हिमाचल में जम्मू जाने वाली बस सेवाएं बहाल, हजारों कश्मीरी पहुंचेंगे अपने घर

punjabkesari.in Sunday, Aug 11, 2019 - 10:47 AM (IST)

शिमला/सोलन (राजेश/रवींद्र): हिमाचल के विभिन्न जिलों में रह रहे जम्मू-कश्मीर निवासी जल्द ही अपने घर पहुंचेंगे। जम्मू से धारा-144 हटने के बाद एच.आर.टी.सी. प्रबंधन आगामी 2-3 दिनों में जम्मू के लिए बस सुविधा शुरू करेगा, ऐसे में शिमला सहित प्रदेश के अन्य जिलों में रह रहे कश्मीरी अपने घरों को रवाना हो सकेंगे। 12 अगस्त को बकरीद है, ऐसे में वह घर तो पहुंचेगे लेकिन बकरीद के बाद। शिमला से जम्मू के लिए 13 बसें चलती हैं और मौजूदा समय में यह पठानकोट तक ही जा रही हैं। उधर, सोलन शहर व आसपास के क्षेत्रों में रह रहे कश्मीरी मजदूर वापस लौट गए हैं। इससे अब शहर में मजदूर नहीं मिल रहे हैं।  

ईद के कारण सेब व टमाटर पर भी मंदी छा गई है। बाहरी राज्यों से आने वाले मुस्लिम व्यापारी ईद में मशगूल हो गए हैं और अब ईद के बाद ही ये व्यापारी यहां सेब व टमाटर की खरीददारी के लिए लौटेंगे। उल्लेखनीय है कि शहर व आसपास के क्षेत्रों में सैंकड़ों की संख्या में कश्मीरी लोग मजदूरी का कार्य करते हैं। कई कश्मीरी यहां पर दुकानें किराए पर लेकर सब्जी की दुकानें भी चलाते हैं व फेरी लगाते हैं। ईद का असर सब्जी मंडी पर भी देखने को मिल रहा है। सब्जी मंडी में सब्जियां लोड-अनलोड करने के लिए मजदूर कम ही मिल रहे हैं। इसके अलावा यहां पर कर्नाटक, केरल, महाराष्ट्र व बिहार सहित अन्य राज्यों से सेब व टमाटर के भी व्यापारी आते हैं। इनमें भी अधिकतर मुस्लिम व्यापारी होते हैं और ये सभी ईद मनाने में व्यस्त हो गए हैं। 

इन जिलों से जम्मू के लिए है बस सेवा

जम्मू के लिए हिमाचल के विभिन्न डिपो से बसें जाती हैं। इनमें शिमला-जम्मू-कटड़ा ऑडीनरी, वोल्वो, बिलासपुर-कटड़ा, मंडी-कटड़ा, अवाहदेवी-कटड़ा , दियोटसिद्ध-कटड़ा, धर्मशाला-उधमपुर, पालमपुर-कटड़ा, रामपुर-जम्मू, दियोटसिद्ध-जम्मू, बैजनाथ-जम्मू, सरकाघाट-जम्मू और मनाली-जम्मू बस सेवा शामिल हैं।


सबसे ज्यादा पढ़े गए

Ekta

Recommended News

Related News