राजनाथ सिंह की रैली में लगे POK चाहिए के नारे, केजरीवाल ने भाजपा-कांग्रेस को किया टारगेट, पढ़ें HP की 10 बड़ी खबरें

punjabkesari.in Friday, Nov 04, 2022 - 06:55 AM (IST)

शिमला (ब्यूरो): जयसिंहपुर में रक्षामंत्री राजनाथ सिंह की चुनावी रैली के दौरान लोगों ने ‘पीओके चाहिए’ के नारे लगाए।सोलन में रोड शो के दौरान दिल्ली के मुख्यमंत्री अरविंद केजरीवाल ने कांग्रेस और भाजपा पर जमकर निशाना साधा। अखिल भारतीय कांग्रेस महासचिव प्रियंका गांधी वाड्रा शुक्रवार को नगरोटा बगवां में दोपहर लगभग 11 बजे एक चुनावी रैली को संबोधित करेंगी। हिमाचल विधानसभा चुनाव को लेकर माकपा ने अपना घोषणा पत्र जारी कर दिया है। वहीं कांग्रेस पार्टी 5 नवम्बर को तो भाजपा 6 नवम्बर को अपना घोषणा पत्र जारी करेंगी। सिरमौर जिले में भगवान परशुराम जी की शोभायात्रा के साथ अंतर्राष्ट्रीय श्री रेणुकाजी मेला शुरू हो गया है। कुल्लू जिले के मनाली में 2 साल की मासूम से दुष्कर्म का मामला सामने आया है। 

पढ़ें हिमाचल की बड़ी खबरें सिर्फ यहां

प्रियंका वाड्रा आज नगरोटा बगवां में करेंगी चुनावी रैली
अखिल भारतीय कांग्रेस महासचिव प्रियंका गांधी वाड्रा शुक्रवार को नगरोटा बगवां में दोपहर लगभग 11 बजे एक चुनावी रैली को संबोधित करेंगी। केंद्रीय गृह मंत्री अमित शाह 6 नवम्बर को जिला कांगड़ा के नगरोटा में हनुमान मंदिर दर्शन के बाद जनसंपर्क अभियान में शामिल होंगे और ठारू मैदान नगरोटा में जनसभा करेंगे। उत्तर प्रदेश के मुख्यमंत्री योगी आदित्यनाथ 4 नवम्बर को जिला कांगड़ा के विधानसभा क्षेत्र ज्वाली के समलाणा में जनसभा करेंगे। 

जयसिंहपुर में लगे ‘पीओके चाहिए’ के नारे, राजनाथ ने कहा- धैर्य रखिए
हिमाचल विधानसभा चुनाव से पहले पाक अधिकृत कश्मीर (पीओके) को हासिल करने का मुद्दा गर्माने लगा है। गुरुवार को जयसिंहपुर में रक्षामंत्री राजनाथ सिंह की चुनावी रैली के दौरान लोगों ने ‘पीओके चाहिए’ के नारे लगाने शुरू कर दिए। इस पर राजनाथ मुस्कुरा दिए और कहा-धैर्य रखिए, धैर्य रखिए। राजनाथ सिंह ने कहा कि आजाद भारत में नेताओं की कथनी-करनी में अंतर है। इसलिए राजनीति और नेताओं पर से जनता का विश्वास समाप्त हो गया है। 

केजरीवाल ने कांग्रेस-भाजपा पर साधा निशाना, बोले-दोनों सरकारों ने हिमाचल को लूटा
हिमाचल प्रदेश विधानसभा चुनावों को लेकर सोलन में आयोजित रोड शो के दौरान दिल्ली के मुख्यमंत्री अरविंद केजरीवाल ने कांग्रेस और भाजपा पर जमकर निशाना साधा। केजरीवाल ने कहा कि हिमाचल प्रदेश को कांग्रेस और भाजपा की सरकारों ने जमकर लूटा है। 5 साल कांग्रेस वाले लूटते रहे और 5 साल भाजपा वाले लूटते रहे हैं। अब ऊपर वाले की कृपा से हिमाचल में एक ईमानदार आम आदमी पार्टी आई है, जिसे दिल्ली वालों ने आजमा कर देखा है। 

माकपा ने जारी किया घोषणा पत्र, जानिए बेरोजगारों व मजदूरों के लिए क्या करेगी पार्टी
हिमाचल विधानसभा चुनाव को लेकर माकपा ने अपना घोषणा पत्र जारी कर दिया है। पार्टी ने घोषणा की है कि जो भी दल सत्ता में आएगा उस पर बेरोजगारों को बेरोजगारी भत्ता देने और मजदूरों का मासिक वेतन 26 हजार करने का दबाव बनाएंगे। पार्टी सचिव डाॅ. ओंकार शाद ने घोषणा पत्र जारी करते हुए कहा कि हम इस चुनाव में किसी दल को समर्थन नहीं दे रहे हैं। पार्टी ने अपने घोषणा पत्र में बागवानों, किसानों, मजदूरों और बेरोजगार युवाओं के अलावा ओपीएस का मुद्दा प्रमुखता से रखा है। 

कांग्रेस 5 नवम्बर को जारी करेगी घोषणा पत्र, जानिए भाजपा का क्या है प्लान
कांग्रेस पार्टी 5 नवम्बर को अपना घोषणा पत्र जारी करेगी। कांग्रेस के प्रदेश प्रभारी राजीव शुक्ला, प्रदेश अध्यक्ष प्रतिभा सिंह, नेता प्रतिपक्ष मुकेश अग्निहोत्री और प्रदेश चुनाव प्रचार समिति के अध्यक्ष सुखविंदर सिंह सुक्खू इस अवसर पर मौजूद रहेंगे। कांग्रेस के घोषणा पत्र में कर्मचारियों को ओपीएस देने और महिलाओं को 1500 रुपए प्रति माह देने सहित अन्य गारंटियों को शामिल किया जाएगा।

हिमाचल में दूसरे दिन 7800 मतदाताओं ने पोस्टल बैलेट से किया मतदान
हिमाचल प्रदेश में विधानसभा चुनावों के लिए पोस्टल बैलेट से मतदान करने की प्रक्रिया के दूसरे दिन वीरवार को 7800 मतदाताओं ने मतदान किया। इनमें 80 वर्ष से अधिक आयु के 6445, 1314 दिव्यांग तथा 41 अनिवार्य सेवाओं के मतदाता शामिल हैं। गत दिन 5093 लोगों ने पोस्टल बैलेट से मतदान किया था। इसके साथ ही राज्य में 14वें विधानसभा चुनाव के लिए अब तक डाक मतपत्रों के माध्यम से डाले गए मतों की कुल संख्या 12893 हो गई है।

भगवान परशुराम जी की शोभायात्रा के साथ रेणुकाजी मेला शुरू
अंतर्राष्ट्रीय श्री रेणुकाजी मेले के शुभारंभ पर प्रदेश के मुख्य सचिव आरडी धीमान ने ददाहू खेल मैदान में देव अभिनंदन कर देव पालकियों के समक्ष शीश नवाकर पूजा-अर्चना की। तत्पश्चात देव पालकियों को कंधा देकर शोभायात्रा का शुभारंभ किया। इसके साथ ही 6 दिन तक चलने वाला रेणुकाजी मेला आरंभ हुआ। ढोल-नगाड़ों की मधुर ध्वनि के बीच शोभायात्रा शुरू हुई। ददाहू बाजार में इस अवसर पर दर्शनों के लिए लोगों की भारी भीड़ उमड़ी। 

मनाली में शर्मनाक घटना, 2 साल की मासूम से हैवानियत की हदें पार
पर्यटन नगरी मनाली के सियाल में 2 साल की बच्ची से दुष्कर्म की घटना सामने आई है। इस घटना से इलाके में सनसनी फैल गई है। माता-पिता की शिकायत पर पुलिस ने मामला दर्ज कर छानबीन शुरू कर दी है। जानकारी के अनुसार बच्ची सुबह अचानक घर से गुम हो गई। उन्होंने सोचा कि वह जान पहचान वालों के घर में होगी। लेकिन तलाशने के बाद जब कहीं पता नहीं चला तो वे परेशान हो गए। उन्होंने समस्त क्षेत्र में छानबीन की ओर लोगों से भी पूछताछ की।

अम्ब-ऊना हाईवे पर बुलेट व स्कूटी की टक्कर में एक की मौत, 2 घायल
अम्ब-ऊना हाईवे पर दिलवां में हुए सड़क हादसे में एक व्यक्ति की मौत हो गई जबकि 2 लोग जख्मी हुए हैं। पुलिस ने मामला दर्ज कर आगामी कार्रवाई शुरू कर दी है। पुलिस के अनुसार मंगलवार देर सायं उक्त स्थल पर बुलेट व स्कूटी में टक्कर हो गई। सड़क हादसे में गंभीर रूप से जख्मी हुए लोगों को अस्पताल पहुंचाया गया लेकिन बुलेट चालक ने दम तोड़ दिया। सड़क हादसे में रणजीत सिंह (27) पुत्र अजय सिंह निवासी अम्ब की मौत हो गई है।

यू-ट्यूब देखकर पाइप में भरा बारूद, ब्लास्ट में किशोर की मौत
चम्बा जिले की गहरी पुलिस चौकी के तहत खेल-खेल में एक किशोर की जान चली गई। चौकी इंचार्ज अनिल वालिया ने बताया कि 16 साल के लड़के ने लगभग 40-45 दिन पूर्व यू-ट्यूब देखकर एक साधारण पाइप में बारूद भरा और उसमें कुछ लोहे के कण व अन्य सामान डाल दिया। इसके बाद वह फिर यू-ट्यूब देखने लगा और उसने बारूद से भरी पाइप में पीछे से आग लगा दी।

पठानकोट-भरमौर NH पर चरस के साथ तस्कर काबू
चम्बा पुलिस ने नाकाबंदी के दौरान 209 ग्राम चरस के साथ एक तस्कर को गिरफ्तार किया है। पुलिस ने एनडीपीएस एक्ट के तहत मामला दर्ज कर मामले की छानबीन शुरू कर दी है। आरोपी की पहचान मनोहर पुत्र पृथि निवासी गांव जलुंडा, डाकघर जांघी, तहसील व जिला चम्बा के रूप में की गई है। जानकारी के अनुसार पुलिस की एसआईयू टीम ने पठानकोट-भरमौर एनएच पर मैहला पुल के समीप नाकाबंदी कर रखी थी।


सबसे ज्यादा पढ़े गए

Content Writer

Vijay

Related News