Shimla: सरकारी स्कूलों के 7.38 लाख विद्यार्थियों को मिलेंगी पानी की बोतलें

punjabkesari.in Saturday, Jul 18, 2026 - 06:00 PM (IST)

शिमला (प्रीति): मुख्यमंत्री की घोषणा के तहत प्रदेश के सरकारी स्कूलों में पढ़ने वाले विद्यार्थियों को पानी की स्टील की बोतलें उपलब्ध करवाने की प्रक्रिया तेज हो गई है। इसी कड़ी में स्कूल शिक्षा निदेशालय ने एचपी स्टेट सिविल सप्लाई कॉर्पोरेशन को सभी 143 ब्लॉक प्रोजैक्ट अधिकारियों (बीपीओ) द्वारा उपलब्ध करवाई गई छात्रों की संशोधित सूची भेज दी है।

निदेशालय द्वारा जारी पत्र के अनुसार राज्यभर के सरकारी स्कूलों में विद्यार्थियों को कुल 7,38,069 सुरक्षित पेयजल बोतलों का वितरण किया जाएगा। इनमें 72 अतिरिक्त बोतलें सैंपल स्टॉक के रूप में शामिल हैं। शिक्षा विभाग ने सिविल सप्लाई कॉर्पोरेशन को भेजी सूची में सभी संबंधित ब्लॉक प्रोजैक्ट अधिकारियों के मोबाइल नंबर और ई-मेल पते भी उपलब्ध करवाए हैं, ताकि वितरण प्रक्रिया को शीघ्र और सुचारू रूप से पूरा किया जा सके।

इस वर्ष के बजट में मुख्यमंत्री ने सरकारी स्कूलों के प्री-प्राइमरी से 12वीं कक्षा तक विद्यार्थियों को पीने के पानी की स्टील की बोतलें देेने की घोषणा की थी, जिसकी प्रक्रिया अब पूरी की जा रही है। गौर हो कि पहले इस सूची मेंं विद्यार्थियों के आंकड़े में 50,000 का अंतर सामने आया था। उसके बाद विभाग ने जिलों को दोबारा विद्यार्थियों की संशोधित सूची देने के निर्देश दिए थे।


सबसे ज्यादा पढ़े गए

Content Writer

Kuldeep

Related News