हिमाचल में आज 55.92 लाख मतदाता करेंगे मतदान, EC ने एग्जिट व ओपिनियन पोल पर लगाया प्रतिबंध, पढ़ें HP की 10 बड़ी खबरें

punjabkesari.in Saturday, Nov 12, 2022 - 06:37 AM (IST)

शिमला (ब्यूरो): हिमाचल प्रदेश विधानसभा चुनाव के लिए आज 55.92 लाख मतदाता अपने मताधिकार का प्रयोग करेंगे। हिमाचल में 12 नवम्बर से 5 दिसम्बर तक एग्जिट एवं ओपिनियन पोल पर प्रतिबंध लगाया गया है। प्रदेश विधानसभा चुनाव में इस बार 2 लाख के करीब नए युवा अपने मत का प्रयोग करेंगे। मतदान की पूर्व संध्या पर कांगड़ा जिला के बैजनाथ में चौबीन चौक पर एक मिठाई की दुकान से 14 लाख का कैश पकड़ा गया है। बिलासपुर जिले में भाजपा व कांग्रेस कार्यकर्ताओं के बीच झड़प मामले में पुलिस ने क्रॉस केस दर्ज किया है। प्रदेश में निष्पक्ष तरीके से चुनावी प्रक्रिया संपन्न करवाने के लिए पुलिस विभाग ने पड़ोसी राज्यों के साथ लगती सीमाओ पर 108 बैरियरों व एंट्री प्वाइंटों को सील कर दिया है।

पढ़ें हिमाचल की बड़ी खबरें सिर्फ यहां

हिमाचल में मतदान आज, 412 प्रत्याशियों के भाग्य का फैसला करेंगे 55.92 लाख मतदाता
हिमाचल प्रदेश की जनता शनिवार यानी 12 नवम्बर को अपनी सरकार चुनेगी। प्रदेश में इस बार वर्तमान सरकार का राज बदलेगा या फिर रिवाज यानि फिर से वर्तमान सरकार सत्ता में लौटेगी उसका फैसला प्रदेश की जनता मतदान कर करेगी। बता दें कि इस बार 412 प्रत्याशी अपना भाग्य आजमाने के लिए चुनावी मैदान में उतरे हैं। मतदान सुबह 8 बजे शुरू होगा जो शाम 5 बजे तक चलेगा। पारदर्शी व निष्पक्ष चुनावों के लिए पड़ोसी राज्यों के साथ लगती सीमाओं से लेकर बूथ स्तर पर पहरे को कड़ा किया गया है।

हिमाचल में 12 नवम्बर से 5 दिसम्बर तक एग्जिट एवं ओपिनियन पोल पर प्रतिबंध
हिमाचल प्रदेश में विधानसभा चुनावों के लिए शनिवार यानि 12 नवम्बर को मतदान के दिन प्रात: 8 बजे से 5 दिसम्बर को सायं 5.30 बजे तक की अवधि के दौरान हिमाचल प्रदेश और गुजरात की विधानसभाओं के वर्तमान चुनावों के सम्बन्ध में किसी भी प्रकार के एग्जिट पोल का आयोजन करने तथा चुनाव परिणाम का समाचार-पत्रों अथवा टीवी चैनलों के माध्यम से प्रकाशन अथवा प्रचार-प्रसार करने पर पूर्ण प्रतिबंध रहेगा। भारत चुनाव आयोग द्वारा इस सम्बन्ध में जारी अधिसूचना में कहा गया है कि कोई भी व्यक्ति कोई मत सर्वेक्षण नहीं करेगा और किसी मत सर्वेक्षण के परिणाम का इस अवधि के दौरान प्रचार-प्रसार नहीं करेगा। 

मतदान की पूर्व संध्या पर बैजनाथ में पकड़ा 14 लाख कैश, नगरोटा में भी हंगामा
मतदान से पूर्व संध्या पर कांगड़ा जिला में पुलिस को खूब मशक्कत करनी पड़ी। पहले मामले में बैजनाथ के चौबीन चौक पर एक मिठाई की दुकान से चुनाव आयोग व पुलिस बल ने एक शिकायत मिलने के बाद 14 लाख की नकदी बरामद कर उसे सीज कर दिया है। वहीं नगरोटा बगवां में भी राजनीतिक दलों के कार्यकर्ताओं में खूब हंगामा हुआ। इस दौरान बड़ी संख्या में कार्यकर्ता सड़क पर आ गए। इस दौरान एसपी कांगड़ा खुशहाल शर्मा भी मौके पर पहुंच गए।

बिलासपुर में भाजपा व कांग्रेस कार्यकर्ताओं के बीच झड़प मामले में क्रॉस केस दर्ज
वीरवार शाम को बिलासपुर बस अड्डा के पास शहर भाजपा व कांग्रेस कार्यकर्ताओं के बीच हुई लड़ाई मामले में सदर पुलिस थाना दोनों ही पार्टियों के कार्यकर्ताओं पर 6 पुलिस केस दर्ज हुए हैं। इनमें से 3 मामले मारपीट में शामिल दोनों पार्टियों के कार्यकर्ताओं ने एक-दूसरे पर दर्ज करवाए हैं जबकि 3 मामले चुनाव आचार संहिता का उल्लंघन करने, यातायात को बाधित करने के मामले में पुलिस ने दर्ज किए हैं। 

2 लाख नए मतदाता तय करेंगे हिमाचल की सत्ता का रास्ता
प्रदेश विधानसभा चुनाव में इस बार 2 लाख के करीब नए युवा अपने मत का प्रयोग करेंगे। वहीं गुजरात में इनकी संख्या 3 लाख के करीब है। भौगोलिक परिस्थितियों और विधानसभा सीटों से तुलना की जाए तो गुजरात हिमाचल से काफी बड़ा राज्य है लेकिन युवाओं की संख्या क्षेत्रफल के हिसाब से प्रदेश में ज्यादा है, जो इस विधानसभा में राजनीतिक दलों के समीकरण बदल सकते हैं।

चुनावों के चलते पड़ोसी राज्यों के साथ लगती सीमाओं पर 108 बैरियर व एंट्री प्वाइंट सील
प्रदेश में निष्पक्ष तरीके से चुनावी प्रक्रिया संपन्न करवाने के लिए पुलिस विभाग ने कड़े कदम उठाए हैं। इसके तहत भारतीय चुनाव आयोग के निर्देशों के अनुसार प्रदेश में 232 उड़नदस्तों और 232 स्टैटिक सर्विलांस टीमों का गठन किया है। इसके साथ ही पड़ोसी राज्यों के साथ लगती सीमाओ पर 108 बैरियरों व एंट्री प्वाइंटों को सील कर दिया गया है और सभी स्थानों पर पुलिस बल तैनात किया गया है

आचार संहिता के दौरान दाड़ी में नाले पर कर दिया अवैध निर्माण
नगर निगम धर्मशाला के दाड़ी वार्ड में एक व्यक्ति ने आदर्श आचार संहिता के दौरान एक नाले पर अवैध निर्माण कर दिया। जैसे ही इसका पता नगर निगम धर्मशाला के अधिकारियों को चला तो उन्होंने मौके पर जाकर अवैध निर्माण कार्य को रुकवाया और संबंधित जेई को अवैध निर्माण कार्य को तोड़ने के निर्देश दिए। जानकारी के अनुसार आचार संहिता के दौरान अधिकारियों की चुनावों में ड्यूटी लगी हुई है। इसी का फायदा उठाते हुए एक व्यक्ति नाले पर लैंटर डालने की तैयारी कर रहा है। 

रामपुर में अंतर्राष्ट्रीय लवी मेले का आगाज, राज्यपाल ने किया शुभारंभ
राज्यपाल राजेंद्र विश्वनाथ अर्लेकर ने रामपुर बुशहर में अंतर्राष्ट्रीय लवी मेले का विधिवत तौर पर शुभारंभ किया। इस मौके पर राज्यपाल ने प्रदेशवासियों को अंतर्राष्ट्रीय लवी मेले की शुभकामनाएं देते हुए कहा कि लवी केवल व्यापारिक उत्सव नहीं है, बल्कि आज यह उत्सव हिमाचल प्रदेश का सांस्कृतिक मेला बन गया है। उन्होंने लवी मेला आयोजन समिति को इस भव्य आयोजन की बधाई दी। 

आनी के निचला तराला में आग लगने से 2 मकान राख, एक गाय जिंदा जली
आनी खंड की बुछैर पंचायत के निचला तराला गांव में शुक्रवार को 2 मकानों में आग लग गई। अग्रिकांड की इस घटना में एक गाय जिंदा जल गई, जबकि 8-8 कमरों के 2 मकान जलकर राख हो गए। आग लगने के कारणों का पता नहीं चल पाया है। जानकारी के अनुसार शुक्रवार शाम करीब साढ़े 3 बजे निचला तराला गांव के नरोत्तम के घर से आग लग गई तथा देखते ही देखते दोमंजिला मकान जलकर राख हो गया। साथ ही आग ने बिल्कुल सटे पेगी राम के दोमंजिला मकान को भी अपनी चपेट में ले लिया। 

पैराग्लाइडिंग के बढ़ते हादसों पर हाईकोर्ट सख्त, 15 दिनों के रिकाॅर्ड के साथ जिम्मेदार अधिकारी तलब
प्रदेश हाईकोर्ट ने बीड़ बिलिंग में पैराग्लाइडिंग के बढ़ते हादसों पर संज्ञान लेते हुए पिछले 15 दिनों के रिकाॅर्ड के साथ जिम्मेदार अधिकारी को अदालत के समक्ष तलब किया है। न्यायाधीश तरलोक सिंह चौहान व न्यायाधीश वीरेंद्र सिंह की खंडपीठ ने पैराग्लाइडिंग के लिए बनाए गए नियमों के अनुसार हादसों की जांच न किए जाने पर असंतोष जताया है। खंडपीठ ने मामले की सुनवाई 18 नवम्बर को निर्धारित की है।


सबसे ज्यादा पढ़े गए

Content Writer

Vijay

Recommended News

Related News