Bilaspur News: सीनियर सिटीजन क्रैडिट कार्ड के नाम पर बड़ी ठगी, ‌‌शातिरों ने खाते से उड़ाए ₹15.90 लाख

punjabkesari.in Wednesday, Jul 29, 2026 - 12:47 PM (IST)

घुमारवीं (जम्वाल): बिलासपुर जिला के घुमारवीं उपमंडल में साइबर ठगी का एक बड़ा मामला सामने आया है। यहां शातिर ठगों ने पंजाब नैशनल बैंक का अधिकारी बनकर एक व्यक्ति को वरिष्ठ नागरिक क्रैडिट कार्ड बनाने का झांसा दिया और उसके बैंक खाते से 15 लाख 90 हजार रुपए की रकम उड़ा ली। पुलिस ने शिकायत के आधार पर मामला दर्ज कर जांच शुरू कर दी है।

पुलिस को दी गई शिकायत में घुमारवीं उपमंडल के बड्डू गांव निवासी दिलवान सिंह ने बताया कि उसे व्हाट्सएप पर एक अनजान नंबर से कॉल आई थी। कॉल करने वाले ने खुद को पंजाब नैशनल बैंक का प्रतिनिधि बताया। शातिर ने बड़ी ही चालाकी से बात करते हुए उसे वरिष्ठ नागरिक क्रैडिट कार्ड बनवाने का प्रलोभन दिया। शातिर के झांसे में आने बाद उससे बैंक खाते से जुड़ी अहम जानकारियां और अन्य गोपनीय दस्तावेज सांझा करवा लिए गए। इसके बाद शातिरों ने उसके मोबाइल पर एक लिंक भेजा और उस लिंक के माध्यम से एक मोबाइल एप्लिकेशन डाऊनलोड करने को कहा।

एप डाऊनलोड करने के बाद खाते से निकले 15.90 लाख रुपए 
शिकायतकर्ता दिलवान सिंह के अनुसार एप डाऊनलोड करने के बाद 2 जुलाई को उसके बैंक खाते से कुल 15.90 लाख रुपए निकाल लिए गए। जब उसे अपने बैंक खाते से इतनी बड़ी रकम निकलने का पता चला तो उसे अपने साथ हुई इस धोखाधड़ी का अहसास हुआ। ठगी का शिकार होने के बाद पीड़ित ने तुरंत थाना घुमारवीं पुलिस से संपर्क किया और अपनी शिकायत दर्ज करवाई। पुलिस ने शिकायत के आधार पर साइबर धोखाधड़ी का मामला दर्ज कर लिया है और तकनीकी सबूतों के आधार पर ठगों की तलाश शुरू कर दी है। बिलासपुर के एसपी अभिषेक धीमान ने मामले की पुष्टि करते हुए बताया कि पुलिस द्वारा इस मामले की गहनता से तफ्तीश की जा रही है।

हिमाचल प्रदेश से जुड़ी खबरें पढ़ने के लिए हमारे WhatsApp group को Join करें


सबसे ज्यादा पढ़े गए

Content Writer

Vijay

Related News