Shimla: साइबर ठगी से चोरों ने दिया बड़ी वारदात को अंजाम, 24 घंटे में खाते से 6 लाख साफ

punjabkesari.in Saturday, Oct 03, 2026 - 08:47 PM (IST)

रोहड़ू (कार्तिक): जिले के चिड़गांव क्षेत्र में साइबर ठगी का मामला सामने आया है। तहसील चिड़गांव के तहत दुनाना गांव निवासी एक व्यक्ति के बैंक खाते से अज्ञात शातिरों ने करीब 24 घंटे के भीतर 6 लाख रुपए निकाल लिए। पीड़ित की शिकायत पर चिड़गांव थाना पुलिस ने अज्ञात आरोपी के खिलाफ मामला दर्ज कर जांच शुरू कर दी है। पुलिस को दी शिकायत के अनुसार 46 वर्षीय विनोद कुमार पुत्र उत्तम सैन, निवासी गांव दुनाना, डाकघर चिलाला, तहसील चिड़गांव का बचत खाता यूको बैंक चिड़गांव शाखा में है। शिकायतकर्त्ता ने बताया कि 2 से 3 अक्तूबर के बीच किसी अज्ञात व्यक्ति ने उनकी जानकारी और अनुमति के बिना खाते से पांच अनधिकृत यूपीआई लेन-देन किए। इन लेन-देन के माध्यम से कुल 6 लाख रुपए खाते से निकाल लिए गए। शिकायतकर्त्ता के अनुसार, 2 अक्तूबर को उनके मोबाइल फोन पर लगातार खाते से पैसे कटने के संदेश आने लगे। उन्होंने खाते का बैलेंस चैक करने का प्रयास किया, लेकिन किसी कारण से वह तत्काल बैलेंस की जानकारी नहीं ले पाए।

इसके बाद 3 अक्तूबर को सुबह करीब 9:30 बजे उनके मोबाइल पर दोबारा 50 हजार रुपए डैबिट होने का संदेश आया। लगातार रकम कटने के संदेश मिलने के बाद विनोद कुमार को खाते में बड़ी गड़बड़ी होने का संदेह हुआ और वह तुरंत यूको बैंक की चिड़गांव शाखा पहुंचे। बैंक पहुंचकर जब उन्होंने अपने खाते का स्टेटमैंट निकलवाया तो पता चला कि पिछले करीब 24 घंटों के दौरान अलग-अलग पांच यूपीआई लेन-देन के माध्यम से खाते से कुल 6 लाख रुपए की राशि निकाली जा चुकी थी। इसके बाद उन्होंने मामले की शिकायत पुलिस को दी। पुलिस ने शिकायत के आधार पर अज्ञात आरोपी के खिलाफ भारतीय न्याय संहिता (बीएनएस) की धारा 318 के तहत अभियोग दर्ज किया है। जांच के दौरान पुलिस द्वारा उन बैंक खातों और यूपीआई आईडी से संबंधित जानकारी जुटाई जा रही है, जिनके माध्यम से रकम ट्रांसफर हुई। मामले में साइबर तकनीकी सहायता लेकर लेन-देन से जुड़े विवरणों की जांच की जा रही है।


सबसे ज्यादा पढ़े गए

Content Writer

Kuldeep

Related News