Himachal: जल शक्ति विभाग के 393 आऊटसोर्स कर्मचारियों को बड़ी राहत, सरकार ने एक साल बढ़ाया सेवाकाल
punjabkesari.in Saturday, Sep 26, 2026 - 05:57 PM (IST)
शिमला (संतोष): जल शक्ति विभाग में सेवाएं दे रहे 393 आऊटसोर्स तकनीकी कर्मचारियों के लिए राहत भरी खबर है। प्रदेश सरकार ने इन कर्मचारियों के कार्यकाल को आगामी एक वर्ष के लिए विस्तार दे दिया है। अब ये कर्मचारी 1 अक्तूबर 2026 से 30 सितम्बर 2027 तक विभाग में अपनी सेवाएं निरंतर जारी रख सकेंगे। इस संबंध में जल शक्ति विभाग के सचिव ने शिमला स्थित इंजीनियर-इन-चीफ को आधिकारिक स्वीकृति पत्र जारी कर दिया है, जिसे वित्त विभाग की पूर्व मंजूरी के बाद लागू किया गया है।
नाइलिट के माध्यम से दी जा रही हैं सेवाएं
जानकारी के अनुसार जिन 393 कर्मचारियों को सेवा विस्तार मिला है, वे निजी सेवा प्रदाता एजेंसी नाइलिट के माध्यम से विभाग में तैनात हैं। ये कर्मचारी मुख्य रूप से केंद्र प्रायोजित जल जीवन मिशन और विभाग की अन्य महत्वपूर्ण परियोजनाओं का कामकाज संभाल रहे हैं। इनमें 122 तकनीकी सहायता कर्मी-सह-कम्प्यूटर ऑप्रेटर, 2 तकनीकी सहायता कर्मी-सह-डाटा एंट्री ऑप्रेटर, 268 डाटा एंट्री ऑप्रेटर और 1 लेखाकार शामिल है।
सेवा विस्तार के साथ जुड़ी हैं ये शर्तें
जारी आदेशों के अनुसा यह सेवा विस्तार कुछ शर्तों के अधीन रहेगा। कर्मचारियों की सेवाएं 30 सितम्बर 2027 तक या विभाग को उनकी आवश्यकता रहने तक ही मान्य होंगी। यदि इन पदों पर कोई नियमित नियुक्ति होती है, तो आऊटसोर्स कर्मचारियों की सेवाएं स्वतः समाप्त मानी जाएंगी। इसके अतिरिक्त, यह फैसला उच्च न्यायालय में लंबित बाल कृष्ण बनाम राज्य मामले के अंतिम निर्णय पर निर्भर करेगा। सरकार ने स्पष्ट किया है कि इन कर्मचारियों के वेतन के लिए कोई अतिरिक्त बजट नहीं मांगा जाएगा, बल्कि मौजूदा परियोजनाओं के बजट से ही खर्च वहन किया जाएगा।
हिमाचल प्रदेश से जुड़ी खबरें पढ़ने के लिए हमारे WhatsApp group को Join करें

