Kangra: देहरा नगर परिषद में कांग्रेस की वापसी, 15 साल बाद 5 सीटों पर जमाया कब्जा
punjabkesari.in Sunday, May 17, 2026 - 07:01 PM (IST)
देहरा (सेठी): देहरा नगर परिषद चुनाव में इस बार मतदाताओं ने उत्साह के साथ मतदान किया। 7 वार्डों में कुल 74.55 प्रतिशत मतदान दर्ज किया गया। कुल 3573 मतदाताओं में से 2664 लोगों ने अपने मताधिकार का प्रयोग किया। महिलाओं की भागीदारी पुरुषों से अधिक रही। पुरुषों में 74.08 प्रतिशत, जबकि महिलाओं में 75.32 प्रतिशत मतदान हुआ। वार्ड वार आंकड़ों के अनुसार वार्ड नंबर-4 में सबसे अधिक 79.90 प्रतिशत मतदान दर्ज किया गया। इसके अलावा वार्ड नंबर-3 में 79.62, वार्ड नंबर-2 में 77.96, वार्ड नंबर-6 में 74.15, वार्ड नंबर 7 में 71.48, वार्ड नंबर-5 में 71.04 तथा वार्ड नंबर-1 में 70.34 प्रतिशत मतदान हुआ। मतदान परिणामों में वार्ड नंबर-1 से निष्ठा चंबियाल, वार्ड नंबर-2 से मलकीयत परमार, वार्ड नंबर-3 से नरेश कुमार, वार्ड नंबर-4 से उपासना सूद, वार्ड नंबर-5 से किरण देवी, वार्ड नंबर-6 से पारस तथा वार्ड नंबर-7 से किरण शर्मा विजयी रहे। राजनीतिक दृष्टि से यह चुनाव काफी अहम माना जा रहा है। कभी भाजपा का गढ़ रहे देहरा में उपचुनाव के बाद बदले राजनीतिक समीकरण नगर परिषद चुनाव में भी दिखाई दिए।
भाजपा 2 सीटों पर सिमटी
15 साल बाद कांग्रेस ने नगर परिषद की 5 सीटों पर जीत दर्ज कर अपनी मजबूत मौजूदगी दर्ज करवाई, जबकि भाजपा 2 सीटों तक सीमित रह गई। इसके साथ ही अध्यक्ष पद की उम्मीद लगाए कई दावेदारों के समीकरण भी बदल गए हैं। चुनाव परिणामों पर प्रतिक्रिया देते हुए देहरा की विधायक कमलेश ठाकुर ने जनता का आभार जताया। उन्होंने कहा कि जनता ने सरकार की नीतियों और क्षेत्र में हुए विकास कार्यों पर भरोसा जताते हुए कांग्रेस को समर्थन दिया है। कमलेश ठाकुर ने कहा कि देहरा में विकास कार्य आगे भी निरंतर जारी रहेंगे और जनता की उम्मीदों पर खरा उतरने का प्रयास किया जाएगा। परिणाम घोषित होने के बाद विजयी उम्मीदवारों और समर्थकों में खुशी का माहौल देखने को मिला। अब क्षेत्र की जनता को नवनिर्वाचित प्रतिनिधियों से विकास कार्यों को लेकर नई उम्मीदें हैं।

