हिमाचल दिवस पर कर्मचारियों व पैंशनरों को CM की बड़ी सौगात, केंद्रीय मंत्री ने गांधी परिवार पर साधा निशाना, पढ़ें HP की 10 बड़ी खबरें
punjabkesari.in Sunday, Apr 16, 2023 - 06:17 AM (IST)

शिमला (ब्यूरो): हिमाचल प्रदेश के शिमला जिले के रोहड़ू क्षेत्र में ओलावृष्टि हुई है जबकि कुल्लू जिले के कई क्षेत्रों में आंधी चलने से नुक्सान हुआ है। राज्य स्तरीय हिमाचल दिवस समारोह के अवसर पर मुख्यमंत्री सुखविंदर सिंह ने राज्य के सभी कर्मचारियों और पैंशनर्ज के लिए महंगाई भत्ते में 3 प्रतिशत की बढ़ौतरी की घोषणा की। उपमुख्यमंत्री मुकेश अग्निहोत्री ने कहा कि प्रदेश में नशे के सौदागर बख्शे नहीं जाएंगे। मुख्यमंत्री ने कहा कि हिमाचल के जनजातीय क्षेत्रों के विकास को आधुनिक तकनीक से जोड़ा जाएगा और यहां पर पर्यटन को बढ़ावा देने के लिए भरपूर प्रयास किए जाएंगे। लोक निर्माण एवं युवा सेवाएं व खेल मंत्री विक्रमादित्य सिंह ने नेता प्रतिपक्ष जयराम ठाकुर को जिम्मेदार नेता की तरह व्यवहार करने की सलाह दी है। ऊना में केंद्रीय मंत्री अनुराग ठाकुर ने गांधी परिवार पर निशाना साधा। प्रदेश में 104 नए मामले सामने आए हैं और एक्टिव केसों का आंकड़ा 2 हजार पार हो गया है। केंद्रीय सूचना व प्रसारण एवं युवा कार्यक्रम व खेल मंत्री अनुराग सिंह ठाकुर के मार्गदर्शन में चलने वाली अस्पताल सांसद मोबाइल स्वास्थ्य सेवा के 5 साल पूरे होने पर डीएवी सैंटेनरी स्कूल ऊना में मुफ्त नेत्र जांच शिविर का आयोजन किया गया। पुलिस थाना रोहड़ू के अंतर्गत थमटाड़ी-जुणीधार सड़क पर एक टिप्पर के खाई में गिरने से 2 लोगों की मौत हो गई। नादौन पुलिस ने नशे के अवैध कारोबार व आपूर्ति में संलिप्त मुख्य सरगना संजीव कुमार उर्फ जहाजी निवासी गांव बुढाना (नादौन) को गिरफ्तार किया है।
पढ़ें हिमाचल की बड़ी खबरें सिर्फ यहां
रोहड़ू में ओलावृष्टि, कुल्लू में आंधी से पेड़ गिरे
पश्चिमी विक्षोभ के सक्रिय होते ही शनिवार को हिमाचल प्रदेश के शिमला जिले के रोहड़ू क्षेत्र में ओलावृष्टि हुई है जबकि कुल्लू जिले के कई क्षेत्रों में आंधी चलने से नुक्सान हुआ है। पेड़ गिरने से कई जगह पर विद्युत आपूर्ति भी बाधित हुई है। मौसम विभाग के अनुसार पिछले 24 घंटों में ऊना जिले में अधिकतम 38.5 डिग्री सैल्सियस तापमान रिकाॅर्ड किया गया जबकि केलांग में 3.0 डिग्री न्यूनतम तापमान रहा।
हिमाचल दिवस पर कर्मचारियों और पैंशनरों को सीएम का बड़ा तोहफा
राज्य स्तरीय हिमाचल दिवस समारोह के अवसर पर मुख्यमंत्री सुखविंदर सिंह ने राज्य के सभी कर्मचारियों और पैंशनर्ज के लिए महंगाई भत्ते में 3 प्रतिशत की बढ़ौतरी की घोषणा की। इसे 31 प्रतिशत से बढ़ाकर 34 प्रतिशत किया गया है। इस निर्णय से राज्य के लगभग 2.15 लाख कर्मचारी और 1.90 लाख पैंशनधारक लाभान्वित होंगे। इससे राजकोष पर लगभग 500 करोड़ रुपए का अतिरिक्त बोझ पड़ेगा।
अनुराग बोले-कांग्रेस पार्टी पचा नहीं पा रही कि गांधी परिवार को कैसे हो गई सजा
केंद्रीय मंत्री अनुराग ठाकुर ने कहा कि राहुल गांधी का यह कहना है कि गांधी परिवार माफी नहीं मांगता है। लगता है कि उनको इतिहास का ज्ञान नहीं है। पंडित जवाहर लाल नेहरू ने नाभा जेल में माफी मांगी थी, तब जाकर उनको तड़ीपार से बाहर निकलकर छूट मिली थी। स्वयं राहुल गांधी ने कोर्ट की वॉर्निग मिलने पर लिखित तौर पर माफी मांगी थी।
बख्शे नहीं जाएंगे नशे के सौदागर, पुलिस को दिया फ्री हैंड
उपमुख्यमंत्री मुकेश अग्निहोत्री ने कहा कि प्रदेश में नशे के सौदागर बख्शे नहीं जाएंगे। इसके लिए पुलिस को भी फ्री हैंड दिया है। नाहन में पत्रकार वार्ता में उन्होंने कहा कि प्रदेश में सिंथैटिक ड्रग विशेषकर चिट्टे की तस्करी पर शिकंजा कसने के लिए सरकार प्रयासरत है। उन्होंने कहा कि आखिरकार नशे की तस्करी कहां से हो रही है, इसकी बैक टू बैक जांच की जा रही है।
आधुनिक तकनीक से जोड़े जाएंगे हिमाचल के जनजातीय क्षेत्र
हिमाचल के जनजातीय क्षेत्रों के विकास को आधुनिक तकनीक से जोड़ा जाएगा और यहां पर पर्यटन को बढ़ावा देने के लिए भरपूर प्रयास किए जाएंगे। मुख्यमंत्री सुखविंदर सिंह ने पर्यटकों को सुविधाएं प्रदान करने के लिए आधारभूत ढांचे को सुदृढ़ करने के लिए कई घोषणाएं भी कीं तथा कहा कि स्पीति घाटी में 4जी सेवाओं का विस्तार किया जाएगा।
विक्रमादित्य सिंह ने नेता प्रतिपक्ष जयराम ठाकुर को दी ये सलाह
पूर्व मुख्यमंत्री एवं नेता प्रतिपक्ष जयराम ठाकुर कभी कहते हैं कि ऑप्रेशन लोटस करेंगे तो कभी कहते हैं प्रदेश सरकार ज्यादा दिन नहीं चल पाएगी। उन्हें मालूम होना चाहिए कि कांग्रेस के पास उनसे ज्यादा विधायक हैं और वे अपना कार्यकाल पूरा करेंगे। यह बात लोक निर्माण एवं युवा सेवाएं व खेल मंत्री विक्रमादित्य सिंह ने शनिवार को मंडी में आयोजित पत्रकार वार्ता में कही।
हिमाचल में कोराेना के 104 नए पॉजिटव केस
अवकाश के चलते कोरोना के टैस्ट कम होने के बावजूद भी शनिवार को प्रदेश में 104 नए मामले सामने आए हैं और एक्टिव केसों का आंकड़ा 2 हजार पार हो गया है। राज्य में 1296 लोगों के टैस्टों की जांच की गई, जिसमें से रैंडम एंटीजन टैस्टिंग के 948, आरटी-पीसीआर के 348 सैंपल शामिल रहे, जिसमें से 104 लोग पॉजिटिव आए हैं।
सांसद मोबाइल स्वास्थ्य सेवा के 5 साल पूरे होने ऊना में लगाया मुफ्त नेत्र जांच शिविर
केंद्रीय सूचना व प्रसारण एवं युवा कार्यक्रम व खेल मंत्री अनुराग सिंह ठाकुर के मार्गदर्शन में चलने वाली अस्पताल सांसद मोबाइल स्वास्थ्य सेवा के 5 साल पूरे होने पर डीएवी सैंटेनरी स्कूल ऊना में मुफ्त नेत्र जांच शिविर का आयोजन किया गया। इस शिविर में राज्यपाल शिव प्रताप शुक्ल ने बतौर मुख्यातिथि शिरकत की। शिविर में 6380 लोगों की आंखों की जांच की और 4875 को नंबर वाले चश्मों का वितरण किया गया।
टिप्पर खाई में गिरा, कांगडा व चम्बा के 2 लोगों की मौत
पुलिस थाना रोहड़ू के अंतर्गत थमटाड़ी-जुणीधार सड़क पर एक टिप्पर (एचपी 52डी-1027) के गहरी खाई में गिरने से 2 लोगों की मौत हो गई। पुलिस से मिली जानकारी के अनुसार यह हादसा बीती देर रात उस समय पेश आया जब राजेश पुत्र चिंपू राम (28) निवासी डाढ तहसील पालमपुर जिला कांगड़ा व चेतराम पुत्र टेकचंद (32) निवासी घरेड़ी तहसील सलूणी जिला चम्बा यहां पर एक क्रशर मशीन की मुरम्मत करने आए थे।
नादौन पुलिस ने नशे के अवैध कारोबार का मुख्य सरगना किया गिरफ्तार
नादौन पुलिस द्वारा नशा तस्करों के विरुद्ध छेड़े अभियान से नशा तस्करों में हड़कंप मचा हुआ है। एसपी हमीरपुर डाॅ. आकृति शर्मा के दिशा-निर्देश पर पुलिस ने नशा माफिया पर शिकंजा कस दिया है। शनिवार को नशे के अवैध कारोबार व आपूर्ति में संलिप्त मुख्य सरगना संजीव कुमार उर्फ जहाजी निवासी गांव बुढाना (नादौन) को पुलिस ने गिरफ्तार किया है।