मोदी सरकार की हिमाचल को बड़ी सौगात, संस्थानों को डिनोटिफाई करने के मुद्दे पर विपक्ष का वॉकआऊट, पढ़ें HP की 10 बड़ी खबरें

punjabkesari.in Thursday, Jan 05, 2023 - 07:18 AM (IST)

शिमला (ब्यूरो): हिमाचल में सर्द हवाएं चलने का दौर जारी है। प्रदेश के 11 शहरों का पारा माइनस में चला गया है। केंद्र की नरेंद्र मोदी सरकार ने हिमाचल प्रदेश को एक बड़ी सौगात दी है। प्रदेश में सत्ता परिवर्तन के बाद शुरू हुए विधानसभा के शीतकालीन सत्र के पहले दिन ही सदन में जमकर सत्ता पक्ष और विपक्ष के बीच हंगामा हुआ। इंदिरा गांधी मेडिकल काॅलेज में एमबीबीएस के दाखिले में हुए फर्जीवाड़े मामले को लेकर आरोपी छात्र के अब राज खुलने शुरू हो गए हैं।  देश की सर्वोच्च एवं नामी जांच एजैंसी सीबीआई ने भ्रष्टाचार से जुड़ी शिकायत पर बड़ी कार्रवाई की है। मुख्यमंत्री सुखविंदर सिंह सुक्खू ने बुधवार को कांगड़ा जिले के धर्मशाला से राज्य स्तरीय हाथ से हाथ जोड़ो अभियान का शुभारंभ किया। आईपीएस साजू राम राणा का अंतिम संस्कार बुधवार को धर्मपुर उपमंडल में उनके पैतृक गांव कोहलका में राजकीय सम्मान के साथ किया गया। राष्ट्र स्तरीय विंटर कार्निवाल के तीसरे दिन 28 शरद सुंदरियों ने रैंप पर हुस्न के जलवे बिखेरे। चंडीगढ़-मनाली नैशनल हाईवे पर कुल्लू से मंडी की तरफ जा रहा एक तेल टैंकर पंडोह डैम में गिर गया। इस हादसे में 2 लोगों की मौत हो गई। 

पढ़ें हिमाचल की बड़ी खबरें सिर्फ यहां

हिमाचल में ठंड का प्रकोप जारी, 11 शहरों का पारा माइनस में
हिमाचल में सर्द हवाएं चलने का दौर जारी है। स्थिति ये है कि प्रदेश के 11 शहरों का पारा माइनस में चला गया है। 5 शहरों में तापमान शून्य डिग्री के आसपास चल रहा है। ऊना और बरठीं शिमला से भी ज्यादा ठंडे हैं। उच्च पर्वतीय क्षेत्रों व मैदानी इलाको में ठंड का प्रकोप सिर चढ़ कर बोल रहा है। हालांकि मध्यम पर्वतीय क्षेत्रों में थोड़ी राहत है।

हिमाचल को 382 मैगावाट का सुन्नी बांध हाईड्रो इलैक्ट्रिक पावर प्रोजैक्ट मंजूर
केंद्र की नरेंद्र मोदी सरकार ने हिमाचल प्रदेश को एक बड़ी सौगात दी है। बुधवार को 382 मैगावाट के सुन्नी बांध हाईड्रो इलैक्ट्रिक पावर प्रोजैक्ट हिमाचल प्रदेश के लिए मंजूर किया गया है। इस प्रोजैक्ट की कुल लागत 2615 करोड़ रुपए है और ये सतलुज नदी पर बनेगा। यह जानकारी भाजपा प्रदेश अध्यक्ष एवं सांसद सुरेश कश्यप ने दी है। 

संस्थानों को डिनोटिफाई करने पर बिफरा विपक्ष, सदन से किया वॉकआऊट
प्रदेश में सत्ता परिवर्तन के बाद शुरू हुए विधानसभा के शीतकालीन सत्र के पहले दिन ही सदन में जमकर सत्ता पक्ष और विपक्ष के बीच हंगामा हुआ। विपक्ष ने पहले दिन ही नारेबाजी के बीच सदन से वॉकआऊट किया। इससे पहले सदन में दोनों पक्षों के बीच जमकर शब्दबाण भी चले। नोकझोंक के बीच माहौल कई बार गर्माया। दोनों पक्षों में तल्खी देखी गई। 

नीट एग्जाम में चौथी बार असफल रहा छात्र, मानसिक तनाव में आकर बनाया फर्जी सर्टीफिकेट
इंदिरा गांधी मेडिकल काॅलेज में एमबीबीएस के दाखिले में हुए फर्जीवाड़े मामले को लेकर आरोपी छात्र के अब राज खुलने शुरू हो गए हैं। पुलिस पूछताछ में आरोपी छात्र कार्तिक ने बताया कि वह घर से इकलौता बेटा है। चौथी बार नीट का एग्जाम दिया था। जब चौथी बार भी असफल रहा तो मानसिक तनाव में आकर फर्जी सर्टीफिकेट बना डाला।

5 लाख की रिश्वत लेते कंपनी के आरएम व सर्वेयर रंगे हाथों गिरफ्तार
देश की सर्वोच्च एवं नामी जांच एजैंसी सीबीआई ने भ्रष्टाचार से जुड़ी शिकायत पर बड़ी कार्रवाई की है। सीबीआई की शिमला यूनिट ने एक करोड़ के क्लेम को सैटल करने की एवज में 12 फीसदी कमीशन मांगने वाले न्यू इंडिया इश्योरैंस कंपनी के क्षेत्रीय प्रबंधक जेके मित्तल, सर्वेयर एनएस संधु को 5 लाख की रिश्वत लेते रंगे हाथों गिरफ्तार किया है। 

सीएम सुक्खू ने धर्मशाला से किया हाथ से हाथ जोड़ो अभियान का शुभारंभ
मुख्यमंत्री सुखविंदर सिंह सुक्खू ने बुधवार को कांगड़ा जिले के धर्मशाला से राज्य स्तरीय हाथ से हाथ जोड़ो अभियान का शुभारंभ किया। इस अवसर पर सांसद एवं प्रदेश कांग्रेस अध्यक्ष प्रतिभा सिंह और अन्य कांग्रेस नेता विशेष रूप से उपस्थित रहे। इस अवसर पर मुख्यमंत्री ने कहा कि यह अभियान कांग्रेस के वरिष्ठ नेता राहुल गांधी की सफल भारत जोड़ो यात्रा का विस्तारित रूप है।

फंड की व्यवस्था कर खोले थे संस्थान, डिनोटिफाई करने का स्पष्टीकरण नहीं दे पा रही सरकार
हिमाचल में पूर्व की भाजपा सरकार ने जो संस्थान खोले थे, उनके लिए फंड की पूरी व्यवस्था की थी। कैबिनेट में मंजूरी से इन्हें खोला गया था। बुधवार को विधानसभा के शीतकालीन सत्र में वॉकआऊट के बाद पत्रकारों से बातचीत के दौरान पूर्व मुख्यमंत्री एवं नेता प्रतिपक्ष जयराम ठाकुर ने कहा कि कांग्रेस सरकार बदले की भावना से काम कर रही है।

राजकीय सम्मान के साथ पंचतत्व में विलीन हुए IPS साजू राम राणा
आईपीएस साजू राम राणा का अंतिम संस्कार बुधवार को धर्मपुर उपमंडल में उनके पैतृक गांव कोहलका में राजकीय सम्मान के साथ किया गया। इस दौरान पुलिस महानिदेशक संजय कुंडू व डीआईजी मंडी जाेन मधु सूदन ने उन्हें श्रद्धांजलि अर्पित की। इस दौरान डीसी अरिंदम चौधरी, एसपी मंडी शालिनी अग्निहोत्री, एसपी बिलासपुर दिवाकर शर्मा, एसपी हमीरपुर आकृति शर्मा, जिलाधीश बिलासपुर पंकज राय सहित विभिन्न गण्यमान्य लोग अंतिम संस्कार में शामिल हुए।

मनु रंगशाला में 28 शरद सुंदरियों ने रैंप पर बिखेरे हुस्न के जलवे
राष्ट्र स्तरीय विंटर कार्निवाल के तीसरे दिन 28 शरद सुंदरियों ने रैंप पर हुस्न के जलवे बिखेरे। इसके साथ ही पहला राऊंड संपन्न हुआ। सुंदरियों ने मनु रंगशाला में कैटवॉक किया। कड़ाके की ठंड में भी विंटर क्वीन प्रतियोगिता देखने के लिए दर्शकों की भीड़ उमड़ी। कैटवॉक करने उतरी सुंदरियों का दर्शकों ने तालियों की गड़गड़ाहट से स्वागत किया। सबसे पहले सुंदरियों ने अपना परिचय दिया और उसके बाद कैटवॉक शुरू की।

मंडी के पंडोह डैम में गिरा तेल टैंकर, 2 लोगों की माैत
चंडीगढ़-मनाली नैशनल हाईवे पर कुल्लू से मंडी की तरफ जा रहा एक तेल टैंकर पंडोह डैम में गिर गया। इस हादसे में 2 लोगों की मौत हो गई है। हादसा बुधवार सुबह पेश आया। हादसे की जानकारी मिलते ही प्रशासन और पुलिस की टीम मौके पर पहुंची। वहीं एसडीआरएफ के साथ एनडीआरएफ टीम को भी घटनास्थल पर बुलाया गया। 


सबसे ज्यादा पढ़े गए

Content Writer

Vijay

Recommended News

Related News