Kangra: पुलिस ने घर में दी दबिश, चिट्टे सहित नशीले कैप्सूल और कैश के साथ धरा तस्कर

punjabkesari.in Wednesday, May 06, 2026 - 03:52 PM (IST)

कांगड़ा (कालड़ा): नशे के खिलाफ कांगड़ा पुलिस द्वारा चलाए जा रहे निरंतर विशेष अभियान में पुलिस को एक और बड़ी कामयाबी हाथ लगी है। पुलिस की एक विशेष टीम ने गुप्त सूचना के आधार पर कार्रवाई करते हुए भारी मात्रा में नशीले पदार्थों और नकदी के साथ एक व्यक्ति को गिरफ्तार किया है।

जानकारी के अनुसार कांगड़ा पुलिस की विशेष टीम इलाके में गश्त कर रही थी। इसी दौरान टीम को एक गुप्त सूचना मिली, जिसके आधार पर पुलिस ने गांव तरसूह स्थित एक रिहायशी मकान में दबिश दी। जब पुलिस ने मकान की गहनता से तलाशी ली, तो वहां से नशीले पदार्थों की खेप बरामद हुई। पुलिस ने तलाशी के दौरान मौके से 12.18 ग्राम चिट्टा, 14 नशीले कैप्सूल और 42,150 रुपए की नकदी बरामद की है। पुलिस ने आरोपी को मौके पर ही गिरफ्तार कर लिया, जिसकी पहचान शेरू राम (42) पुत्र स्वरूप कुमार निवासी गांव तरसूह, डाकघर सकोट, तहसील व जिला कांगड़ा के रूप में की गई है।

पुलिस ने नशीला पदार्थ और नकदी जब्त करने के साथ आरोपी के खिलाफ पुलिस थाना कांगड़ा में मादक पदार्थ अधिनियम की धारा 21 और 22 के तहत प्राथमिकी दर्ज कर ली है। पुलिस अब यह भी जांच कर रही है कि आरोपी के तार किन-किन नशा तस्करों से जुड़े हुए हैं।

हिमाचल प्रदेश से जुड़ी खबरें पढ़ने के लिए हमारे WhatsApp group को Join करें


सबसे ज्यादा पढ़े गए

Content Writer

Vijay

Related News