Shimla: हिमाचल प्रदेश विश्वविद्यालय ने जारी की डेटशीट, जानें कब शुरू होंगी B.Ed की परीक्षाएं
punjabkesari.in Wednesday, Feb 11, 2026 - 07:05 PM (IST)
शिमला (अभिषेक): हिमाचल प्रदेश विश्वविद्यालय (एचपीयू) ने बीएड की परीक्षाओं की डेटशीट जारी कर दी है। यह परीक्षाएं 27 फरवरी से शुरू होंगी और 12 मार्च तक चलेंगी। यह डेटशीट बीएड प्रथम व तृतीय सैमेस्टर (रैगुलर विद्यार्थी) व सैंटर फॉर डिस्टैंस एंड ऑनलाइन एजुकेशन (सीडीओई) के तहत जनवरी बैच के बीएड प्रथम व द्वितीय वर्ष के विद्यार्थियों के लिए जारी की गई है। 80 अंक वाले पेपर सुबह 9 से 12 बजे तक आयोजित होंगे, जबकि 40 अंक वाली पेपर सुबह 9 बजे से 10.30 बजे तक चलेंगे। यह डेटशीट स्पैशल चांस के तहत परीक्षाएं देने वाले विद्यार्थियों के लिए लागू रहेगी।
विश्वविद्यालय के परीक्षा नियंत्रक प्रो. श्याम लाल कौशल ने विस्तृत डेटशीट जारी करते हुए सभी विद्यार्थियों व कालेजों के प्रधानाचार्यों को डेटशीट में यदि कोई बदलाव होता है तो उसकी अपडेट के लिए विश्वविद्यालय की वैबसाइट पर नजर बनाए रखने के दिशा-निर्देश दिए हैं। इस बीच बीएड की परीक्षाओं के लिए परीक्षा फॉर्म भरने की प्रक्रिया जारी है। विद्यार्थी बिना विलंब शुल्क 16 फरवरी तक परीक्षा फॉर्म भर सकते हैं।

