शिमला नगर निगम चुनाव का ऐलान, विधानसभा में हिमाचल प्रदेश लोकतंत्र प्रहरी सम्मान अधिनियम निरस्त, पढ़ें HP की 10 बड़ी खबरें
punjabkesari.in Tuesday, Apr 04, 2023 - 05:22 AM (IST)

शिमला (ब्यूरो): पश्चिमी विक्षोभ के सक्रिय रहने के कारण मौसम विभाग ने मंगलवा को यैलो अलर्ट जारी किया है। शिमला नगर निगम चुनाव का ऐलान हो गया है। राज्य चुनाव आयोग ने नगर निगम शिमला के चुनाव शैड्यूल जारी कर दिया है। हिमाचल प्रदेश लोकतंत्र प्रहरी सम्मान कानून को रद्द करने संबंधी सरकार द्वारा लाए गए विधेयक को सदन में सोमवार को विपक्ष के भारी विरोध के बीच ध्वनिमत से पारित कर दिया। वहीं बेटियों को अधिकार देने के लिए हिमाचल प्रदेश भू-जोत अधिकतम सीमा (संशोधन) विधेयक, 2023 को सोमवार को सदन में पारित कर दिया। राष्ट्रपति द्रौपदी मुर्मू 18 से 20 अप्रैल तक शिमला आ रही हैं और इस प्रस्तावित दौरे के दौरान वह शिमला स्थित राष्ट्रपति निवास दी रिट्रीट में रुकेंगी। प्रदेश के 3 जिलों के 36 विकास खंडों में तकनीकी सहायकों के 536 पद भरे जाएंगे। कुल्लू जिला के बजौरा में मां की ममता को शर्मसार करने वाला एक मामला सामने आया है। हिमाचल में कोरोना के मामले फिर से बढ़ गए हैं। सिरमौर जिला के पांवटा साहिब में मुख्य बाजार में स्थित यूनियन बैंक में एक बुजुर्ग व्यक्ति से एक अज्ञात व्यक्ति नोट बदलवाने के बहाने डेढ़ लाख रुपए लेकर फरार हो गया।
पढ़ें हिमाचल की बड़ी खबरें सिर्फ यहां
हिमाचल में आज यैलो अलर्ट, कल से मौसम साफ
पश्चिमी विक्षोभ के सक्रिय रहने के कारण मौसम विभाग ने यैलो अलर्ट जारी किया है। हालांकि बुधवार से आगामी 5 दिनों तक मौसम के साफ व शुष्क रहने की संभावनाएं हैं। रोहतांग सहित शिंकुला, बरालाचा, कुंजुम व सभी ऊंची चोटियों में सोमवार को दोपहर बाद बर्फबारी का क्रम शुरू हो गया है।
नगर निगम चुनाव का ऐलान, 2 मई को होगा मतदान
शिमला नगर निगम चुनाव का ऐलान हो गया है। राज्य चुनाव आयोग ने नगर निगम शिमला के चुनाव शैड्यूल जारी कर दिया है। इसके तहत नगर निगम चुनावों के लिए मतदान 2 मई को होगा। मतों की गणना 4 मई को होगी। राज्य चुनाव आयोग की ओर से जारी चुनावी कार्यक्रम के तहत 13 , 17 व 18 अप्रैल को सुबह 11 से शाम 3 बजे तक नामांकन पत्र भरे जा सकेंगे।
विपक्ष के विरोध के बीच हिमाचल प्रदेश लोकतंत्र प्रहरी सम्मान अधिनियम निरस्त
हिमाचल प्रदेश लोकतंत्र प्रहरी सम्मान कानून को रद्द करने संबंधी सरकार द्वारा लाए गए विधेयक को सदन में सोमवार को विपक्ष के भारी विरोध के बीच ध्वनिमत से पारित कर दिया। इस कानून को निरस्त करने के विरोध में विपक्ष ने पहले सदन में जोरदार हंगामा किया और बाद में पूरा विपक्ष विरोध स्वरूप सदन से उठकर बाहर चला गया।
बेटियों को अधिकार देने का संशोधन विधेयक सदन में पारित
बेटियों को अधिकार देने के लिए विधानसभा में हिमाचल प्रदेश भू-जोत अधिकतम सीमा (संशोधन) विधेयक, 2023 को सोमवार को सदन में पारित कर दिया। राजस्व मंत्री जगत सिंह नेगी ने इस संशोधन विधेयक को प्रस्तुत किया। इस विधेयक के प्रावधानों के अनुसार परिवार में अब पुत्र की तरह पुत्री को भी अलग इकाई माना जाएगा।
हिमाचल दौरे पर आएंगी राष्ट्रपति द्रौपदी मुर्मू
राष्ट्रपति द्रौपदी मुर्मू 18 से 20 अप्रैल तक शिमला आ रही हैं और इस प्रस्तावित दौरे के दौरान वह शिमला स्थित राष्ट्रपति निवास दी रिट्रीट में रुकेंगी। राष्ट्रपति के दौरे को लेकर जिला दंडाधिकारी शिमला आदित्य नेगी ने अधिकारियों के साथ बैठक की तथा उन्होंने संबंधित विभागों के अधिकारियों को सभी तैयारियां समयबद्ध पूर्ण करने के निर्देश दिए।
हिमाचल के 3 जिलों में भरे जाएंगे तकनीकी सहायकों के 536 पद
प्रदेश के 3 जिलों के 36 विकास खंडों में तकनीकी सहायकों के 536 पद भरे जाएंगे। कांगड़ा, मंडी और कुल्लू जिले के विकास खंड में ये पद भरे जाने हैं। पंचायती राज विभाग के सचिव की ओर से इन पदों के आबंटन को लेकर अधिसूचना जारी की गई है। इसके तहत कांगड़ा जिले के 16 विकास खंडों की 814 पंचायतों में तकनीकी सहायक के 271 पद आबंटित किए गए हैं।
मां की ममता हुई शर्मसार, कंबल में लपेटकर बस में छोड़ दी नवजात
बजौरा में मां की ममता को शर्मसार करने वाला एक मामला सामने आया है। कुल्लू से मंडी जा रही एक निजी बस में किसी ने नवजात बच्ची को छोड़ दिया। बजौरा के पास बस चालक को बच्ची की बस में मौजूदगी का पता चला। इस पर चालक ने बस को बजौरा से वापस मोड़ा और भुंतर थाना पहुंचाया।
हिमाचल में कोरोना के 318 नए पॉजिटिव केस
हिमाचल में कोरोना के मामले फिर से बढ़ गए हैं। मंगलवार को कैबिनेट की बैठक में इसको लेकर चर्चा होगी और मास्क पहनने व सोशल डिस्टैंसिंग को लेकर एडवाइजरी भी जारी हो सकती है। इसके संकेत स्वास्थ्य मंत्री स्वयं दे चुके हैं। प्रदेश में बीते 24 घंटे में कोरोना के 318 नए पॉजिटिव मामले आए हैं।
नोट बदलवाने के बहाने बैंक से बुजुर्ग के डेढ़ लाख रुपए लेकर शातिर फरार
शहर के मुख्य बाजार में स्थित यूनियन बैंक में एक बुजुर्ग व्यक्ति से एक अज्ञात व्यक्ति नोट बदलवाने के बहाने डेढ़ लाख रुपए लेकर फरार हो गया। सूचना मिलते ही डीएसपी रमाकांत ठाकुर भी मौके पर पहुंचे। मामला सामने आने के बाद पुलिस बैंक सहित शहर में लगे सीसीटीवी फुटेज खंगालने में जुट गई है।
सड़क में पड़े गड्ढे से अनियंत्रित हुई स्कूटी, टिप्पर के नीचे आने से महिला की मौत
पंचरुखी-खैरा सड़क पर गांव मनियाड़ा में स्कूटी सवार एक महिला की टिप्पर के नीचे आने से मौके पर ही मौत हो गई। जानकारी के अनुसार बजरी से भरा टिप्पर मनियाड़ा से पंचरुखी की तरफ जा रहा था। इस दौरान मनियाड़ा मंदिर के पास स्कूटी सवार द्वारा ट्रक को ओवरटेक करते समय सड़क में पड़े हुए गड्ढे के कारण स्कूटी अनियंत्रित हो गई।
बारसड़ा में ट्रेन की चपेट में आने से व्यक्ति की मौत
ऊना क्षेत्र के बारसड़ा के पास ट्रेन की चपेट में आने से एक व्यक्ति की मौत हो गई। मृतक की पहचान भड़ोलियां कलां निवासी मनीष कुमार (39) पुत्र मंगत राय के रूप में हुई है। पुलिस ने शव को कब्जे में लेकर क्षेत्रीय अस्पताल में पोस्टमार्टम की प्रक्रिया शुरू करवा दी है और रेलवे पुलिस ने घटना के संबंध में केस दर्ज कर जांच शुरू कर दी है।