Himachal : 11वीं कक्षा की छात्रा की संदिग्ध परिस्थितियों में मौत, किराए के कमरे में इस हालत में मिली लाश; परिजनों में पसरा मातम
punjabkesari.in Thursday, Jul 02, 2026 - 05:56 PM (IST)
Sirmaur News : हिमाचल प्रदेश के सिरमौर जिले से एक बेहद दर्दनाक और झकझोर देने वाली खबर सामने आई है। यहां पर 11वीं कक्षा की एक छात्रा का शव किराए के कमरे में फंदे से लटका हुआ बरामद हुआ। वहीं, पुलिस ने शव को कब्जे में लेकर पोस्टमार्टम के लिए भेज दिया है और मामले की गहनता से तफ्तीश शुरू कर दी है। वहीं, घटना के बाद क्षेत्र में शोक का माहौल है।
फंदे से झूलता मिला शव
जानकारी के मुताबिक, मामला जिले के राजगढ़ का है। मृतका मूल रूप से शिमला जिले के चौपाल क्षेत्र की रहने वाली थी और राजगढ़ के वार्ड नंबर-5 में अपनी माता और दो छोटी बहनों के साथ किराए के कमरे में रहकर पढ़ाई कर रही थी। मृतका पीएमश्री राजकीय मॉडल वरिष्ठ माध्यमिक विद्यालय राजगढ़ की कक्षा ग्यारहवीं की छात्रा थी। बताया जा रहा है कि घटना के समय छात्रा कमरे में बिल्कुल अकेली थी। उसकी माता वार्ड नंबर-5 में ही आयोजित एक सामाजिक पौधारोपण कार्यक्रम में हिस्सा लेने गई हुई थीं। जब वह वापस लौटीं, तो बेटी का शव संदिग्ध हालात में फंदे से झूलता पाया। इधर, गुरूवार सुबह जब वह स्कूल नहीं आई, तो अध्यापकों ने इसे एक सामान्य अनुपस्थिति समझा। लेकिन लंच ब्रेक के दौरान जब उसके कमरे से यह दर्दनाक खबर आई, तो स्कूल प्रबंधन के पैरों तले जमीन खिसक गई।
क्षेत्र में शोक का माहौल
इधर, घटना की सूचना मिलते ही पुलिस की टीम मौके पर पहुंची। पुलिस ने शव को कब्जे में लेकर पोस्टमार्टम के लिए भेज दिया है और मामले की गहनता से तफ्तीश शुरू कर दी है। पुलिस ने घटनास्थल का बहुत ही बारीकी से निरीक्षण किया है और कमरे से जरूरी साक्ष्य एकत्र किए हैं। फिलहाल मौत के कारणों का खुलासा नहीं हो पाया है। पोस्टमार्टम रिपोर्ट आने के बाद ही मौत के कारणों का स्पष्ट पता चल सकेगा। हालांकि, पुलिस द्वारा सभी पहलुओं को ध्यान में रखकर मामले की जांच की जा रही है। प्रधानाचार्य प्रेम चौहान ने घटना की पुष्टि करते हुए गहरा दुख व्यक्त किया है। शिक्षकों के मुताबिक, मृतका पढ़ाई में अत्यंत होनहार, अनुशासित और शांत स्वभाव की थी।

