हिमाचल में मतदान वाले दिन एग्जिट पोल पर पाबंदी, अमित शाह का कांग्रेस पर 12 लाख करोड़ रुपए के घोटाले का आरोप, पढ़ें HP की 10 बड़ी खबरें

punjabkesari.in Wednesday, Nov 02, 2022 - 07:36 AM (IST)

शिमला (ब्यूरो): हिमाचल प्रदेश विधानसभा चुनावों को लेकर 12 नवम्बर को मतदान वाले एग्जिट पोल पर पूर्ण पाबंदी लगाई गई है। हिमाचल में चुनाव प्रचार पर आए केंद्रीय गृह मंत्री अमित शाह ने कांग्रेस पर 12 लाख करोड़ रुपए के घोटाले का आरोप लगाया है। वहीं भाजपा की फिर से सरकार बनने पर हिमाचल प्रदेश अगले 5 साल में नशा मुक्त राज्य बनाने की बात कही है। दिल्ली के मुख्यमंत्री और आम आदमी पार्टी के संयोजक अरविंद केजरीवाल 3 नवम्बर को सोलन में रोड शो करेंगे। अखिल भारतीय कांग्रेस कमेटी की पूर्व अध्यक्ष सोनिया गांधी शिमला पहुंच गईं हैं। केंद्रीय गृह मंत्री अमित शाह की मौजूदगी में भाजपा को फिर से प्रदेश की सत्ता में वापसी को लेकर रणनीति बनाई गई। कांग्रेस के स्टार प्रचारक और पूर्व केंद्रीय मंत्री सचिन पायलट ने चुनाव प्रचार के दौरान भाजपा पर निशाने साधे। हिमाचल में पहाड़ाें पर बर्फबारी का दौर शुरू हो गया है। हमीरपुर शहर के भोटा चौक में मंगलवार को दिनदहाड़े एक व्यक्ति को चाकू घोंप दिया गया। इससे क्षेत्र में दहशत का महौल है।

पढ़ें हिमाचल की बड़ी खबरें सिर्फ यहां

विधानसभा चुनाव : हिमाचल में 12 नवम्बर को एग्जिट पोल पर रहेगी पाबंदी
हिमाचल प्रदेश में विधानसभा चुनावों को देखते हुए 12 नवम्बर को मतदान वाले दिन एग्जिट पोल पर पूर्ण पाबंदी लगाई गई है। इसके तहत इस दिन सुबह 8 बजे से शाम साढ़े 5 बजे तक यानि मतदान समाप्त होने के आधे घंटे बाद तक एग्जिट पोल के आयोजन व प्रकाशन पर रोक रहेगी। इससे संबंधित अधिसूचना मुख्य निर्वाचन अधिकारी मनीष गर्ग की ओर से जारी की गई है। 

कांग्रेस ने 12 लाख करोड़ रुपए के घोटाले किए, अब राजा-रानी का जमाना नहीं, जनता का जमाना है
केंद्रीय गृह मंत्री अमित शाह ने चंबा में एक जनसभा को संबोधित किया। इस दौरान उन्होंने कांग्रेस पर हमला बोला। शाह ने कहा कि  कांग्रेस के नेताओं के पास बस एक ही बात है, वह कहते हैं हिमाचल में रिवाज है एक बार कांग्रेस, एक बार भाजपा लेकिन अब नया रिवाज बनाना है, एक बार भाजपा, बार-बार भाजपा। केंद्र में कांग्रेस की सरकार थी, 2 जी, कॉमनवेल्थ, कोयला जैसे 12 लाख करोड़ रुपए के घोटाले किए है लेकिन अभी भी पेट नहीं भरा तो हिमाचल में आए हैं, लेकिन अब लोकतंत्र है। अब राजा-रानी का जमाना नहीं रहा, जनता का जमाना आया है। 

हिमाचल 5 साल में बनेगा नशा मुक्त राज्य 
केंद्रीय गृह मंत्री अमित शाह ने कहा है कि भाजपा की फिर से सरकार बनने पर हिमाचल प्रदेश अगले 5 साल में नशा मुक्त राज्य बनेगा। उन्होंने कहा कि जो लोग नशे के कारोबार से जुड़े हैं, अगले 5 साल में इसकी सप्लाई करने वाला और बेचने वाला कोई नहीं बचेगा। अमित शाह शिमला जिला के भट्टाकुफर, मंडी जिला के करसोग व चम्बा जिला के सिहुंता में पार्टी प्रत्याशियों के पक्ष में चुनावी जनसभाओं को संबोधित कर रहे थे।

अरविंद केजरीवाल कल सोलन में करेंगे रोड शो
आम आदमी पार्टी के प्रदेशाध्यक्ष सुरजीत ठाकुर ने कहा कि दिल्ली के मुख्यमंत्री और आम आदमी पार्टी के संयोजक अरविंद केजरीवाल 3 नवम्बर को सोलन में रोड शो करेंगे। केजरीवाल के बाद 5 नवम्वर को दिल्ली के उप मुख्यमंत्री मनीष सिसोदिया हिमाचल में रोड शो और रैली करेंगे। इसके बाद 9 नवम्बर को पंजाब के मुख्यमंत्री भगवंत मान हिमाचल में प्रचार के लिए आएंगे और रोड शो करेंगे।

हिमाचल में चुनावी प्रचार के बीच शिमला पहुंचीं सोनिया गांधी
अखिल भारतीय कांग्रेस कमेटी की पूर्व अध्यक्ष सोनिया गांधी मंगलवार को शिमला पहुंचीं। चडीगढ़ से सड़क मार्ग होते हुए कड़ी सुरक्षा के बीच उनका काफिला सुबह 11 बजे के करीब छराबड़ा पहुंचा। 15 दिनों के भीतर सोनिया गांधी दूसरी बार शिमला पहुंचीं हैं और पर्यटन स्थल छराबड़ा स्थित अपनी बेटी प्रियंका वाड्रा के घर ठहरी हुई हैं। कुछ दिनों तक उनका यहां पर रुकने का कार्यक्रम है। 

हिमाचल भाजपा ने अमित शाह की मौजूदगी में सत्ता वापसी को लेकर बनाई रणनीति
केंद्रीय गृह मंत्री अमित शाह की मौजूदगी में मंगलवार देर सायं होटल पीटरहॉफ शिमला संसदीय क्षेत्र की अहम बैठक हुई, जिसमें भाजपा को फिर से प्रदेश की सत्ता में वापसी को लेकर रणनीति बनी। सूत्रों के अनुसार जिन स्थानों पर पार्टी अधिकृत प्रत्याशी चुनाव लड़ रहे हैं, वहां पर डैमेज कंट्रोल करने पर भी रणनीति बनी। इसी तरह से भाजपा की तरफ से 6 नवम्बर को लाए जाने वाले दृष्टि पत्र में शामिल किए जाने वाले विषयों पर भी अनौपचारिक चर्चा होने की सूचना है।

भाजपा के बागी नेता पार्टी से 6 साल के लिए निष्कासित
भाजपा ने 5 बागियों को बाहर का रास्ता दिखाने के अलावा कुल्लू से पार्टी के अधिकृत प्रत्याशी के खिलाफ चुनाव लड़ रहे प्रदेश उपाध्यक्ष राम सिंह को भी 6 साल के लिए पार्टी की प्राथमिक सदस्यता से निष्कासित कर दिया है। इस सीट से भाजपा पूर्व सांसद महेश्वर सिंह को मनाने में राजी रही है, जिन्होंने टिकट कटने के बाद बतौर निर्दलीय प्रत्याशी अपना नामांकन पत्र वापस ले लिया था। 

कार्यकर्ताओं की कलह और बागियों की खींचतान में उलझी है भाजपा : सचिन पायलट
हिमाचल में भाजपा कार्यकर्ताओं की कलह और बागियों की खींचतान में उलझी हुई है, उसके पास जनता के लिए कुछ करने का समय कहां है। यह बात कांग्रेस के स्टार प्रचारक और पूर्व केंद्रीय मंत्री सचिन पायलट ने चुनाव प्रचार के दौरान गांधी चौक पर आयोजित जनसभा में कही। उन्होंने कहा कि डबल इंजन की सरकार का एक इंजन जल्द ही हिमाचल में फेल होने वाला है। पत्रकारों से बातचीत में सचिन ने कहा कि कांग्रेस पार्टी अब तेजी से हिमाचल में अपने चुनाव प्रचार में आगे निकल रही है। 

बहुत डाल लीं नाटियां, अब जगह-जगह विदाई ले रहे सीएम : मुकेश अग्निहोत्री
कांग्रेस की सरकार आ रही है। उसके बाद मित्रां दा नां चलदा। हर तरफ आपका डंका बजेगा। जनता का जो हुकम होगा, उसकी तामील की जाएगी। यह बात नेता प्रतिपक्ष मुकेश अग्निहोत्री ने चम्बा के हरिपुर में कांग्रेस की जनसभा में कही। उन्होंने कहा कि चम्बा में भी पंजा 5 लेकर आएगा। मुख्यमंत्री जगह-जगह विदाई ले रहे हैं। बहुत नाटियां डाल लीं और हैलीकॉप्टर में उड़ लिए। उन्होंने कहा कि अनुराग ठाकुर व प्रेम कुमार धूमल सिसक रहे हैं। हंसराज के तो क्या कहने। शांता खामोश हैं।

बारालाचा और तंगलंगला दर्रे में आधा फुट बर्फबारी, मनाली-लेह मार्ग बंद
अंतर्राष्ट्रीय पर्यटन स्थल रोहतांग दर्रे सहित मनाली-लेह मार्ग के दर्रों में सुबह से बर्फबारी हो रही है। बारालाचा और तंगलंगला दर्रे में आधा फुट बर्फबारी हो चुकी है और अभी भी यह क्रम जारी है। हालांकि सुबह के समय लेह की ओर से वाहन मनाली आए लेकिन दोपहर बाद दर्रे में वाहनों की आवाजाही पूर्ण रूप से ठप्प हो गई। मौसम के हालात को देखते हुए लाहौल-स्पीति प्रशासन सतर्क हो गया है।

हमीरपुर के भोटा चौक में दिनदहाड़े व्यक्ति को मारा चाकू
हमीरपुर शहर के भोटा चौक में मंगलवार को दिनदहाड़े एक व्यक्ति को चाकू घोंप दिया गया। सरेआम हुई इस घटना से क्षेत्र में दहशत मची हुई है। चाकू मारने के बाद आरोपी मौके से फरार हो गया तथा पुलिस स्टेशन पहुंच गया। वहीं पीड़ित व्यक्ति को घायल अवस्था में हमीरपुर मेडिकल कॉलेज पहुंचाया गया, जहां पर उसका उपचार चल रहा है।


सबसे ज्यादा पढ़े गए

Content Writer

Vijay

Recommended News

Related News