ओपीएस पर भाजपा कर रही विचार, समाधान निकलने की उम्मीद : हरीश शर्मा

punjabkesari.in Saturday, Oct 08, 2022 - 01:10 AM (IST)

जालंधर/शिमला (अनिल पराशर): हिमाचल में चुनावी दौर के बीच सर्दी बढ़ रही है तो सियासी पारा ऊपर उठ रहा है। इसी बीच कांग्रेस के नेताओं का लगातार भाजपा का दामन थामने का सिलसिला जारी है जिस कारण यह गर्माहट और बढ़ रही है। लिहाजा भाजपा जहां इन नेताओं को अपनी पार्टी के लिए मजबूत स्तंभ बता रही है तो कांग्रेस का कहना है कि इन नेताओं के जाने से पार्टी को फर्क नहीं पड़ता क्योंकि वो नेता पहले से ही भाजपा के थे। इसी बीच हमीरपुर जिला भाजपा के महामंत्री और ब्लॉक समिति के चेयरमैन हरीश शर्मा ने पंजाब केसरी के अनिल पराशर से खास बातचीत की, जिसमें उन्होंने कांग्रेस छोड़कर भाजपा में गए आश्रय शर्मा पर कहा कि अब पूरा शर्मा परिवार एक ही पार्टी के साथ रहेगा।

सवाल: आश्रय शर्मा ने कांग्रेस छोड़ दी है और कहा कि पिता जी का साथ देंगे, लिहाजा इसका कितना फायदा होगा?
जवाब:
आश्रय शर्मा ने कांग्रेस से चुनाव लड़ा था। उनके पिता भाजपा से जीतने के बाद मंत्री पद पर रहे लेकिन कुछ गलतफहमियों के कारण उन्होंने यह पद छोड़ दिया था। वे चार साल हमारे साथ जुड़े रहे। हालांकि पार्टी नहीं छोड़ी लेकिन अब वे एक पार्टी के लिए काम करेंगे और उसी के चलते आश्रय शर्मा ने इस्तीफा दिया है और आने वाले समय में पूरा परिवार एक ही पार्टी के लिए काम करेगा।

सवाल: लेकिन कौल सिंह ठाकुर कहते हैं कि भाजपा के पास अपने नेता नहीं हैं, तो कांग्रेस के अच्छे नेताओं का आयात कर रही है? 
जवाब: आयात करना, यह लांछन लगाया जा रहा है। हर्ष महाजन ने अपने 45 साल कांग्रेस पार्टी को दिए हैं लेकिन जिस तरह से उनकी बातें मीडिया में आई हैं, उससे लगता है कि कांग्रेस उनका शोषण कर रही थी और ऐसा लगता है कि महाजन जबरदस्ती पार्टी में ठहरे हुए थे। हर्ष महाजन के भाजपा में आने से पार्टी को मजबूती मिलेगी।

सवाल: प्रधानमंत्री की बिलासपुर रैली बारे कांग्रेस कहती है कि चुनावों में फायदा लेने के लिए आधे-अधूरे एम्स का उद्घाटन किया? 
जवाब:
देखिए, विपक्ष में बैठी कांग्रेस का विरोध करना लाजमी था लेकिन ऐसा पहली बार हुआ है कि किसी सरकार ने अपने कार्यकाल में किसी प्रोजैक्ट का शिलान्यास किया और उदघाटन किया। कांग्रेस को ये देखना चाहिए था कि जब जेपी नड्डा और अनुराग ठाकुर ने ये सारी चीजें सुनिश्चित करवार्ईं तब कांग्रेस जमीन तक उपलब्ध नहीं करवा पाई थी। जब हमारी सरकार आई तो एम्स बनकर तैयार हुआ।

सवाल: आम आदमी पार्टी भाजपा-कांग्रेस का कितना नुक्सान कर सकती है?
जवाब:
देखिए, हिमाचल में आम आदमी पार्टी की लोकप्रियता तो क्या पार्टी का नाम तक नहीं है । हमारा कोई बड़ा नेता पार्टी छोड़कर आम आदमी पार्टी में नहीं गया है। लोगों ने दिल्ली और पंजाब की हालत देखी है, लिहाजा जो मुफ्त का फंडा अपनाया वो लोगों के बीच लोकप्रिय नहीं हुआ है।

सवाल: कांग्रेस और आम आदमी पार्टी सरकार बनने पर ओपीएस देने का ऐलान कर चुकी हैं, भाजपा का इसके लिए क्या प्लान है?
जवाब:
जब पैंंशन हटाई गई थी तो प्रदेश में कांग्रेस (वीरभद्र सिंह) की सरकार थी, लिहाजा अगर कांग्रेस ने पैंशन देनी ही होती तो हटाती क्यों? आज तक जो भी कांग्रेस ने कहा है वो कभी पूरा नहीं हुआ है। कांग्रेस ने हमेशा लोगों को ठगा है। हमारी सरकार इस पर विचार कर रही है। हो सकता है इस पर कोई समाधान निकले और कर्मचारियों को इसका लाभ मिले।

धूमल को चुनाव लड़वाने से होगा बड़ा फायदा
हमीरपुर जिला भाजपा के महामंत्री हरीश शर्मा कहते हैं कि हिमाचल में धूमल फैक्टर बहुत बड़ा फैक्टर है, जो हमेशा लोगों के साथ खड़े रहे। उन्होंने कहा कि धूमल के साथ भारी जनता खड़ी है, ऐसे में अगर पार्टी प्रेम कुमार धूमल को टिकट देकर मैदान में उतारती है, तो पार्टी को उसका भारी लाभ मिलने वाला है। मीडिया जो सर्वे कर रहा है जिसमें भाजपा को 37 से 45 सीटें मिल रही हैं, ऐसे में प्रेम कुमार धूमल को आगे किया जाता है तो उनकी और अनुराग ठाकुर की लोकप्रियता के चलते सीटों का यह आंकड़ा 50 से पार जा सकता है। इस वक्त पुकार प्रेम कुमार धूमल और अनुराग ठाकुर की है। उनको आगे करना चाहिए।

हिमाचल की खबरें Twitter पर पढ़ने के लिए हमें Join करें Click Here
अपने शहर की और खबरें जानने के लिए Like करें हमारा Facebook Page Click Here


सबसे ज्यादा पढ़े गए

Content Writer

Vijay

Related News