Kangra: घर में चल रहा था नशे का कारोबार, CIA टीम ने 12.46 ग्राम चिट्टे सहित धरी महिला ड्रग पैडलर
punjabkesari.in Wednesday, May 13, 2026 - 05:10 PM (IST)
ठाकुरद्वारा (गगन): जिला पुलिस नूरपुर द्वारा नशे के खिलाफ चलाए जा रहे जीरो टॉलरैंस अभियान के तहत सीआईए टीम को एक बड़ी कामयाबी मिली है। टीम ने इंदौरा तहसील के छन्नी क्षेत्र में छापेमारी कर एक महिला को 12.46 ग्राम चिट्टे के साथ रंगे हाथों गिरफ्तार किया है।
प्राप्त जानकारी के अनुसार सीआईए टीम छन्नी इलाके में नियमित गश्त पर थी। इसी दौरान पुलिस को गुप्त सूचना मिली कि एक महिला अपने घर से ही नशे का अवैध कारोबार संचालित कर रही है। इस पुख्ता सूचना के आधार पर टीम ने त्वरित कार्रवाई करते हुए गांव एवं डाकघर छन्नी, तहसील इंदौरा व जिला कांगड़ा निवासी परमजीत उर्फ चीखो (41) पत्नी रेशम सिंह के घर पर दबिश दी।
घर की सघन तलाशी लेने पर महिला के कब्जे से 12.46 ग्राम चिट्टा बरामद हुआ। पुलिस ने नशीले पदार्थ को कब्जे में लेकर आरोपी महिला को मौके पर ही गिरफ्तार कर लिया। इस संदर्भ में पुलिस ने आरोपी के खिलाफ डमटाल थाने में एनडीपीएस एक्ट की धारा 21 के तहत मामला दर्ज कर आगामी कानूनी कार्रवाई शुरू कर दी है।

