हिमाचल के उच्च पर्वतीय इलाकों में बर्फबारी, ताबो में -0.3 डिग्री सैल्सियस पहुंचा तापमान

punjabkesari.in Thursday, May 02, 2024 - 08:59 PM (IST)

शिमला (राजेश): हिमाचल में मई के महीने में भी बर्फबारी हो रही है। प्रदेश के उच्च पर्वतीय इलाकों में बीती रात बर्फबारी हुई। मौसम विभाग से मिली जानकारी के अनुसार जनजातीय जिला किन्नौर के पहाड़ी व रिहायशी इलाके बर्फ से लकदक हो गए हैं। जिले के छितकुल व सांगला में बीती रात बर्फ की सफेद चादर बिछ गई है। छितकुल में लगभग 5 इंच बर्फबारी हुई है वहीं सांगला में 0.2 सैंटीमीटर बर्फबारी दर्ज की गई है। किन्नौर की वादियों को निहारने पहुंच रहे सैलानी यहां बर्फबारी का नजारा देख रोमांचित हो रहे हैं। किन्नौर सहित राज्य के अधिकांश हिस्सों में वीरवार को धूप खिली रही। हालांकि इस बर्फबारी से ठंड का प्रकोप बढ़ गया है। प्रदेश के पर्वतीय क्षेत्रों का पारा शून्य व इससे नीचे चला गया है। 

जनजातीय क्षेत्र ताबो राज्य में सबसे ठंडा स्थल
मौसम विभाग के अनुसार जनजातीय क्षेत्र ताबो राज्य में सबसे ठंडा स्थल रहा, जहां न्यूनतम तापमान -0.3 डिग्री सैल्सियस दर्ज किया गया। इसके अलावा केलांग में न्यूनतम तापमान 0.4 डिग्री, कल्पा में 0.8 डिग्री, मनाली में 2.6 डिग्री, नारकंडा में 2.9 डिग्री, कुकुमसेरी में 3.1 डिग्री, रिकांगपिओ में 3.9 डिग्री, सराहन व भुंतर में 5.5 डिग्री, भरमौर में 6.1 डिग्री, कुफरी में 6.2 डिग्री, सुंदरनगर में 8.1 डिग्री, मंडी में 8.2 डिग्री, सोलन में 8.6 डिग्री, बरठीं में 9.3 डिग्री, चम्बा व शिमला में 10 डिग्री, बिलासपुर में 10.9 डिग्री, धर्मशाला में 11.9 डिग्री और हमीरपुर में 12.1 डिग्री सैल्सियस दर्ज किया गया।

आगामी 24 घंटों में मौसम साफ, 4 मई से बदलेगा मौसम
मौसम विभाग ने अगले 24 घंटों के दौरान मौसम के साफ रहने की संभावना जताई है। इसके बाद पश्चिमी विक्षोभ के सक्रिय होने से मौसम में बदलाव आएगा। मौसम विज्ञान केंद्र शिमला ने 4 व 5 मई को राज्य के मैदानी व मध्यवर्ती इलाकों में बारिश और उच्च पर्वतीय क्षेत्रों में बर्फबारी की संभावना जताई है। इस दौरान कुछ स्थानों पर तूफान व आसमानी बिजली गिरने का यैलो अलर्ट भी जारी किया गया है। 6 व 7 मई को मैदानी इलाकों में मौसम साफ रहेगा, जबकि पहाड़ी इलाकों में बारिश व बर्फबारी के आसार हैं।
हिमाचल की खबरें Twitter पर पढ़ने के लिए हमें Join करें Click Here
अपने शहर की और खबरें जानने के लिए Like करें हमारा Facebook Page Click Here


सबसे ज्यादा पढ़े गए

Content Writer

Vijay

Recommended News

Related News