Bilaspur: सोशल मीडिया पर Reel देखकर ठगी का शिकार हुआ शख्स, ₹96 लाख के लालच में गंवाए पैसे

punjabkesari.in Sunday, Nov 01, 2026 - 11:45 AM (IST)

भराड़ी (राकेश): बिलासपुर जिले उपमंडल घुमारवीं के अंतर्गत आने वाले दधोल निवासी एक व्यक्ति पुराने नोटों और सिक्कों की अच्छी कीमत मिलने के झांसे में आकर ठगी का शिकार हो गए हैं। ठगों ने सोशल मीडिया पर पुराने नोटों और सिक्कों के बदले लाखों रुपए देने का लालच देकर व्यक्ति से पैसे ऐंठ लिए। पीड़ित ने इस पूरे मामले की शिकायत साइबर क्राइम में दर्ज करवाई है।

पीड़ित से मिली जानकारी के अनुसार, वह सोशल मीडिया पर एक रील देख रहे थे जिसमें पुराने नोटों और सिक्कों की खरीद-फरोख्त के बारे में जानकारी दी जा रही थी। पीड़ित के पास भी कुछ पुराने नोट और सिक्के मौजूद थे, इसलिए उन्होंने रील में दिए गए नंबर पर संपर्क किया। बातचीत के दौरान पीड़ित को बताया गया कि उनके नोटों और सिक्कों की कीमत 96 लाख रुपए है। इसके बाद आरोपियों ने व्यक्ति से एक खाते में 320 रुपए जमा करवाने को कहा।

320 रुपए की रकम जमा करवाने के बाद पीड़ित को 96 लाख रुपए नकद की एक तस्वीर भेजी गई और बताया गया कि यह राशि उन्हें भेजी जा रही है। इसके कुछ समय बाद आरोपियों ने कहा कि रकम पहुंचाने के लिए हवाई जहाज से आना-जाना होगा, जिसके लिए 7,250 रुपए जमा करवाने होंगे। व्यक्ति ने नजदीक के एक लोकमित्र केंद्र से दो किस्तों में यह राशि भी जमा करवा दी।

राशि जमा होने के बाद आरोपियों ने पीड़ित से दोबारा संपर्क किया और बताया कि फाइल गलत बन गई है, जिसके चलते उन्हें फिर से पैसे जमा करवाने होंगे। इस पर व्यक्ति को अपने साथ ठगी होने का शक हुआ और उन्होंने आगे पैसे जमा करवाने से इन्कार कर दिया। इसके बाद पीड़ित ने मामले की शिकायत साइबर क्राइम में दर्ज करवाई है।

हिमाचल प्रदेश से जुड़ी खबरें पढ़ने के लिए हमारे WhatsApp group को Join करें 


सबसे ज्यादा पढ़े गए

Content Writer

Vijay

Related News