर्च के विवरण का विश्लेषण किया है जबकि 2 विधायकों के चुनाव खर्च का विवरण उपलब्ध न होने के कारण उनका विश्लेषण नहीं हो सका है।
सर्वाधिक जनसंख्या वाला देश बनना प्रसन्नता नहीं चिंता की बात
चीन को पछाड़कर विश्व में सर्वाधिक जनसंख्या वाला देश बनना भारत के लिए प्रसन्नता की नहीं अपितु भयंकर चिंता और अंधकारमय भविष्य की बात है। ऐसे में जनसंख्या रोकने के लिए कड़े कदम नहीं उठाए गए तो भारत का भविष्य संकट में हो जाएगा। देश की जनता और राजनीतिक दल इस महत्वपूर्ण विषय पर जनमत जागृत करें ताकि देश अति शीघ्र बढ़ती आबादी को रोकने के लिए कानून बनाए।
भाजपा प्रदेशाध्यक्ष सुरेश कश्यप के इस्तीफे को लेकर इंदु गोस्वामी का बड़ा बयान
राज्यसभा सांसद और पूर्व में रही प्रदेश भाजपा महिला मोर्चा की अध्यक्ष इंदु गोस्वामी ने हमीरपुर के नेरी में पत्रकारों के सवालों का जवाब देते हुए कहा कि किसने कहा भाजपा प्रदेश अध्यक्ष सुरेश कश्यप ने इस्तीफा दिया है। उन्होंने कहा कि सब सुनी सुनाई बातें हैं। राज्यसभा सांसद इंदु गोस्वामी शनिवार को ठाकुर राम सिंह इतिहास शोध संस्थान नेरी में 2 दिवसीय नैशनल कांफ्रैंस के शुभारंभ अवसर पर बतौर मुख्यातिथि पहुंची हुई थीं।
कोरोना से 2 और लोगों की मौत, जानिए कितने आए नए पॉजिटिव केस
हिमाचल प्रदेश में कोरोना से मौतों का सिलसिला जारी है। रविवार को 2 और लोगों की काेरोना संक्रमण से मौत हुई है। इनमें कांगड़ा में 45 वर्षीय व ऊना में 40 वर्षीय व्यक्ति शामिल है। बीते 24 घंटे के अंदर कोरोना के 103 नए पॉजिटिव मामले आए हैं। संक्रमितों में बिलासपुर के 9, चम्बा के 3, हमीरपुर के 4, कांगड़ा के 39, किन्नौर के 2, कुल्लू के 11, मंडी के 18, शिमला के 4, सिरमौर के 1, सोलन के 3 व ऊना के 9 मरीज शामिल हैं।
अब दूसरी संतान बेटी होने पर मिलेंगे 6 हजार रुपए
केंद्र सरकार ने प्रधानमंत्री मातृ वंदना योजना में बदलाव किया है, ऐसे में अब इस योजना के तहत दूसरी बेटी होने पर 6 हजार रुपए मिलेंगे। इसके साथ ही महिलाओं को अब यह राशि तीन किस्तोंं में नहीं बल्कि दो किस्तों में दी जाएगी। महिला एवं बाल विकास विभाग की ओर से सभी जिलोंं को इस संबंध में निर्देश जारी कर दिए गए हैं।
बागवानी विभाग ने तैयार की आम की 6 नई किस्में
हिमाचल प्रदेश में नई किस्म के आम अब 20 अगस्त के बाद बाजार में आएंगे। हिमाचल प्रदेश बागवानी विभाग ने 1293 करोड़ रुपए से हिमाचल प्रदेश बागवानी विकास प्रोजैक्ट (एचपीएचडीपी) के तहत आम की 6 नई किस्मों के पौधे तैयार किए हैं। इसमें पूसा अरुनिमा, पूसा लालिमा, पूसा सूर्या, पूसा श्रेष्ठा, मल्लिका तथा चौसा की नई किस्म तैयार की हैं।
2.311 किलोग्राम चरस के साथ दिल्ली व हरियाणा के 2 लोग गिरफ्तार
ढली थाना के तहत पुलिस ने दिल्ली व हरियाणा के 2 लोगों को चरस की खेप के साथ गिरफ्तार करने में कामयाबी हासिल की है। आरोपियों के कब्जे से 2.311 किलोग्राम चरस बरामद हुई है। पुलिस को यह सफलता ढली में जनजातीय भवन के पास गश्त के दौरान रोकी गई गाड़ी को चैक करने के दौरान मिली है।