Bilaspur: घर के बाहर खड़ी बाइक पर किया हाथ साफ...चंडीगढ़ से 2 शातिर गिरफ्तार, जानें कौन हैं आरोपी

punjabkesari.in Wednesday, Sep 02, 2026 - 02:49 PM (IST)

घुमारवीं (जम्वाल): घुमारवीं पुलिस ने मोटरसाइकिल चोरी के एक मामले को सुलझाने में सफलता हासिल की है। पुलिस टीम ने तकनीकी साक्ष्यों और सीसीटीवी फुटेज के आधार पर कार्रवाई करते हुए चंडीगढ़ के बलौंगी में दबिश देकर 2 आरोपियों को गिरफ्तार किया है। पुलिस ने आरोपियों के कब्जे से चुराई गई मोटरसाइकिल भी बरामद कर ली है।

जानकारी के अनुसार 22 अगस्त को एक स्थानीय युवक ने थाना घुमारवीं में मोटरसाइकिल चोरी की शिकायत दर्ज करवाई थी। शिकायतकर्ता ने बताया था कि उसने सुबह अपनी बाइक मकान के बाहर खड़ी की थी, लेकिन शाम करीब 7:30 बजे जब वह बाहर आया तो मोटरसाइकिल वहां से गायब थी। आसपास तलाश करने पर भी जब कोई सुराग नहीं मिला, तो उसने पुलिस में अज्ञात लोगों के खिलाफ मामला दर्ज करवाया। मामला दर्ज होते ही घुमारवीं पुलिस ने सघन जांच शुरू कर दी। पुलिस टीम ने घटनास्थल और आसपास के मार्गों पर लगे सीसीटीवी कैमरों की फुटेज खंगाली। इसके साथ ही तकनीकी साक्ष्यों (साइबर सेल की मदद) को आधार बनाकर संदिग्धों की गतिविधियों को ट्रैक किया गया।

जांच में मिले पुख्ता सुरागों के आधार पर घुमारवीं पुलिस की एक टीम ने 1 सितंबर को चंडीगढ़ के बलौंगी में रेड की और दोनों आरोपियों को धर दबोचा। गिरफ्तार आरोपियों की पहचान अमन शर्मा (20) पुत्र बाबू राम निवासी गांव भराड़ी, घुमारवीं (बिलासपुर) और सुखजिंदर सिंह (34) पुत्र हरजिंदर सिंह निवासी गांव खराल खुर्द, दसूहा (होशियारपुर, पंजाब) के रूप में हुई है।

एसपी बिलासपुर अभिषेक धीमान ने मामले की पुष्टि करते हुए बताया कि पुलिस ने दोनों आरोपियों को गिरफ्तार कर चोरी की बाइक बरामद कर ली है। फिलहाल पुलिस दोनों से गहनता से पूछताछ कर रही है। यह पता लगाने का प्रयास किया जा रहा है कि क्या ये आरोपी वाहन चोरी के किसी अन्य अंतर्राज्यीय गिरोह से जुड़े हैं या पहले भी ऐसी वारदातों को अंजाम दे चुके हैं।

हिमाचल प्रदेश से जुड़ी खबरें पढ़ने के लिए हमारे WhatsApp group को Join करें 


सबसे ज्यादा पढ़े गए

Content Writer

Vijay

Related News