प्रियंका वाड्रा आज मंडी में करेंगी चुनावी जनसभा, कांग्रेस ने 6 बागियों को दिखाया बाहर का रास्ता, पढ़ें HP की 10 बड़ी खबरें

punjabkesari.in Tuesday, Nov 01, 2022 - 07:08 AM (IST)

शिमला (ब्यूरो): हिमाचल प्रदेश में विधानसभा चुनावों को लेकर भाजपा व कांग्रेस दोनों पार्टियों ने चुनाव प्रचार तेज कर दिया है। इसी कड़ी में कल मंडी जिले में कांगेस की राष्ट्रीय महासचिव प्रियंका गांधी वाड्रा चुनावी जनसभा करेंगी। वहीं केंद्रीय गृह मंत्री अमित शाह भी हिमाचल आ रहे हैं। कांग्रेस ने पार्टी के अधिकृत प्रत्याशियों के खिलाफ चुनाव लड़ने के कारण 6 बागियों को बाहर का रास्ता दिखाया है। भाजपा के राष्ट्रीय अध्यक्ष जगत प्रकाश नड्डा ने काजा, मनाली और कुल्लू में आयोजित रैलियों में भाजपा की सरकार बनने का दावा किया है।  केंद्रीय कानून मंत्री किरेन रिजिजू भाजपा की विजय संकल्प रैली अभियान के तहत कांग्रेस पर ताबड़तोड़ हमला बोले। कांग्रेस पार्टी वॉर रूम के प्रभारी गोकुल बुटेल ने प्रदेश में कांग्रेस की सरकार बनने पर नशे के खात्मे को करेगी एंटी ड्रग एब्यूज इन्फोर्समैंट अथॉरिटी का गठन की बात कही है। सिरमौर जिले में हुए दोहरे हत्याकांड के मामले में पुलिस ने आरोपी को गिरफ्तार कर लिया है। 

पढ़ें हिमाचल की बड़ी खबरें सिर्फ यहां

प्रियंका गांधी की मंडी में रैली आज, अमित शाह कल आएंगे हिमाचल
भाजपा नेताओं ने रविवार को 68 विधानसभा क्षेत्रों में प्रचार के साथ ही हिमाचल प्रदेश में प्रचार तेज कर दिया है। केंद्रीय नेताओं सहित भाजपा अध्यक्ष जेपी नड्डा ने प्रचार की कमान संभाली। इसके तहत कांगेस की राष्ट्रीय महासचिव प्रियंका गांधी वाड्रा सोमवार (31 अक्तूबर) को मंडी में चुनावी जनसभा को संबोधित करेंगी। इससे पहले वह सोलन में भी चुनावी जनसभा को संबोधित कर चुकी हैं।

कांग्रेस के 6 बागी 6 साल के लिए पार्टी से निष्कासित
कांग्रेस ने पार्टी के अधिकृत प्रत्याशियों के खिलाफ चुनाव लड़ने के कारण 6 बागियों को बाहर का रास्ता दिखाया है। पार्टी की तरफ से बागियों को 6 साल के लिए निष्कासित करने के ये आदेश प्रदेश प्रभारी राजीव शुक्ला की स्वीकृति के बाद प्रदेश कांग्रेस अध्यक्ष प्रतिभा सिंह ने जारी किए हैं। निष्कासित किए गए नेताओं में पच्छाद विधानसभा चुनाव क्षेत्र से पूर्व विधानसभा अध्यक्ष गंगू राम मुसाफिर, सुलह से पूर्व विधायक जगजीवन पाल, चौपाल से पूर्व विधायक डाॅ. सुभाष मंगलेट, ठियोग से विजय पाल खाची, आनी से परस राम व जयसिंहपुर से सुशील कौल शामिल हैं। 

यूपीए सरकार ने हिमाचल का स्पैशल कैटेगरी स्टेटस छीना : जेपी नड्डा
हिमाचल प्रदेश की जनता ने यह ठान लिया है कि हिमाचल में हम नया रिवाज बनाएंगे। भाजपा जो कहती है, करके दिखाती है। प्रधानमंत्री नरेन्द्र मोदी के नेतृत्व में प्रदेश में एक बार पुन: भारी बहुमत से डबल इंजन वाली भाजपा सरकार का बनना तय है। ये बातें भारतीय जनता पार्टी के राष्ट्रीय अध्यक्ष जगत प्रकाश नड्डा ने काजा, मनाली और कुल्लू में आयोजित रैलियों में कहीं। 

केंद्रीय मंत्री किरेन रिजिजू ने पूर्व प्रधानमंत्री जवाहर लाल नेहरू पर दिया बड़ा बयान
केंद्रीय कानून मंत्री किरेन रिजिजू रविवार को भाजपा की विजय संकल्प रैली अभियान के तहत जिला ऊना के हरोली और ऊना विधानसभा क्षेत्रों में जनसभा को संबोधित करने पहुंचे। इस दौरान उन्होंने कांग्रेस पर ताबड़तोड़ हमला बोलते हुए देश के पहले प्रधानमंत्री जवाहर लाल नेहरू और कांग्रेस पर देश की बर्बादी का बीज बोने का आरोप तक जड़ डाला।

खजल हो गए हैं कांग्रेस के लोग, शोर मचाने से कुछ नहीं होगा : जयराम
कांग्रेस के लोग खजल हो गए हैं। पूरी पार्टी ही खजल है। इस पार्टी के राष्ट्रीय नेता के लिए आटा 40 रुपए लीटर हो गया है, वहीं प्रदेश स्तर के नेताओं को गाली देने की आदत पड़ गई है। शोर मचाने से कुछ नहीं होगा। लोग वोट से जवाब देंगे। यह बात मुख्यमंत्री जयराम ठाकुर ने चम्बा के हरिपुर में आयोजित जनसभा के दौरान कही। उन्होंने कहा कि कांग्रेस नेता कहते हैं कि सत्ता में आने के बाद जनकल्याणकारी योजनाएं बंद कर देंगे। 

कांग्रेस नशे के खात्मे को करेगी एंटी ड्रग एब्यूज इन्फोर्समैंट अथॉरिटी का गठन
हिमाचल में गांव-गांव तक पैर पसारता जा रहा नशे का कारोबार चिंता का विषय बन गया है। केंद्र की एक रिपोर्ट के अनुसार प्रदेश में 40 वर्ष से कम आयु के 25 से 27 फीसदी युवा नशे की चपेट में हैं। कांग्रेस के राष्ट्रीय संयुक्त सचिव एवं प्रदेश विधानसभा चुनाव के लिए बनाए गए पार्टी वॉर रूम के प्रभारी गोकुल बुटेल ने रविवार को राजीव भवन में आयोजित पत्रकार वार्ता में यह बात कही। उन्होंने कहा कि नशे के कारोबार में पंजाब के बाद दूसरे नंबर पर हिमाचल का नाम आता है। 

सिरमौर में दोहरे हत्याकांड का आरोपी गिरफ्तार, पूर्व प्रेमी ने इसलिए की थी मां-बेटे की हत्या
सिरमौर जिले के पच्छाद के चमेंजी में 20 अक्तूबर को हुए दोहरे हत्याकांड का एसआईटी ने पर्दाफाश किया है। मामले में सनसनीखेज खुलासा हुआ है। रविवार दोपहर बाद जिला एसपी रमन कुमार मीणा ने नाहन में पत्रकार वार्ता कर हत्याकांड से जुड़े चौंकाने वाले खुलासे किए हैं। 32 वर्षीय महिला उर्मिला और उसके 9 वर्षीय बेटे सक्षम की हत्या की गुत्थी को सुलझाते हुए टीम ने गांव के ही रहने वाले 32 वर्षीय व्यक्ति नरेश को गिरफ्तार किया है। 

पांवटा साहिब के गोविंदघाट बैरियर पर 2 गाड़ियों से पकड़ा 15.73 लाख का कैश
हिमाचल-उत्तराखंड सीमा पर पांवटा साहिब के गोविंदघाट बैरियर पर चैकिंग के दौरान पुलिस व आईटीबीपी के जवानों ने 2 गाड़ियों से 15 लाख 73 हजार रुपए की राशि बरामद की है। पुलिस ने पैसों को जब्त कर जांच शुरू कर दी है। जानकारी के विधानसभा चुनाव के मद्देनजर हिमाचल-उत्तराखंड सीमा पर गोविंदघाट बैरियर पर पुलिस व आईटीबीपी जवान तैनात किए हुए हैं। 

महिला की माैत पर मायका पक्ष का हंगामा, पुलिस की मौजूदगी में हुआ अंतिम संस्कार
डैहर के मझखेतर में 32 वर्षीय महिला की जहर निगलने के बाद सुंदरनगर अस्पताल में मौत होने पर मायका पक्ष के लोग शव को ससुरालियों के आंगन में ही जलाने पर अड़ गए। इसके बाद डीएसपी सुंदरनगर दिनेश कुमार, सुंदरनगर के प्रशासनिक अधिकारी और क्यूआरटी जवान मौके पर पहुंचे। इसी दौरान मौके पर विरोध कर रहे पुरुषों-महिलाओं की पुलिस के साथ धक्का-मुक्की भी हुई व माहौल काफी तनावपूर्ण हो गया। 

जयंती माता के रास्ते में मिला महिला का गला-सड़ा शव, बंधे हुए थे दोनों हाथ
कांगड़ा थाना के अंतर्गत जयंती माता की ओर जाने वाले रास्ते में एक महिला का गला-सड़ा शव मिलने से इलाके में सनसनी फैल गई। पुलिस को सूचना मिलने पर डीएसपी मदल लाल पुलिस दल के साथ मौके पर पहुंचे। महिला का शरीर सड़ने के कारण अनुमान लगाया जा रहा है कि महिला की आयु 25 से 35 साल तक रही होगी। 


सबसे ज्यादा पढ़े गए

Content Writer

Vijay

Recommended News

Related News