Shimla: राहुल-प्रियंका को हिरासत में लेने पर फूटा कांग्रेस का गुस्सा, CM सुक्खू ने केंद्र और चुनाव आयोग पर साधा निशाना
punjabkesari.in Wednesday, Oct 07, 2026 - 01:51 PM (IST)
शिमला (योगराज): दिल्ली में लोकसभा नेता प्रतिपक्ष राहुल गांधी और कांग्रेस महासचिव प्रियंका गांधी वाड्रा को पुलिस हिरासत में लिए जाने के विरोध में हिमाचल प्रदेश कांग्रेस का गुस्सा फूट पड़ा है। गुरुवार को मुख्यमंत्री ठाकुर सुखविंदर सिंह सुक्खू के नेतृत्व में कांग्रेस नेताओं और कार्यकर्ताओं ने शिमला स्थित लोक भवन के बाहर धरना-प्रदर्शन किया। इस दौरान केंद्र सरकार और चुनाव आयोग के खिलाफ नारेबाजी की गई और राज्यपाल के माध्यम से एक ज्ञापन भी सौंपा गया।
चुनाव आयुक्त दें इस्तीफा, तत्काल प्रभाव से बंद हो एसआईआर प्रक्रिया
प्रदर्शन के दौरान कांग्रेस नेताओं ने चुनाव आयोग की कार्यप्रणाली पर गंभीर सवाल खड़े किए। उन्होंने आरोप लगाया कि देश में मतदाता सूची के विशेष गहन पुनर्निरीक्षण (एसआईआर) की प्रक्रिया आड़ में आम जनता के लोकतांत्रिक अधिकारों को प्रभावित किया जा रहा है। प्रदर्शनकारियों ने स्पष्ट मांग रखी कि मुख्य चुनाव आयुक्त को तुरंत अपने पद से इस्तीफा देना चाहिए और इस विवादित एसआईआर प्रक्रिया को तत्काल प्रभाव से बंद किया जाए।
देश में वोट चोरी हुई, भाजपा कर रही लोकतंत्र की हत्या : सुक्खू
धरने को संबोधित करते हुए मुख्यमंत्री सुखविंदर सिंह सुक्खू ने केंद्र सरकार पर तीखा हमला बोला। उन्होंने कहा कि दिल्ली में चुनाव आयोग के कार्यालय की ओर शांतिपूर्ण तरीके से जा रहे राहुल गांधी और प्रियंका गांधी को रोकना और हिरासत में लेना बेहद दुर्भाग्यपूर्ण है। मुख्यमंत्री ने कड़े शब्दों में कहा कि लोकतंत्र में अपना विरोध दर्ज कराना हर नागरिक और राजनीतिक दल का संवैधानिक अधिकार है। भाजपा सरकार लोकतंत्र की हत्या कर रही है। इसके साथ ही उन्होंने एक बड़ा आरोप लगाते हुए कहा कि देश में वोट चोरी हुई है और कांग्रेस इसी सच्चाई को जनता के बीच उजागर कर रही है।
प्रदेश भर में होंगे धरना-प्रदर्शन
सीएम सुक्खू ने चेतावनी दी है कि यह विरोध केवल शिमला तक सीमित नहीं रहेगा। कांग्रेस पार्टी आने वाले दिनों में पूरे हिमाचल प्रदेश में ब्लॉक और जिला स्तर पर धरना-प्रदर्शन करेगी। उन्होंने जोर देकर कहा कि लोकतांत्रिक संस्थाओं की निष्पक्षता बनाए रखना बेहद जरूरी है और जब तक चुनाव आयोग अपनी कार्यप्रणाली में सुधार नहीं करता, कांग्रेस का यह संघर्ष जारी रहेगा।
क्या है पूरा विवाद?
गौरतलब है कि बीते मंगलवार को दिल्ली में राहुल गांधी, प्रियंका गांधी और 18 अन्य विपक्षी दलों के नेताओं ने चुनाव आयोग की कार्यप्रणाली और एसआईआर प्रक्रिया के खिलाफ विरोध मार्च निकाला था। जब उन्हें चुनाव आयोग कार्यालय की ओर बढ़ने से रोका गया, तो वे आकाशवाणी भवन परिसर के पास धरने पर बैठ गए थे। इसके बाद दिल्ली पुलिस ने राहुल और प्रियंका गांधी सहित कई नेताओं को हिरासत में ले लिया था, जिन्हें कुछ घंटों बाद रिहा कर दिया गया। इसी घटना के विरोध में अब पूरे देश में कांग्रेस प्रदर्शन कर रही है।
हिमाचल प्रदेश से जुड़ी खबरें पढ़ने के लिए हमारे WhatsApp group को Join करें

