Kangra News: 3 साल लिव-इन में रहे...फिर प्रेमी ने किया ब्लॉक, आहत युवती ने उठाया खौफनाक कदम

punjabkesari.in Wednesday, Jun 10, 2026 - 12:10 PM (IST)

पंचरुखी/कांगड़ा (तिलक): कांगड़ा जिले के पंचरुखी थाना क्षेत्र के तहत एक युवती ने कथित तौर पर शादी का वायदा टूटने से आहत होकर अपनी जीवन लीला समाप्त करने की खौफनाक कोशिश की। 3 साल तक लिव-इन रिलेशनशिप में रहने के बाद जब प्रेमी ने अचानक मुंह मोड़ लिया और फोन पर ब्लॉक कर दिया, तो युवती यह सदमा बर्दाश्त नहीं कर पाई और उसने घर में रखा जहरीला पदार्थ (फिनाइल) पी लिया। फिलहाल, युवती पालमपुर अस्पताल में भर्ती है और पुलिस ने मामले की गहन जांच शुरू कर दी है।

पुलिस को दिए गए बयान में पीड़िता रेखा देवी पुत्री प्रेम चंद, निवासी गांव जजरोटा, बनूरी ने बताया कि वह मोहाली (पंजाब) की एक निजी कंपनी में नौकरी करती थी। वहीं उसकी मुलाकात अमन कुमार पुत्र किशोरी लाल, निवासी गांव मिरगन व्याडा से हुई, जो मोहाली में ही प्राइवेट जॉब करता है। दोनों के बीच नजदीकियां बढ़ीं और वे पिछले करीब तीन साल से आपसी सहमति से लिव-इन रिलेशनशिप में रह रहे थे। रेखा के मुताबिक अमन ने उससे शादी करने का पक्का वायदा किया था। हाल ही में रेखा अपनी नौकरी छोड़कर वापस अपने घर (बनूरी) लौट आई थी।

रेखा ने आरोप लगाया है कि पिछले 3-4 दिनों से अमन का व्यवहार अचानक बदल गया। उसने न केवल रेखा से बातचीत करना बंद कर दिया, बल्कि उसका मोबाइल नंबर भी ब्लॉक कर दिया। शादी का सपना टूटने और प्रेमी की इस बेरुखी ने रेखा को गहरे मानसिक तनाव और डिप्रेशन में धकेल दिया। लगातार मानसिक परेशानी झेल रही रेखा ने इसी तनाव के चलते अपने घर में रखी फिनाइल पी ली। जहरीला पदार्थ पीने के बाद जैसे ही उसकी तबीयत बिगड़ने लगी तो घर में हड़कंप मच गया। उसकी गंभीर हालत को देखते हुए माता पवना देवी और बहन विन्ता देवी ने बिना समय गंवाए उसे तुरंत पालमपुर अस्पताल पहुंचाया।

पालमपुर अस्पताल में चिकित्सकों की कड़ी निगरानी में रेखा का इलाज चल रहा है। घटना की सूचना मिलते ही पुलिस ने अस्पताल पहुंचकर रेखा के बयान दर्ज कर लिए हैं। युवती ने साफतौर पर शादी का वायदा तोड़ने और मानसिक प्रताड़ना को इस कदम की वजह बताया है। पुलिस ने मामले की तफ्तीश शुरू कर दी है और आरोपी प्रेमी की भूमिका की जांच की जा रही है।

हिमाचल प्रदेश से जुड़ी खबरें पढ़ने के लिए हमारे WhatsApp group को Join करें


सबसे ज्यादा पढ़े गए

Content Writer

Vijay

Related News