Shimla: हिमाचल प्रदेश विश्वविद्यालय ने जारी की टैंटेटिव डेटशीट, इस तारीख से शुरू होंगी स्नातक की वार्षिक परीक्षाएं
punjabkesari.in Thursday, Feb 26, 2026 - 06:53 PM (IST)
शिमला (अभिषेक): हिमाचल प्रदेश विश्वविद्यालय (एचपीयू) ने संबद्धता प्राप्त कॉलेजों में होने वाली स्नातक वार्षिक परीक्षाएं 25 मार्च से शुरू करने का निर्णय लिया है। इसके दृष्टिगत विश्वविद्यालय प्रशासन ने बीए, बीएससी व बीकॉम प्रथम, द्वितीय व तृतीय वर्ष के अलावा शास्त्री की वार्षिक परीक्षाओं की टैंटेटिव डेटशीट जारी की है।
डेटशीट जारी करने के साथ ही एचपीयू ने सभी संबद्धता प्राप्त कॉलेजों के प्रधानाचार्यों व संस्थानों के निदेशकों से डेटशीट को लेकर आपत्तियां मांगी हैं। यदि कोई पेपर क्लैश हो रहा होगा या फिर एक ही दिन 2 पेपर जैसी परिस्थितियां उत्पन्न हो रही होंगी तो स्टेकहोल्डर्स इसको लेकर 6 मार्च तक आपत्तियां दर्ज करवा सकते हैं। इसके बाद कोई आपत्ति पर गौर नहीं किया जाएगा। तय समय अवधि में आपत्तियां आने के बाद इस पर गौर करते हुए फाईनल डेटशीट 9 मार्च को जारी कर दी जाएगी।
विश्वविद्यालय की ओर से जारी हुई उक्त डेटशीट के अनुसार स्नातक प्रथम वर्ष की वार्षिक परीक्षाएं 25 मार्च से शुरू होकर 25 अप्रैल तक चलेंगी, जबकि द्वितीय वर्ष की वार्षिक परीक्षाएं 25 मार्च से शुरू होकर 27 अप्रैल तक चलेंगी और तृतीय वर्ष की परीक्षाएं 25 मार्च से शुरू होकर 27 अप्रैल तक चलेंगी। विस्तृत डेटशीट विश्वविद्यालय की वैबसाईट पर उपलब्ध करवा दी है।
हिमाचल प्रदेश विश्वविद्यालय के परीक्षा नियंत्रक प्रो. श्याम लाल कौशल ने बताया कि स्नातक वार्षिक परीक्षाओं की टैंटेटिव डेटशीट जारी कर दी है। इस डेटशीट को लेकर तय समय अवधि में आपत्तियां आने के बाद उन पर गौर कर फाइनल डेटशीट जारी होगी।

