Kangra: खैरियां में आम के मौछे से लदी गाड़ी पकड़ी, लकड़ी सहित पिकअप कब्जे में ली
punjabkesari.in Saturday, Feb 14, 2026 - 04:20 PM (IST)
हरिपुर (गगन): देहरा वन मंडल के तहत निकटवर्ती गांव खैरियां में गत रात्रि आम के मौछे से लदी एक पिकअप गाड़ी को कब्जे में लिया है। गुप्त सूचना के आधार पर की गई इस कार्रवाई में प्रतिबंधित लकड़ी को कब्जे में लिया गया है। बताया जा रहा है कि जैसे ही विभाग को इस बारे में सूचना मिली थी तो तुरंत कार्रवाई करते हुए टीम मौके पर पहुंच गई। हालांकि शातिरों ने चालाकी दिखाते हुए तुरंत गाड़ी खाली करनी शुरू कर दी और गाड़ी से आम के मौछे निकालने शुरू कर दिए। चूंकि गाड़ी के अंदर आम के कुछ मौछे रह गए थे, जिस पर कार्रवाई के दौरान उसमें संलिप्त पिकअप गाड़ी को जब्त कर लिया है और लकड़ी भी कब्जे में ली गई है। बीओ पवन कुमार ने बताया कि उन्हें करीब शाम 7 बजे सूचना मिली तो वह अपनी टीम, जिसमें वन रक्षक श्याम लाल व गोपाल सिंह शामिल थे, के साथ मौके पर पहुंच गए। इसके उपरांत इस कार्रवाई को अंजाम दिया गया।
ठेकेदारों के झांसे में न आएं : डीएफओ
डीएफओ देहरा सन्नी वर्मा ने बताया कि अब यह पता लगाया जा रहा है कि किसकी जमीन से यह पेड़ काटा गया है। उन्होंने लोगों से अपील करते हुए कहा कि लोग ठेोदारों के झांसे में न आएं, क्योंकि हिमाचल प्रदेश सरकार द्वारा सफेदा, पॉपुलर, जापानी तूत, बांस व लूसीनिया को छोड़ कर बाकी सभी प्रजातियों पर कटान का प्रतिबंध लगाया हुआ है। ऐसे में अगर कोई भी अपनी भूमि से बिना परमिशन अन्य पेड़ों का कटान करवाता है तो ठेकदार, गाड़ी वाले पर नहीं, बल्कि उस जमीन के मालिक पर भी कार्रवाई अमल में लाई जाएगी।

