हिमाचल में 2 और पेपर लीक, भाजपा ने पूर्व सीएम जयराम ठाकुर चुने नेता प्रतिपक्ष, पढ़ें HP की 10 बड़ी खबरें

punjabkesari.in Monday, Dec 26, 2022 - 12:18 AM (IST)

शिमला (ब्यूरो): हिमाचल प्रदेश में एचपीसीसीसी के माध्यस से होने वाली 2 और परीक्षाओं के पेपर लीक हो गए हैं। विपक्ष की सत्ता अब पूर्व मुख्यमंत्री के हाथों में आ गई है। दिल्ली से शिमला लौटे मुख्यमंत्री सुखविंदर सिंह सूक्खू ने बिना बजट के खोले गए संस्थानों को लेकर पूर्व भाजपा सरकार पर निशाना साधा है। वहीं पूर्व मुख्यमंत्री जयराम ठाकुर ने संस्थानों को बंद करने के लिए कांग्रेस सरकार की घेराबंदी की है। हिमाचल में एक बार फिर व्हाइट क्रिसमस का सपना अधूरा रह गया है। नए साल में हिमाचल आने वाले पर्यटकों के लिए एचआरटीसी स्पैशल बसें चलाएगा। वरिष्ठ भाजपा नेता एवं पूर्व मंत्री रमेश धवाला ने पूर्व मुख्यमंत्री जयराम ठाकुर व प्रदेश भाजपा नेतृत्व को देहरा विधानसभा क्षेत्र में भाजपा की हार का सीधे तौर पर जिम्मेदार बताया है। कुल्लू जिला में हुई बाइक दुर्घटना में एक व्यक्ति की मौत हो गई है।

पढ़ें हिमाचल की बड़ी खबरें सिर्फ यहां

नए साल में होने वाली इन 2 और परीक्षाओं के पेपर भी हुए लीक
कर्मचारी चयन आयोग के माध्यम से आयोजित होने वाली 2 और परीक्षाओं के पेपर भी लीक हुए हैं। इसका खुलासा विजिलैंस जांच में हुआ है। आयोग की वरिष्ठ अधीक्षक एवं मुख्य आरोपी उमा आजाद के घर से बरामद 2 पेपर कम्प्यूटर ऑप्रेटर और जूनियर ऑडिटर्ज की परीक्षा से संबंधित हैं। इनमें से कम्प्यूटर ऑप्रेटर की भर्ती परीक्षा के लिए लिखित परीक्षा पहली जनवरी को होगी। इसके बाद नए साल में ही जूनियर ऑडिटर्ज की लिखित परीक्षा होनी है। 

पूर्व सीएम जयराम ठाकुर ने संभाली विपक्ष की कमान
विधानसभा चुनाव में बेशक भाजपा की पराजय हुई हो लेकिन विपक्ष में जयराम ठाकुर की फिर से जय हो गई है। विपक्ष की सत्ता अब पूर्व मुख्यमंत्री के हाथों में आ गई है। भाजपा विधायक दल के नेता की कमान संभालते ही उन्होंने अपने इरादे भी जाहिर कर दिए। उन्होंने 594 कार्यालय बंद करने के सुक्खू के फैसलों को जन विरोधी तो करार दिया ही है, इस मुद्दे पर नई सरकार की घेराबंदी करने का भी ऐलान कर दिया है।

जनता की अदालत में बताएंगे पूर्व भाजपा सरकार ने क्या धोखा किया
राज्य की पूर्व भाजपा सरकार ने प्रदेश में मतदाताओं को लुभाने के एकमात्र उद्देश्य के साथ बिना किसी बजटीय प्रावधान और आवश्यक कर्मचारियों की भर्ती के बिना अपने कार्यकाल के अंत में 590 से अधिक संस्थान खोले थे। यह बात मुख्यमंत्री सुखविंदर सिंह सुक्खू ने रविवार को नई दिल्ली से शिमला लौटने के उपरांत मीडिया कर्मियों से बातचीत में कही। 

हिमाचल में 21 साल से नहीं हुआ व्हाइट क्रिसमस, अब न्यू ईयर पर बर्फबारी के आसार
हिमाचल में एक बार फिर व्हाइट क्रिसमस का सपना अधूरा रह गया है। 21 साल से क्रिसमस के मौके पर प्रदेश में बर्फबारी नहीं हुई है। हालांकि दिसम्बर माह में बर्फबारी हुई है लेकिन 25 दिसम्बर को बर्फबारी के दीदार नहीं हुए हैं। मौसम विभाग ने क्रिसमस पर बर्फबारी का अनुमान लगाया था। इस दौरान प्रदेश में बादल तो छाए रहे, लेकिन बर्फबारी नहीं हुई। 

दिल्ली से सीधे सचिवालय पहुंचे सीएम सुक्खू, अधिकारियों के साथ की बैठक
मुख्यमंत्री ठाकुर सुखविंदर सिंह सुक्खू स्वस्थ होने के बाद दिल्ली से रविवार को सीधे सचिवालय पहुंचे। इस दौरान उनके साथ कई विधायक भी मौजूद रहे। सचिवालय पहुंचने पर मुख्यमंत्री ने विभिन्न विभागों विशेषकर वित्त विभाग के अधिकारियों के साथ बैठक की और उचित दिशा-निर्देश जारी किए। बैठक में मुख्य सचिव आरडी धीमान, सभी सचिव व वित्त विभाग के अधिकारियों ने भाग लिया। 

14 दिन के कार्यकाल में ही विफल हुई सरकार, लोग झंडे लेकर सड़कों पर उतरे
पूर्व मुख्यमंत्री जयराम ठाकुर ने प्रदेश की सुक्खू सरकार पर संस्थानों को बंद करने के साथ-साथ सीमैंट कारखानों व पेपर लीक मामले पर जुबानी हमला बोला है। उन्होंने कहा कि 14 दिन के छोटे से कार्यकाल में ही सरकार पूरी तरह से विफल हो गई है तथा लोग झंडे लेकर सड़कों पर उतर गए हैं। कांग्रेस सरकार द्वारा कार्यालयों को डिनोटिफाई करने से लोगों में आक्रोश है। 

नए साल में पर्यटकों के लिए स्पैशल वोल्वो बसें चलाएगा HRTC
नए साल में हिमाचल आने वाले पर्यटकों के लिए एचआरटीसी स्पैशल बसें चलाएगा। इसके लिए निगम ने विशेष प्लान बनाया है, ऐसे में यदि पर्यटक दिल्ली व चंडीगढ़ से हिमाचल आने की सोच रहे हैं तो वे निगम की वोल्वो बसों में आरामदायक सफर कर सकते हैं। नए साल के लिए एचआरटीसी दिल्ली से शिमला, कुल्लू, मनाली और धर्मशाला के लिए अतिरिक्त वोल्वो बसें चला रहा है। 

देहरा में भाजपा की हार के लिए पूर्व मुख्यमंत्री व प्रदेश संगठन जिम्मेदार
वरिष्ठ भाजपा नेता एवं पूर्व मंत्री रमेश धवाला ने पूर्व मुख्यमंत्री जयराम ठाकुर व प्रदेश भाजपा नेतृत्व को देहरा विधानसभा क्षेत्र में भाजपा की हार का सीधे तौर पर जिम्मेदार बताते हुए कहा कि गत पांच वर्षों के दौरान पार्टी संगठन व भाजपा के निष्ठावान कार्यकर्ताओं को दरकिनार कर निजी पसंद को तरजीह देना पार्टी के लिए बेहद घातक साबित हुआ और इसका खमियाजा पार्टी की हार के तौर पर सामने आया। 

क्रिसमस पर्व पर चर्चों में काटा केक, विशेष प्रार्थना सभाएं आयोजित
पहाड़ों की रानी शिमला में क्रिसमस पर्व पर चर्चों में विशेष प्रार्थना सभा व केक काटा गया। रिज मैदान पर स्थित क्राइस्ट चर्च व कैथलिक चर्च में सुबह 9.30 बजे और 11 बजे विशेष प्रार्थना सभा का आयोजन किया गया। विशेष प्रार्थना के लिए देश-विदेश से पर्यटक भी मौजूद थे। क्राइस्ट चर्च के फादर सोहन लाल ने कहा कि क्रिसमस के दिन रविवार को सुबह इंग्लिश में प्रार्थना सभा हुई और 11 बजे विशेष प्रार्थना सभा हिंदी में हुई। 

लुहरी-दलाश सड़क पर हादसा, बाइक के खाई में गिरने से एक की मौत
कुल्लू जिला के तहत लुहरी-दलाश सड़क पर एक बाइक अनियंत्रित होकर सतलुज में जा गिरी, जिसमें एक व्यक्ति की मौके पर ही मौत गई है, जबकि एक व्यक्ति घायल हुआ है। ये दोनों बाइक पर लुहरी से खेगसू की ओर आ रहे थे। इसी दौरान दलाश मार्ग में जीरो प्वाइंट के पास बाइक दुर्घटना का शिकार हो गई। 


सबसे ज्यादा पढ़े गए

Content Writer

Vijay

Recommended News

Related News