Shimla: एचआरटीसी लाएगा हिम बस प्लस कार्ड, एक ही कार्ड में मिलेंगी सभी यात्रा सुविधाएं

punjabkesari.in Sunday, Jul 26, 2026 - 11:18 PM (IST)

शिमला (राजेश): एचआरटीसी यात्रियों की सुविधा और डिजिटल टिकटिंग व्यवस्था को और मजबूत बनाने के लिए जल्द हिम बस प्लस कार्ड शुरू करने जा रहा है। इस नए स्मार्ट कार्ड को लांच करने की तैयारियां अंतिम चरण में हैं। इसकी सबसे बड़ी विशेषता यह होगी कि एचआरटीसी द्वारा अब तक जारी किए गए सभी प्रकार के डिस्काऊंट कार्ड, ट्रैवल पास और रियायती कार्ड इसी एक कार्ड में सम्मिलित कर दिए जाएंगे। एचआरटीसी का यह कार्ड पूरी तरह डिजिटल होगा, जिसमें कार्डधारक का पूरा डाटा सुरक्षित रहेगा। इससे टिकट बुकिंग, भुगतान, यात्रा विवरण और पहचान संबंधी सभी जानकारियां एक ही प्लेटफॉर्म पर उपलब्ध होंगी।

डिजिटल टिकटिंग प्रणाली लागू होने से टिकट जांच अधिक पारदर्शी होगी और फर्जीवाड़े की संभावनाएं भी काफी हद तक समाप्त होंगी। नए हिम बस प्लस कार्ड का शुल्क मात्र एक रुपए प्रतिदिन रखा गया है। कार्डधारकों को सभी श्रेणियों में 5 प्रतिशत तक की सीधी छूट मिलेगी, जबकि वरिष्ठ नागरिकों को 15 प्रतिशत तक का विशेष डिस्काऊंट दिया जाएगा। इससे नियमित यात्रियों, कर्मचारियों, छात्रों और बुजुर्गों को सीधा लाभ मिलेगा।

Shimla: एचआरटीसी लाएगा हिम बस प्लस कार्ड, एक ही कार्ड में मिलेंगी सभी यात्रा सुविधाएं
एचआरटीसी के अनुसार इस कार्ड की एक और खासियत यह होगी कि जितना अधिक सफर, उतनी अधिक बचत। नियमित यात्रा करने वाले यात्रियों को उनके सफर के आधार पर अतिरिक्त छूट का लाभ मिलेगा। इससे निजी वाहनों के बजाय सार्वजनिक परिवहन को बढ़ावा मिलने की उम्मीद है। नई व्यवस्था लागू होने के बाद कंडक्टरों को भी डिजिटल मशीनों के माध्यम से टिकट जारी करने में आसानी होगी।

इससे टिकट बनाने में समय कम लगेगा, यात्रियों को लंबी कतारों से राहत मिलेगी और निगम के राजस्व में भी बढ़ौतरी होने की संभावना है। निगम अधिकारियों के अनुसार हिम बस प्लस कार्ड को पूरे प्रदेश में चरणबद्ध तरीके से लागू किया जाएगा। तकनीकी तैयारियां अंतिम चरण में हैं और जल्द ही इसका पायलट प्रोजैक्ट शुरू किया जा सकता है।


सबसे ज्यादा पढ़े गए

Content Writer

Kuldeep

Related News