Shimla: एचपीयू के सीडीओई ने जारी किया शैड्यूल, बीएड की 450 सीटों के लिए इस डेट से शुरू होगी काऊंसलिंग

punjabkesari.in Thursday, Mar 05, 2026 - 08:30 PM (IST)

शिमला (अभिषेक): हिमाचल प्रदेश विश्वविद्यालय (एचपीयू) के सैंटर फॉर डिस्टैंस एंड ऑनलाइन एजुकेशन (सीडीओई) ने बीएड कोर्स में प्रवेश के लिए काऊंसलिंग शैड्यूल जारी कर दिया है। सत्र 2025-26 के जनवरी बैच के लिए बीएड में प्रवेश के लिए ऑफलाइन काऊंसलिंग विश्वविद्यालय के सभागार में होगी। सीडीओई प्रबंधन की ओर से जारी शैड्यूल के अनुसार काऊंसलिंग प्रक्रिया 10 से 13 मार्च तक चलेगी। शैड्यूल जारी करने के साथ ही सीडीओई ने प्रवेश संबंधित विभिन्न नियम व पात्रता शर्तों से संबंधित जानकारी भी जारी दी है। यह काऊंसलिंग प्रक्रिया बीएड 450 सीटों के लिए होगी। इसके लिए अब तक 440 के करीब आवेदन आ चुके हैं और ऑनलाइन आवेदन की प्रक्रिया पूरी होने के बाद आवेदन करने वाले उम्मीदवारों की कुल संख्या का पता चलेगा। 

आर्ट्स संकाय में 375 सीटों के लिए होगी काऊंसलिंग
बीएड की 450 सीटों में से 25-25 सीटें मेडिकल, नॉन-मेडिकल व कॉमर्स संकाय के लिए रखी गई हैं, जबकि आर्ट्स संकाय में 375 सीटों के लिए काऊंसलिंग होगी। काऊंसलिंग के लिए बीएड एडमिशन कमेटी का भी गठन कर लिया गया है। इस कमेटी के चेयरमैन प्रो. कुलदीप सिंह कटोच होंगे, जबकि समन्वयक डा. मोनिका सूद होंगी। इसके अलावा कमेटी में डॉ. राजेश कुमार शर्मा, डॉ. शशिकांत शर्मा, डॉ. रितिका शर्मा, डॉ. प्रदीप सिंह व डॉ. रुचि वर्मा सदस्य होंगे। इस कमेटी के गठन को लेकर सीडीओई के निदेशक प्रो. प्रदीप कुमार की ओर से अधिसूचना जारी कर दी है। यह कमेटी काऊंसलिंग प्रक्रिया अमल में लाएगी।

काऊंसलिंग शैड्यूल पर एक नजर
10 मार्च को सभी वर्ग (जनरल/एससी/एसटी,पीएच/ईडब्ल्यूएस) मेडिकल संकाय (सुबह 10 से 12 बजे तक), नॉन-मैडीकल संकाय (12 से दोपहर 2 बजे तक) और कॉमर्स संकाय (2.30 से 5 बजे तक) जनरल वर्ग के उम्मीदवारों, जिनके यूजी व पीजी में क्वालीफाइंग एग्जाम में 50 प्रतिशत या इससे अधिक अंक होंगे व एससी/एसटी/ओबीसी/पीएच वर्ग के उम्मीदवारों, जिनके 45 प्रतिशत या इससे अधिक अंक होंगे, वे काऊंसलिंग में भाग लेंगे। 11 मार्च को सभी वर्ग (जनरल/एससी/एसटी,पीएच/ईडब्ल्यूएस) आर्ट्स संकाय की सीटों के लिए काऊंसलिंग सुबह 10 से शाम 5 बजे तक होगी। इसमें क्वालीफाइंग एग्जाम में 62 प्रतिशत या इससे अधिक प्राप्त अंक वाले उम्मीदवार हिस्सा लेंगे, जबकि 12 मार्च को सभी वर्ग (जनरल/एससी/एसटी,पीएच/ईडब्ल्यूएस) आर्ट्स संकाय की सीटों के लिए काऊंसलिंग सुबह 10 से शाम 5 बजे तक होगी। इसमें क्वालीफाइंग एग्जाम में 60 प्रतिशत या इससे अधिक प्राप्त अंक वाले उम्मीदवार हिस्सा लेंगे। 13 मार्च को सभी वर्ग (जनरल/एससी/एसटी,पीएच/ईडब्ल्यूएस) आर्ट्स संकाय की सीटों के लिए काऊंसलिंग सुबह 10 से शाम 5 बजे तक होगी। इसमें क्वालीफाइंग एग्जाम में 50 प्रतिशत या इससे अधिक प्राप्त अंक वाले (जनरल वर्ग) के उम्मीदवार और 45 प्रतिशत या इससे अधिक प्राप्त अंक वाले (एससी/एसटी/ओबीसी/पीएच वर्ग) के उम्मीदवार हिस्सा लेंगे।

एडमिशन मिलने पर जमा करवानी होगी 25,160 रुपए फीस
बीएड में प्रवेश पाने वाले उम्मीदवारों को प्रथम वर्ष के लिए 25,160 रुपए फीस जमा करवानी होगी। बीएड एडमिशन कमेटी के चेयरमैन प्रो. कुलदीप सिंह कटोच ने बताया कि बीएड के काऊंसलिंग शैड्यूल सहित विस्तृत जानकारी वैबसाइट पर भी उपलब्ध करवा दी गई है।

हिमाचल प्रदेश की खबरें पढ़ने के लिए हमारे व्हाट्सएप ग्रुप से जुड़ें Click Here


सबसे ज्यादा पढ़े गए

Content Writer

Vijay

Related News