Himachal Express: सैनिक स्कूल में 8वीं के छात्र से रैगिंग, रिज पर पहुंची हरियाणा नंबर की कार

punjabkesari.in Tuesday, Dec 24, 2019 - 04:54 PM (IST)

शिमला: आए दिन कहीं ना कहीं से रैगिंग के मामले सामने आते रहते हैं। ताजा मामला हिमाचल प्रदेश के एकमात्र सैनिक स्कूल सुजानपुर टिहरा का है। यहां आठवीं के छात्र से रैगिंग की गई। तो अब एक क्लिक पर पढ़िए दिन भर की बड़ी खबरें।

सैनिक स्कूल में आठवीं के छात्र से रैगिंग
आए दिन कहीं ना कहीं से रैगिंग के मामले सामने आते रहते हैं। ताजा मामला हिमाचल प्रदेश के एकमात्र सैनिक स्कूल सुजानपुर टिहरा का है। यहां आठवीं के छात्र से रैगिंग की गई है। हालांकि रैगिंग का मामला सामने आने के बाद मनाली क्षेत्र के रहने वाले माता-पिता बच्चे को घर ले गए हैं।

शिमला के बाद अब बिलासपुर में भी जल्द दौड़ेंगी इलेक्ट्रिक बसें
हिल क्वीन शिमला की तर्ज पर जिला बिलासपुर में अब सड़कों पर ईको फ्रेंडली बसें चलेंगी। एचआरटीसी वर्कशॉप बिलासपुर में  इलैक्ट्रिक बसों को चार्ज करने के लिए हिमाचल प्रदेश का सबसे पहला चारजिंग  स्टेशन  बनकर  तैयार हो चुका है। बिलासपुर निगम ने हिमाचल सरकार को पांच इलेक्ट्रिकल बसों की डिमांड भेजी है।

योगा ब्वॉय हर्ष ने Guinness World Record में दर्ज किया अपना नाम
योगा ब्वॉय हर्ष ने गिनीज वल्र्ड रिकॉर्ड में अपना नाम दर्ज किया, साथ ही उनको इस वल्र्ड रिकॉर्ड के द्वारा एक्स्ट्रा ऑडनरी टैलेंट अवार्ड से भी सम्मानित किया गया। हर्ष हिमाचल सहित पूरे देश में पहले योगा आर्टिस्ट हैं जो 16 साल की उम्र में यह अवार्ड अपने नाम कर चुके हैं।

2 साल का टाइम दे दो बदल दूंगा मंडी का नक्शा
मंडी का ऐतिहासिक सेरी मंच सोमवार को उस समय सियासी अखाड़ा बना जब सरकारी समारोह में विधायक अनिल शर्मा अपनी बात रखने मंच पर आए और मुख्यमंत्री से 2 वर्ष और काम करने को मांगे। जैसे ही उन्होंने अपनी बात पूरी कर दी तो दूसरी बार सांसद चुने गए राम स्वरूप शर्मा और आई.पी.एच. मंत्री महेंद्र सिंह आई.पी.एच. विभाग के इस सरकारी कार्यक्रम में उन पर जमकर बरसे।

नेता प्रतिपक्ष मुकेश अग्निहोत्री ने फिर BJP सरकार को लपेटा
हिमाचल प्रदेश के नेता विपक्ष और कांग्रेस विधायक मुकेश अग्निहोत्री ने भाजपा सरकार पर तीखा हमला बोला है। उन्होंने अपने फेसबुक पेज पर लिखा कि हंगामा क्यूों बरपा ,विकास ही तो किया है। डाका तो नहीं डाला, चोरी तो नहीं की। बता दें कि उन्होंने कहा कि प्रदेश सरकार पिछले 2 साल से जश्न ही तो मना रही है। इनकी काम करने की न तो आदत है और ना ही नीयत।

सिरमौर के लापता जवान का 3 महीनों बाद भी कोई सुराग नहीं
बीते 17 अक्टूबर को अरुणाचल में सैन्य प्रशिक्षण के दौरान लापता हुए सिरमौर के सेना जवान भरत सिंह का अभी तक कोई पता नहीं लग पाया है। जवान के लापता होने के बाद से ही परिजन बेहद चिंतित है। पूरे मामले को लेकर जवान के परिजन व स्थानीय लोग आज डीसी से मिलने नाहन पहुंचे।

अब आग में नहीं जलेंगे चीड़ के जंगल 
हिमाचल प्रदेश के जंगलों में चीड़ के पेड़ों से गिरने वाली पत्तियों (चलारू) से स्मोक लेस कोयला बनकर तैयार हो गया है। कोयला बनाने के लिए सुंदरनगर की ग्राम पंचायत चांबी के एक प्रतिनिधिमंडल ने खाका तैयार कर प्रदेश सरकार को प्रेषित किया है।

शिमला में Christmas पर PETA समर्थकों का मांसाहार के खिलाफ प्रदर्शन
त्यौहार के मौके अकसर लोग घर आने वाले मेहमानों को खाने में मांसाहारी व्यंजन परोस कर उनका स्वागत करते हैं। इसलिए व्यजन के तौर पर वन्य प्राणियों पर अत्याचार ना हो इसके लिए और उनके संरक्षण के लिए शिमला में आज जागरूकता रैली निकाली गयी। यह रैली पेटा इंडिया संस्था द्वारा आयोजित की गई।

कांगड़ा एयरपोर्ट के विस्तारीकरण ने पकड़ी रफ्तार
प्रदेश के सबसे बड़े कांगड़ा एयरपोर्ट के विस्तारीकरण की कवायद रफ्तार पकड़ने लगी है। विस्तारीकरण के तहत एयरपोर्ट का रनवे 3010 मीटर होना चाहिए, इसके लिए एयरपोर्ट अथॉरिटी आफ इंडिया ने विस्तारीकरण का ड्राफ्ट तैयार किया है।

सुरक्षा में सामने आई बड़ी चूक
शिमला के ऐतिहासिक रिज मैदान में सुरक्षा में बड़ी चूक सामने आई है। यहां सोमवार शाम 5.50 बजे हरियाणा नंबर एक कार रिज मैदान पर पहुंच गई। इस कार में हरियाणा के चार लोग सवार थे। जैसे ही कार रिज मैदान पर पहुंची वहां हड़कंप मच गया। हैरानी की बात यह है कि ये कार कैसे पुलिस की नजर से बच कर रिज मैदान पर पहुंची जबकि रिज के लिए जाने वाली सडकों पर जगह-जगह पर बैरियर्स लगाए गए हैं और पुलिस जवान भी तैनात रहते हैं।

ऑनलाइन धोखाधड़ी का आरोपी झारखंड से गिरफ्तार
ऑनलाइन धोखाधड़ी के मामले में जिला पुलिस की विशेष टीम ने झारखंड से एक और आरोपी को गिरफ्तार किया है। कुल्लू के एसपी गौरव सिंह ने बताया कि ऑनलाइन धोखाधड़ी के मामले में एक महिला के अकाउंट से 3 लाख रुपए निकाल लिए गए थे जिसके बाद महिला ने पुलिस में शिकायत दर्ज करवाई।

16 साल बाद बदलेगा निजी व सरकारी बसों का टाइम टेबल
जिला कांगड़ा में 16 साल बाद निजी व सरकारी बसों की समयसारिणी में बदलाव किया जाएगा। बसों की समयसारिणी में बदलाव के साथ निजी व हिमाचल पथ परिवहन निगम की बसों का ज्वाइंट टाइम टेबल तैयार किया जाएगा।


सबसे ज्यादा पढ़े गए

kirti

Recommended News

Related News