हिमाचल में बनी दवाओं के सैंपल फेल, 68 दिन बाद खुलेंगे Ambuja-ACC सीमैंट प्लांट, पढ़ें HP की 10 बड़ी खबरें

punjabkesari.in Tuesday, Feb 21, 2023 - 06:20 AM (IST)

शिमला (ब्यूरो): हिमाचल में बनीं 16 दवाओं के सैंपल फेल हो गए हैं। 68 दिन के लंबे अंतराल के बाद अम्बुजा व एसीसी सीमैंट संयंत्र विवाद सुलझ गया है। हिमाचल प्रदेश में 10.53 लाख महिलाओं को हर माह 1500 रुपए लेने से पहले एक और औपचारिकता से गुजरना पड़ेगा कर्मचारी चयन आयोग से जुड़े जूनियर ऑफिस असिस्टैंट (जेओए) आईटी पेपर लीक मामले में विजिलैंस की जांच पूरी हो गई है। केंद्रीय मंत्री अनुराग ठाकुर ने कहा कि राहुल गांधी को मनरेगा के तथ्यों की पूरी जानकारी नहीं है। प्रदेश सरकार द्वारा प्रत्येक चिकित्सा खंड में अस्पताल स्थापित किए जाएंगे, जहां स्वास्थ्य क्षेत्र के सभी विभागों में विशेषज्ञ सेवाएं उपलब्ध करवाई जाएंगी। कैबिनेट मंत्री रोहित ठाकुर व अनिरुद्ध सिंह ने आरोप लगाया है कि पूर्व भाजपा सरकार ने अपने राजनीतिक मंसूबों और निहित स्वार्थों को साधने के लिए प्रदेश की जनता के साथ धोखा किया। सरकार इलैक्ट्रिकल और रोबोटिक विषय को प्रदेश के तकनीकी शिक्षण संस्थानों में इस शिक्षा सत्र से शुरू करने के कार्य में जुटी है। जसवां प्रागपुर के मोइन में भाजपा मंडल कार्यसमिति की बैठक में शिरकत करने पहुंचे केंद्रीय सूचना एवं प्रसारण मंत्री अनुराग ठाकुर ने हिमाचल प्रदेश विधानसभा चुनावों में पार्टी की हार की नैतिक जिम्मेदारी स्वीकार ली है। पुलिस थाना कुल्लू-मनाली के अंतर्गत 2 मामलों में 2 तस्करों से 7 किलो 142 ग्राम चरस बरामद की गई है।

पढ़ें हिमाचल की बड़ी खबरें सिर्फ यहां

हिमाचल में बनीं 16 दवाओं के सैंपल फेल, CDSCO ने जारी किया ड्रग अलर्ट
हिमाचल में बनीं 16 दवाओं के सैंपल फेल हो गए हैं। केन्द्रीय दवा नियंत्रण संगठन (सीडीएससीओ) ने इस माह का ड्रग अलर्ट जारी किया है। देशभर में कुल 67 दवाओं के सैंपल फेल हुए हैं। इनमें प्रदेश की दवाओं की संख्या 16 है। हिमाचल के अलावा उत्तराखंड, बिहार, हरियाणा, पंजाब, तमिलनाडु, आंध्र प्रदेश, कर्नाटक व दिल्ली सहित कई दवाओं के सैंपल फेल हुए हैं।

हिमाचल में 68 दिन बाद खुलेंगे Ambuja-ACC सीमैंट प्लांट
68 दिन के लंबे अंतराल के बाद अम्बुजा व एसीसी सीमैंट संयंत्र विवाद सुलझ गया है। इससे दोनों फैक्टरियों पर लगे ताले 21 फरवरी से खुल जाएंगे। मुख्यमंत्री सुखविंदर सिंह की अध्यक्षता में इस विवाद को सुलझाने के लिए अडानी ग्रुप व ट्रक ऑप्रेटर्ज की फिर से बैठक बुलाई थी। सुक्खू ने दोनों पक्षों में सहमति नहीं बनने की स्थिति में अपना विकल्प सुझाया, जिसे दोनों पक्षों ने स्वीकार कर लिया। 

1500 रुपए के लिए महिलाओं की पात्रता ग्राम सभा की बैठक में होगी तय
हिमाचल प्रदेश में 10.53 लाख महिलाओं को हर माह 1500 रुपए लेने से पहले एक और औपचारिकता से गुजरना पड़ेगा। ग्राम सभा की बैठक में मंजूरी मिलने के बाद ही महिलाओं को 1500 रुपए मिलेंगे। स्वास्थ्य, श्रम एवं रोजगार, सामाजिक न्याय एवं अधिकारिता मंत्री व सब कमेटी के अध्यक्ष कर्नल धनीराम शांडिल ने पत्रकारों से अनौपचारिक बातचीत में बताया कि इस स्कीम के पात्र महिलाओं की पात्रता ग्राम पंचायतों में ग्राम सभा की बैठक होगी। 

पेपर लीक मामले में विजिलैंस कोर्ट में दाखिल करेगी पहली चार्जशीट
कर्मचारी चयन आयोग से जुड़े जूनियर ऑफिस असिस्टैंट (जेओए) आईटी पेपर लीक मामले में विजिलैंस की जांच पूरी हो गई है। इसकी चार्जशीट तैयार हो गई है। इसमें पहली चार्जशीट मंगलवार को कोर्ट में दाखिल की जाएगी। इसमें 8 आरोपियों को नामजद किया गया है लेकिन जैसे ही और सुबूत मिलेंगे अथवा नए तथ्य सामने आएंगे तो फिर उस सूरत में सप्लीमैंटरी चार्जशीट दाखिल की जाएगी। 

हिमाचल सरकार प्रत्येक चिकित्सा खंड में खोलेगी अस्पताल
प्रदेश सरकार द्वारा प्रत्येक चिकित्सा खंड में अस्पताल स्थापित किए जाएंगे, जहां स्वास्थ्य क्षेत्र के सभी विभागों में विशेषज्ञ सेवाएं उपलब्ध करवाई जाएंगी। इन अस्पतालों की क्षमता 50 से 100 बिस्तरों की होगी। प्रदेश में चिकित्सा महाविद्यालय के साथ-साथ धर्मशाला, किन्नौर, बिलासपुर, ऊना, सोलन, मनाली, मंडी और कुल्लू स्थित अस्पतालों में 50 बिस्तरों की क्षमता के क्रिटिकल केयर ब्लॉक स्थापित किए जाएंगे।

राहुल गांधी को मनरेगा के तथ्यों की पूरी जानकारी नहीं, थोड़ा जागना चाहिए
केंद्रीय मंत्री अनुराग ठाकुर ने कहा कि राहुल गांधी को मनरेगा के तथ्यों की पूरी जानकारी नहीं है। राहुल गांधी द्वारा मनरेगा की राशि कम किए जाने को लेकर सरकार पर किए गए प्रहार के संबंध में पूछे गए सवालों के उत्तर देते हुए केंद्रीय मंत्री ने कहा कि राहुल कम जानकारी होने के शिकार हैं। इस मामले पर कांग्रेस नेता भ्रामक बातें कर रहे हैं। उन्हें यह पता नहीं कि मनरेगा में जितनी मांग आती है उतना उसका बजट पड़ता है।

पूर्व भाजपा सरकार के वित्तीय कुप्रबंधन ने प्रदेश की अर्थव्यवस्था को किया कमजोर
पूर्व भाजपा सरकार ने अपने राजनीतिक मंसूबों और निहित स्वार्थों को साधने के लिए प्रदेश की जनता के साथ धोखा किया। पूर्व भाजपा सरकार द्वारा प्रदेश की वित्तीय प्रबंधन की अनदेखी और फिजूलखर्ची का सीधा असर प्रदेश की अर्थव्यवस्था पर पड़ा है। ये आरोप कांग्रेस सरकार में शिक्षा मंत्री रोहित ठाकुर और ग्रामीण विकास एवं पंचायती राज मंत्री अनिरुद्ध सिंह ने केंद्रीय सूचना एवं प्रसारण मंत्री अनुराग सिंह ठाकुर द्वारा कर्ज से संबंधित दिए गए बयान पर पलटवार करते हुए जारी बयान में लगाया है।

तकनीकी शिक्षण संस्थानों में पढ़ाया जाएगा इलैक्ट्रिकल और रोबोटिक विषय
सरकार इलैक्ट्रिकल और रोबोटिक विषय को प्रदेश के तकनीकी शिक्षण संस्थानों में इस शिक्षा सत्र से शुरू करने के कार्य में जुटी है। इसी कड़ी में सोमवार को मंडी में मुख्यमंत्री सुखविंदर सिंह सुक्खू ने भारतीय प्रौद्योगिकी संस्थान (आईआईटी) मंडी के निदेशक प्रो. लक्ष्मीधर बेहरा को आईआईटी, पॉलीटैक्निकल काॅलेज और इंजीनियरिंग काॅलेज के लिए एआई लर्निंग रोबोट मशीन विषय का पाठ्यक्रम उपलब्ध करवाने के लिए कहा।

अनुराग ठाकुर ने ली विधानसभा चुनावों में हार की जिम्मेदारी
जसवां प्रागपुर के मोइन में भाजपा मंडल कार्यसमिति की बैठक में शिरकत करने पहुंचे केंद्रीय सूचना एवं प्रसारण मंत्री अनुराग ठाकुर ने हिमाचल प्रदेश विधानसभा चुनावों में पार्टी की हार की नैतिक जिम्मेदारी स्वीकार ली है। विधानसभा चुनावों में हमीरपुर संसदीय क्षेत्र से मिली हार के सवाल पर उन्होंने कहा कुछ कमियां रही हैं, जिसके कारण हम हमीरपुर संसदीय क्षेत्र में विधानसभा चुनावों में हारे हैं। 

कुल्लू-मनाली में 7.142 किलोग्राम चरस के साथ 2 तस्कर गिरफ्तार
पुलिस थाना कुल्लू-मनाली के अंतर्गत 2 मामलों में 2 तस्करों से 7 किलो 142 ग्राम चरस बरामद की गई है। पहले मामले में थाना मनाली के अंतर्गत देर रात 12 बजे जब पुलिस टीम रात्रि गश्त पर थी तो गजां लिंक रोड हरिपुर कॉलेज टर्न के पास पुलिस को एक व्यक्ति पैदल जाता दिखाई दिया। जब पुलिस टीम ने उसे रुकने को कहा तो वह भागने लगा। 


सबसे ज्यादा पढ़े गए

Content Writer

Vijay

Recommended News

Related News