Shimla: जूनियर इंजीनियरों को मिलेगा 1,000 मासिक डब्ल्यूएएमआईएस भत्ता

punjabkesari.in Sunday, Jul 26, 2026 - 06:00 PM (IST)

शिमला (भूपिन्द्र): हिमाचल प्रदेश सरकार ने लोक निर्माण विभाग में फील्ड में कार्यरत जूनियर इंजीनियरों (जेई) को राहत देते हुए उन्हें वर्क्स एंड अकाऊंट्स मैनेजमैंट इंफॉर्मेशन सिस्टम (डब्ल्यूएएमआईएस) भत्ता देने का निर्णय लिया है। सरकार की ओर से जारी अधिसूचना के अनुसार फील्ड में तैनात प्रत्येक जूनियर इंजीनियर को 1,000 रुपए प्रतिमाह की दर से डब्ल्यूएएमआईएस भत्ता दिया जाएगा। यह आदेश तत्काल प्रभाव से लागू हो गया है।

सरकार ने यह निर्णय लोक निर्माण विभाग में वर्क्स एंड अकाऊंट्स मैनेजमैंट इंफॉर्मेशन सिस्टम सॉफ्टवेयर के प्रभावी क्रियान्वयन और उसके सतत संचालन को सुनिश्चित करने के उद्देश्य से लिया है। डब्ल्यूएएमआईएस एक डिजिटल प्रणाली है, जिसके माध्यम से विभाग में विकास कार्यों, तकनीकी स्वीकृतियों, वित्तीय प्रबंधन, बिल भुगतान, कार्य प्रगति और लेखा संबंधी प्रक्रियाओं को ऑनलाइन एवं पारदर्शी बनाया जा रहा है। इस प्रणाली के सफल संचालन में फील्ड स्तर पर कार्यरत जूनियर इंजीनियरों की सबसे महत्वपूर्ण भूमिका होती है।

निर्माण कार्यों की प्रगति का ऑनलाइन अपडेट, तकनीकी विवरण दर्ज करना, कार्यों की निगरानी तथा विभिन्न प्रकार की सूचनाओं को समय पर पोर्टल पर अपलोड करने की जिम्मेदारी मुख्य रूप से इन्हीं अधिकारियों पर रहती है। ऐसे में अतिरिक्त दायित्वों को देखते हुए सरकार ने विशेष मासिक भत्ता प्रदान करने का फैसला लिया है।

अधिसूचना में कहा गया है कि डब्ल्यूएएमआईएस के माध्यम से विभागीय कार्यों में पारदर्शिता, जवाबदेही और दक्षता बढ़ेगी। इससे परियोजनाओं की निगरानी अधिक प्रभावी होगी, वित्तीय प्रबंधन में सुधार आएगा तथा कार्यों के निष्पादन और भुगतान प्रक्रिया में तेजी आएगी। डिजिटल व्यवस्था को मजबूत करने की दिशा में यह कदम महत्वपूर्ण माना जा रहा है।


सबसे ज्यादा पढ़े गए

Content Writer

Kuldeep

Related News