नीम करोली बाबा का चमत्कार! 150 फुट नीचे नदी में गिरी श्रद्धालुओं की कार, मौत के मुंह से सुरक्षित लौटे 6 सवार
punjabkesari.in Friday, Sep 25, 2026 - 06:13 PM (IST)
कालाअम्ब/नाहन (आशु): हिमाचल प्रदेश के सिरमौर जिले में कालाअम्ब-सुकेती सड़क मार्ग पर शुक्रवार को एक बड़ा सड़क हादसा होते-होते टल गया। उत्तराखंड से दर्शन कर पंजाब लौट रहे श्रद्धालुओं से भरी एक कार अनियंत्रित होकर करीब 150 फुट नीचे मारकंडा नदी में जा गिरी। गनीमत यह रही कि इस हादसे में कोई जानी नुक्सान नहीं हुआ। स्थानीय ग्रामीणों ने त्वरित रैस्क्यू अभियान चलाया और कार में सवार सभी 6 लोगों को सुरक्षित बाहर निकाल लिया।
जानकारी के अनुसार शुक्रवार को जब यह कार कालाअम्ब-सुकेती मार्ग से गुजर रही थी, तभी एक तीखे मोड़ पर चालक कार से अपना नियंत्रण खो बैठा। बेकाबू कार सड़क से नीचे लुढ़कती हुई लगभग 150 फुट नीचे मारकंडा नदी में जा गिरी। नदी में गिरने के बाद कार पानी के बहाव में कुछ दूरी तक बहती रही और फिर आगे जाकर पत्थरों के बीच फंस गई। हादसे के समय कार में कुल 6 लोग सवार थे, जिनमें 3 महिलाएं, 2 पुरुष और एक बच्चा शामिल था। कार को नदी में गिरता देख आसपास के ग्रामीण तुरंत मौके पर पहुंचे और बिना समय गंवाए पानी में उतरकर रैस्क्यू ऑप्रेशन शुरू कर दिया। ग्रामीणों ने तत्परता दिखाते हुए कार के शीशे/दरवाजे खोलकर सभी 6 लोगों को सुरक्षित बाहर निकाला और तुरंत नजदीकी अस्पताल पहुंचाया। प्राथमिक उपचार के बाद सभी को अस्पताल से छुट्टी दे दी गई है।
बताया जा रहा है कि कार का चालक चंडीगढ़ का निवासी है, जबकि कार में सवार अन्य 5 लोग मोहाली (पंजाब) के रहने वाले हैं। ये सभी श्रद्धालु उत्तराखंड स्थित प्रसिद्ध कैंची धाम (नीम करोली बाबा) के दर्शन करने के बाद वापस अपने घर लौट रहे थे, तभी यह हादसा पेश आया। श्रद्धालुओं का कहना है कि यह बाबा की ही कृपा है कि इतनी ऊंचाई से गिरने के बावजूद सभी सुरक्षित बच गए।
हादसे की सूचना मिलते ही स्थानीय पुलिस की टीम भी मौके पर पहुंच गई थी और घटना की विस्तृत जानकारी जुटाई। हालांकि, कार चालक और उसमें सवार श्रद्धालुओं ने पुलिस के समक्ष इस हादसे को लेकर किसी भी प्रकार की कानूनी कार्रवाई करने से साफ इंकार कर दिया। लिहाजा पुलिस ने इस संदर्भ में आगामी कार्रवाई अमल में नहीं लाई है।
हिमाचल प्रदेश से जुड़ी खबरें पढ़ने के लिए हमारे WhatsApp group को Join करें

