Shimla: हैरोइन तस्करी मामले में हरियाणा के व्यक्ति को सात साल बाद मिली सजा

punjabkesari.in Thursday, May 07, 2026 - 05:50 PM (IST)

शिमला (राजेश): शिमला पुलिस की ओर से मादक पदार्थों के विरुद्ध चलाए जा रहे अभियान के तहत पुलिस थाना सदर, शिमला ने एक पुराने एनडीपीएस मामले में प्रभावी अनुसंधान और मजबूत पैरवी के माध्यम से आरोपी को दोषसिद्धि करवाने में सफलता हासिल की है। आरोपी को 7 साल बाद सजा व जुर्माना हुआ है। पुलिस से मिली जानकारी के अनुसार 9 नवम्बर 2019 को पुलिस थाना सदर शिमला की टीम रविन्दा कार्ट रोड स्थित सब्जी मंडी के पास गश्त और चैकिंग पर मौजूद थी। इस दौरान पुलिस ने आरोपी मनोज कुमार शर्मा पुत्र श्याम सुंदर शर्मा निवासी बलदेव नगर अंबाला हरियाणा, हाल निवासी कॉमली बैंक विधानसभा के समीप शिमला को करीब 1 ग्राम हैरोइन के साथ गिरफ्तार किया था। मामले में पुलिस थाना सदर शिमला में विभिन्न धाराओं के तहत मामला दर्ज किया गया था।

मामले की सुनवाई के बाद माननीय न्यायालय जेएमएफसी कोर्ट शिमला ने 5 मई को आरोपी मनोज कुमार शर्मा को दोषी करार दिया। न्यायालय ने आरोपी को 2 माह के कठोर कारावास और 5 हजार जुर्माने की सजा सुनाई है। पुलिस ने बताया कि मामले में आवश्यक साक्ष्य जुटाकर पेशेवर तरीके से जांच पूरी की गई और अदालत में प्रभावी पैरवी की गई, जिसके चलते आरोपी को सजा दिलाना संभव हो पाया। जिला शिमला पुलिस ने स्पष्ट किया है कि भविष्य में भी नशे के अवैध कारोबार और तस्करी में शामिल लोगों के खिलाफ सख्त कानूनी कार्रवाई लगातार जारी रहेगी।


सबसे ज्यादा पढ़े गए

Content Writer

Kuldeep

Related News