Mandi: राज्यपाल ने किया आयुष्मान आरोग्य शिविर का शुभारंभ, बोले-जनसहभागिता से ही जीतेंगे टीबी के खिलाफ जंग
punjabkesari.in Tuesday, Apr 07, 2026 - 07:30 PM (IST)
सुंदरनगर (सोढी): विश्व स्वास्थ्य दिवस के अवसर पर सुंदरनगर स्थित दिव्य मानव ज्योति सेवा ट्रस्ट डैहर में आयुष्मान आरोग्य शिविर का शुभारंभ मंगलवार को राज्यपाल कविन्द्र गुप्ता ने किया। राज्यपाल ने कहा कि राज्य सरकार प्रधानमंत्री नरेंद्र मोदी के स्वस्थ भारत की परिकल्पना के अनुरूप सभी नागरिकों को गुणवत्तापूर्ण, सुलभ और समान स्वास्थ्य सेवाएं प्रदान करने के लिए प्रतिबद्ध है तथा जनसहभागिता से ही टीबी के खिलाफ जंग जीती जा सकती है। उन्होंने जनप्रतिनिधियों, पंचायतों, युवाओं, स्वयं सहायता समूहों और आशा कार्यकर्त्ताओं से सक्रिय भूमिका निभाने का आह्वान किया।

टीबी मरीजों को बांटीं पोषण किट, टीबी चैंपियन्स किए सम्मानित
इससे पूर्व राज्यपाल ने आयुष्मान आरोग्य शिविर का निरीक्षण कर स्वास्थ्य सुविधाओं का जायजा लिया तथा टीबी मुक्त भारत अभियान के दूसरे चरण का लोगो जारी किया। इसके बाद उन्होंने टीबी मरीजों को पोषण किट वितरित की, टीबी चैंपियन्स को सम्मानित किया तथा उपस्थित लोगों को टीबी मुक्त भारत की शपथ दिलाई। इस अवसर पर विश्व स्वास्थ्य संगठन के राज्य सलाहकार डॉ. निशांत, डीसी अपूर्व देवगन, पूर्व सीपीएस सोहन लाल ठाकुर, दिव्य मानव ज्योति सेवा ट्रस्ट के अध्यक्ष सत्य प्रकाश शर्मा, मुख्य चिकित्सा अधिकारी डॉ. दिनेश ठाकुर व बीएमओ लाल सिंह सहित जिला प्रशासन के अधिकारी एवं गण्यमान्य उपस्थित रहे।
प्रदेश में टीबी के मामलों में आई कमी
राज्यपाल ने बताया कि हिमाचल प्रदेश में क्षय रोग (टीबी) के मामलों में कमी आई है। वर्ष 2022 में 15,760 मामलों के मुकाबले 2025 में यह संख्या घटकर 14,653 रह गई है। लगभग 1.49 लाख उच्च जोखिम वाले व्यक्तियों की स्क्रीनिंग की जा चुकी है, जिनमें से 46 प्रतिशत की जांच एक्स-रे के माध्यम से की गई है, जो राष्ट्रीय औसत से बेहतर है। राज्यपाल ने बताया कि टीबी मुक्त ग्राम पंचायत पहल के तहत राज्य में लगातार प्रगति दर्ज की गई है। वर्ष 2023 में 731, 2024 में 823 और 2025 में 1,052 पंचायतें टीबी मुक्त घोषित की जा चुकी हैं। राज्यपाल ने सरदार पटेल विश्वविद्यालय मंडी द्वारा कोटली मेडिकल ब्लॉक के 75 टीबी मरीजों को गोद लेने की पहल को सराहनीय बताया। उन्होंने कहा कि यह सामाजिक उत्तरदायित्व का उत्कृष्ट उदाहरण है।

