यहां कुछ कर्मचारी समय पर ड्यूटी नहीं आते, तो कुछ आकर चाय की चुस्कियां लगाते हैं

punjabkesari.in Sunday, Sep 30, 2018 - 02:14 PM (IST)

चंबा : सरकारी कार्यालयों में समयसारिणी का अनुसरण कई कर्मचारी नहीं करना चाहते हैं। इस दिशा में चम्बा जिला मुख्यालय में स्थित प्रशासनिक कार्यालयों की पड़ताल आरंभ की। जहां डी.सी. चम्बा हरिकेश मीणा के जिला से बाहर दौरे पर जाते ही अधिकारियों से लेकर अन्य कर्मचारी मनमर्जी से समयसारिणी के विपरीत ड्यूटी पर आते मिले।

सरकारी कार्यालय समयसारिणी पर सर्वप्रथम सुबह ठीक 10 बजे डी.सी. चम्बा कार्यालय व उनके सहयोगी अधिकारियों व कार्यालय में विद्यमान अन्य शाखाओं का मुआयना किया गया, जहां गिने-चुने बाबू ही अपनी सुनिश्चित सीटों पर कार्य करते या फिर सुबह 9.30 बजे सबसे पहले पहुंच चुके चतुर्थ श्रेणी कर्मी साफ-सफाई का कार्य करते नजर आए, जबकि हर दूसरे कक्ष में इक्का-दुक्का कर्मी ही अपनी सीटों पर नजर आए।

कई बड़े साहब से लेकर उनके साथ लगते अधीक्षक ग्रेड वन, वरिष्ठ लिपिक, लिपिक व अन्य सहायक पदों पर विराजमान कर्मचारी सीटों से नरादर पाए गए। वहां मौजूद कर्मियों से क्लास फोर स्टाफ को भी उनके 10 बजे कार्यालय न आने या फिर फील्ड में कहीं अन्य कार्य या कार्यक्रम पर जाने का कोई संज्ञान नहीं था। कुल मिलाकर कहा जाए तो गिना-चुना स्टाफ ही ड्यूटी अनुशासन की सीमा में बंधा पाया गया। जबकि कई कर्मचारी समय पर कार्यालय परिसर तो पहुंच गए लेकिन कार्यालय कैंटीन के बाहर चाय की चुस्कियां लेते जरूर पाए गए।

डी.सी. कार्यालय के साथ लगते एस.डी.एम. कार्यालय में भी निरीक्षण किया गया, जहां एस.डी.एम. सहित अधिकांश स्टाफ मौजूद पाया गया। इसके बाद रोजाना प्रमाण पत्रों से लेकर, राजस्व से जुड़े अन्य कार्यों पर निर्भर जनता को देखते हुए करीब 10.20 मिनट पर तहसील कार्यालय का रुख किया तो वहां भी नायब तहसीलदार सुशील कुमार को छोड़ कर अधिकांश स्टाफ अपनी-अपनी सीटों से निरादर पाया गया। तो वहीं नायब तहसीलदार ने बार-बार स्टाफ को समझाने की दिशा में असमर्थता भी व्यक्त की।

एस.डी.एम. चम्बा अधिकारी दीप्ति मंढोत्रा स्वयं अपने कार्यालय में निर्धारित समय 10.00 बजे पहुंचने सहित तमाम स्टाफ को भी यह ही आदेश जारी किए हैं। जिसमें एस.डी.एम चम्बा अपने कक्ष में दिनचर्या कार्यप्रणाली पर स्टाफ के साथ विचार-विमर्श करती पाई गईं। वहीं उनके कार्यालय में स्थित लाइसैंस ब्रांच में कैश काऊंटर पर एक कर्मी नदारद पाया गया, जिसकी प्रतिक्षा में कई वाहन धारक आने के इंतजार में खड़े पाए गए। वहीं विभागीय अन्य स्टाफ कार्यालय में हाजिर होकर रूटीन कार्य में जुटा नजर आया। 
 


सबसे ज्यादा पढ़े गए

kirti

Recommended News

Related News