Sirmour: कालाअम्ब हादसे में 2 की मौत, बेकाबू ट्रक हरियाणा तक मचाता रहा तबाही, सीमा पर तोड़े बैरियर

punjabkesari.in Sunday, Sep 20, 2026 - 07:53 PM (IST)

नाहन/कालाअम्ब (आशु): प्रदेश के प्रवेश द्वार कालाअम्ब में शनिवार रात बेकाबू ट्रक से हुए हादसे में दो लोगों की मौत की पुष्टि हुई है। पुलिस जांच के अनुसार त्रिलोकपुर रोड पर तेज रफ्तार ट्रक ने गलत दिशा में जाकर सामने से आ रही बाइक को जोरदार टक्कर मारी। हादसे के बाद ट्रक चालक मौके से भाग निकला और हरियाणा की सीमा में प्रवेश करने के बाद भी उसकी रफ्तार नहीं रुकी। वहां भी ट्रक की चपेट में कई वाहनों और एक दुकान के आने की जानकारी सामने आई है। इस दौरान हरियाणा पुलिस ने बाद में ट्रक चालक को पकड़ लिया।

पुलिस को दी शिकायत के अनुसार हादसा शनिवार रात करीब 9.15 बजे जे. अलाय कंपनी के गेट के सामने हुआ। मैन थाप्पल निवासी सतीश कुमार ने पुलिस को बताया कि वह उस समय त्रिलोकपुर रोड पर पैदल जा रहा था। इसी दौरान त्रिलोकपुर की तरफ से आ रहा ट्रक (एचआर58बी-0167) तेज रफ्तार में गलत दिशा से आया। इस दौरान कालाअम्ब से त्रिलोकपुर की ओर अपनी दिशा में जा रही मोटरसाइकिल (एचपी18सी-9363) को ट्रक ने जोरदार टक्कर मार दी। टक्कर के बाद बाइक सवार सड़क पर गिर गए और ट्रक उन्हें कुचलता हुआ मौके से आगे निकल गया।

हादसे में ज्ञान सिंह (44) निवासी गांव सोलधा, तहसील ज्वाली, जिला कांगड़ा और सुरदीप कुमार (38) निवासी गांव सांडा डम्बर, डाकघर मोतीपुर अंचल, जिला मुजफ्फरपुर, बिहार की मौत हो गई। पुलिस शिकायत में हादसे की वजह ट्रक चालक द्वारा तेज रफ्तार, लापरवाही, गफलत और गलत दिशा में वाहन चलाना बताई गई है।

हिमाचल से निकलकर हरियाणा में भी नहीं रुका ट्रक
हादसे के बाद ट्रक चालक ट्रक लेकर हिमाचल-हरियाणा सीमा की ओर भाग गया। प्रारंभिक जानकारी के अनुसार प्रवेश द्वार पर लगे बैरियर और बैरिकेड्स को तोड़ते हुए ट्रक हरियाणा में दाखिल हुआ। हरियाणा में पहुंचने के बाद भी ट्रक की रफ्तार नहीं रुकी। वहां एक दुकान को भी ट्रक की चपेट में लेने की जानकारी सामने आई है। बताया जा रहा है कि दुकान पर मौजूद लोग बाल-बाल बच गए। इसके बाद असगरपुर क्षेत्र में भी कुछ वाहनों के क्षतिग्रस्त होने की सूचना सामने आई। पुलिस ने कार्रवाई करते हुए ट्रक चालक को पकड़ लिया। वहीं कालाअम्ब पुलिस ने भी मामले की जांच शुरू कर दी है। हिमाचल पुलिस हरियाणा पुलिस के संपर्क में है और पूरे घटनाक्रम से जुड़े तथ्यों को जुटाया जा रहा है।

तेज रफ्तार और गलत दिशा में ड्राइविंग पर जांच
एसपी सिरमौर एनएस नेगी ने बताया कि पुलिस ने ट्रक चालक के खिलाफ केस दर्ज कर उसे गिरफ्तार कर लिया है। पुलिस हादसे के कारणों, ट्रक की गतिविधियों और हिमाचल से हरियाणा तक हुए पूरे घटनाक्रम की जांच कर रही है। हरियाणा में ट्रक से हुए नुक्सान और वहां के घटनाक्रम से संबंधित जानकारी भी जांच का हिस्सा है।

 


सबसे ज्यादा पढ़े गए

Content Writer

Kuldeep

Related News