दिल्ली में राष्ट्रीय अध्यक्ष खड़गे से मिला कांग्रेस विधायक दल, एसीसी-अम्बुजा सीमैंट उद्योग के विवाद का नहीं निकला हल, पढ़ें HP की 10 बड़ी खबरें

punjabkesari.in Friday, Dec 16, 2022 - 07:19 AM (IST)

शिमला (ब्यूरो): हिमाचल मंत्रिमंडल को लेकर जारी खींचतान के बीच प्रदेश कांग्रेस विधायक दल ने वीरवार को मुख्यमंत्री ठाकुर सुखविंदर सिंह सुक्खू की अध्यक्षता में पार्टी के राष्ट्रीय अध्यक्ष मल्लिकार्जुन खरगे से मुलाकात की। मुख्यमंत्री ने कहा कि प्रदेश में कांग्रेस ने जो 10 गारंटी योजनाएं दी हैं, उन्हें पहली कैबिनेट में लागू किया जाएगा। एसीसी-अम्बुजा सीमैंट उद्योग के विवाद का कोई हल नहीं निकला है। वहीं एशिया की सबसे बड़ी ट्र्रक ऑप्रेटर यूनियन नालागढ़ के प्रधान विद्यारत्न चौधरी ने इस्तीफा दे दिया है।  भाजपा की तरफ से विधानसभा में नेता प्रतिपक्ष एवं नए प्रदेशाध्यक्ष का चयन जल्द किया जाएगा। पूर्व मुख्यमंत्री जयराम ठाकुर ने कहा कि आज कांग्रेस के भीतर अजब स्थिति बनी हुई है। चिंतपूर्णी मंदिर में सोलन जिले के परवाणु निवासी नरेंद्र मित्तल ने 1 किलो 250 ग्राम चांदी का छत्र मां को अर्पित किया है। हिमाचल प्रदेश सरकार ने आईपीएस अधिकारी अरविंद दिग्विजय नेगी की सेवाएं बहाल कर दी हैं वहीं राज्य सरकार ने 3 अधिकारियों की सेवाएं तुरंत प्रभाव से समाप्त कर दी हैं। ये तीनों अधिकारी सेवानिवृत्ति के बाद सेवा विस्तार व रि-इम्प्लॉयमैंट पर चल रहे थे। सिरमौर जिले के उपमंडल पांवटा साहिब के नारीवाला में हुए एक दर्दनाक हादसे में 3 साल के मासूम की मौत हो गई।

पढ़ें हिमाचल की बड़ी खबरें सिर्फ यहां

दिल्ली में राष्ट्रीय अध्यक्ष से मिला कांग्रेस विधायक दल, मंत्रिमंडल को लेकर सूची शॉर्टलिस्ट 
हिमाचल मंत्रिमंडल को लेकर जारी खींचतान के बीच प्रदेश कांग्रेस विधायक दल ने वीरवार को मुख्यमंत्री ठाकुर सुखविंदर सिंह सुक्खू की अध्यक्षता में पार्टी के राष्ट्रीय अध्यक्ष मल्लिकार्जुन खरगे से मुलाकात की। इस मौके पर कांग्रेस प्रदेशाध्यक्ष प्रतिभा सिंह, उप मुख्यमंत्री मुकेश अग्निहोत्री के साथ ही सभी पार्टी विधायक मौजूद रहे। इस दौरान राष्ट्रीय अध्यक्ष ने विधायकों को जीत की बधाई देने के साथ ही एकजुट होकर चलने की बात कही। 

पहली कैबिनेट में लागू करेंगे 10 गारंटी योजनाएं, विक्रमादित्य बनेंगे मंत्री : सुक्खू
हिमाचल प्रदेश में कांग्रेस ने जो 10 गारंटी योजनाएं दी हैं, उन्हें पहली कैबिनेट में लागू किया जाएगा। दिल्ली में एएनआई को दिए बयान में मुख्यमंत्री सुखविंदर सिंह सुक्खू ने कहा कि पहली कैबिनेट में जो 10 गारंटी योजनाएं हैं वो लागू करेंगे। उसके अलावा 5 साल में जनता की सेवा में और जो फैसले लेने होंगे वो भी करेंगे। विक्रमादित्य सिंह हमारी कैबिनेट में जरूर होंगे। 

एसीसी व अम्बुजा सीमैंट उद्योग के विवाद का नहीं निकला कोई हल
एसीसी बरमाणा व अम्बुजा सीमैंट उद्योग दाड़लाघाट में अभी ताले लटके रहेंगे। सोलन व बिलासपुर में जिलाधीश की अध्यक्षता में वीरवार को कंपनी प्रबंधन के साथ हुई बैठक बेनतीजा ही समाप्त हो गई। सोलन में ट्रक ऑप्रेटर सभाओं के पदाधिकारी बैठक में नहीं पहुंचे। अदानी ग्रुप ने वीरवार से एसीसी बरमाणा व अम्बुजा सीमैंट उद्योग को अनिश्चितकाल के लिए बंद कर दिया है।

नेता प्रतिपक्ष की दौड़ इस भाजपा नेता का नाम सबसे आगे
भाजपा की तरफ से विधानसभा में नेता प्रतिपक्ष एवं नए प्रदेशाध्यक्ष का चयन जल्द किया जाएगा। इस कड़ी के तहत अगले सप्ताह तक नेता प्रतिपक्ष का चयन किए जाने संभावना है, जिसके लिए दिल्ली से पार्टी की तरफ से पर्यवेक्षक को भेजा जाएगा। मौजूदा समय में नेता प्रतिपक्ष की दौड़ में पूर्व प्रदेश भाजपा अध्यक्ष एवं विधायक सतपाल सिंह सत्ती का नाम सबसे आगे चल रहा है।

एशिया की सबसे बड़ी ट्र्रक ऑप्रेटर यूनियन के प्रधान ने दिया इस्तीफा
एशिया की सबसे बड़ी ट्र्रक ऑप्रेटर यूनियन नालागढ़ के प्रधान विद्यारत्न चौधरी ने इस्तीफा दे दिया है। उन्होंने अपने इस्तीफे में सेहत ठीक न रहने का हवाला दिया है। वीरवार को हुई यूनियन की बैठक में उनका इस्तीफा स्वीकार कर लिया गया है। जब तक नया अध्यक्ष नहीं बनता है तब तक वह अध्यक्ष का कार्य अपने घर से ही करते रहेंगे। वीरवार को ट्रक यूनियन की बैठक हुई जिसमें विद्यारत्न की ओर से सौंपे गए इस्तीफे को लेकर चर्चा की गई। 

सोनिया से कहने की कोशिश कर रहे कुछ लोग, जनमत हमारा था पर सीएम कोई और बन गया
पूर्व मुख्यमंत्री जयराम ठाकुर ने कहा कि आज कांग्रेस के भीतर अजब स्थिति बनी हुई है। इस कारण कुछ लोग सोनिया गांधी से कहने की कोशिश कर रहे हैं कि जनमत उनके लिए था परंतु मुख्यमंत्री  बन कोई और गया। उन्होंने कहा कि ऐसे में स्थिर सरकार नहीं चल सकती। उन्होंने कहा कि अब तक कैबिनेट नहीं बनने के लिए मुख्यमंत्री और उप मुख्यमंत्री दोषी हैं। 

CM सुक्खू के राजनीतिक सलाहकार को प्रतिमाह मिलेगा 2.50 लाख रुपए मानदेय
मुख्यमंत्री सुखविंद्र सिंह सुक्खू के राजनीतिक सलाहकार सुनील शर्मा को प्रतिमाह 2.50 लाख रुपए मानदेय मिलेगा। उन्हें भत्ते व अन्य सुविधाएं अलग से दी जाएंगी। इससे संबंधित अधिसूचना राज्य सरकार ने जारी कर दी है। इसके तहत राजनीतिक सलाहकार को सरकारी आवासीय सुविधा दी जाएगी या फिर उन्हें 20000 रुपए हाऊस रैंट दिया जाएगा। 

IPS ऑफिसर अरविंद दिग्विजय नेगी की सेवाएं बहाल
हिमाचल प्रदेश सरकार ने आईपीएस अधिकारी अरविंद दिग्विजय नेगी की सेवाएं बहाल कर दी हैं। इस संबंध में प्रधान सचिव गृह की ओर से अधिसूचना जारी की गई है। उनकी नई जगह तैनाती के आदेश अलग से जारी होंगे। एनआईए की गिरफ्तारी के बाद उन्हें सस्पैंड कर दिया गया था। हाल ही में मुख्य सचिव की अध्यक्षता में संबंधित कमेटी की बैठक में इस पर फैसला हुआ था। 

सेवा विस्तार व रि-इम्प्लॉयमैंट वाले 3 अधिकारियों की सेवाएं समाप्त
राज्य सरकार ने 3 अधिकारियों की सेवाएं तुरंत प्रभाव से समाप्त कर दी हैं। ये तीनों अधिकारी सेवानिवृत्ति के बाद सेवा विस्तार व रि-इम्प्लॉयमैंट पर चल रहे थे। इसमें हिमाचल प्रदेश लोक निर्माण विभाग सैंट्रल जोन मंडी के आर्किटैक्ट-इन-चीफ नंद लाल को 30 सितम्बर, 2022 से सेवा विस्तार दिया गया था। इसके अलावा हिमाचल प्रदेश सचिवालय सेवा (एचपीएसएस) के अधिकारी एवं प्रधान निजी सचिव दीवान नेगी और वरिष्ठ विशेष निजी सचिव रामकृष्ण वर्मा शामिल हैं।

श्रद्धालु ने मां चिंतपूर्णी के दरबार में चढ़ाया सवा किलो चांदी का छत्र
धार्मिक स्थल चिंतपूर्णी में दिल्ली के एक श्रद्धालु ने बुधवार देर शाम 121000 रुपए की लंगर में रसीद कटवाई है। इसी तरह वीरवार को सोलन जिले के परवाणु निवासी नरेंद्र मित्तल ने 1 किलो 250 ग्राम चांदी का छत्र मां को अर्पित किया है। गौरतलब है कि चिंतपूर्णी मंदिर में श्रद्धालुओं द्वारा लाखों रुपए ऑनलाइन भेजे जा रहे हैं, वहीं सोने-चांदी के आभूषण तथा चांदी के बर्तन भी चढ़ाए जाते हैं। 

मोहाली में तेज रफ्तार कार ने बुलेट को मारी टक्कर, हिमाचल के युवक की दर्दनाक मौत
मोहली के सैक्टर-71 में हुए एक सड़क हादसे में हिमाचल के युवक की मौत हो गई, जबकि उसके छोटे भाई की पत्नी हादसे में गंभीर रूप से जख्मी हुई है। मृतक की पहचान 35 वर्षीय कर्ण के रूप में हुई है जबकि घायल महिला का नाम अनिता बताया जा रहा है जोकि पीजीआई में भर्ती है। महिला के सिर पर गंभीर चोट आई है। 

तेज रफ्तार बााइक की टक्कर से 3 वर्षीय मासूम की मौत
सिरमौर जिले के उपमंडल पांवटा साहिब के नारीवाला में हुए एक दर्दनाक हादसे में 3 साल के मासूम की मौत हो गई। यह हादसा एक तेज रफ्तार बाइक द्वारा टक्कर मारने से हुआ है। पुलिस ने प्रीति देवी (20) पुत्री महिपाल निवासी गांव सलेमपुर तहसील रामपुर जिला सहारनपुर उत्तर प्रदेश की शिकायत पर मामला दर्ज कर जांच शुरू कर दी है।


सबसे ज्यादा पढ़े गए

Content Writer

Vijay

Recommended News

Related News